×

Corona Update: कोरोना अब अंतिम दौर मेंः 10 से 12 दिन बाद कम होने लगेंगे केस, 24 घंटे में 7830 नए मामले

Corona Update: इस समय भले ही मामले बढ़ रहे हैं लेकिन अस्पताल में एडमिट मरीजों की संख्या कम है, आगे भी ऐसा ही होने की उम्मीद है।

Ashish Pandey
Published on: 12 April 2023 9:59 PM GMT
Corona Update: कोरोना अब अंतिम दौर मेंः 10 से 12 दिन बाद कम होने लगेंगे केस, 24 घंटे में 7830 नए मामले
X
coronavirus cases update (Photo-Social Media)

Corona Update: एक ओर देश में जहां कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं तो वहीं कहा जा रहा है कि भारत में कोरोना अब अंतिम दौर में है। अगले 10 से 12 दिनों तक अभी कोरोना के और मामले बढ़ेंगे फिर उसके बाद कम होने लगेंगे। इस समय भले ही मामले बढ़ रहे हैं लेकिन अस्पताल में एडमिट मरीजों की संख्या कम है, आगे भी ऐसा ही होने की उम्मीद है।

एक जानकारी एक न्यूज एजेंसी के आधिकारिक सूत्रों से बुधवार को मिली है। इसके मुताबिक कोविड मामलों में अभी जो वृद्धि हो रही है वह XBB.1.16 के कारण हो रही है, जो ओमिक्रॉन का सब वेरिएंट है। इस साल फरवरी में XBB.1.16 के केस 21.6 पर्सेंट थे जो अब मार्च में बढ़कर 35.8 पर्सेंट हो गए हैं।

सात महीने बाद नए केस साढ़े सात हजार के पार-

वहीं, हेल्थ डिपार्टमेंट के आंकड़ों के मुताबिक देश में 24 घंटे में कोरोना के 7,830 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 14 लोगों की जान भी गई। 7 महीने बाद नए केस साढ़े 7 हजार से ज्यादा आए हैं। 31 अगस्त को 7,946 केस मिले थे। इसके साथ ही देश में एक्टिव केस 40, 215 हो गए हैं। इससे पहले 23 सितंबर को 41,818 लोगों का इलाज चल रहा था। एक ही दिन में कोरोना के नए मामलों में 2,154 की बढ़ोतरी हुई है। मंगलवार को देश में 5,676 मामले सामने आए थे।

लखनऊ में स्कूल, दफ्तर, रेलवे स्टेशन पर मास्क अनिवार्य-

उत्तर प्रदेश में भी कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। राजधानी में 7 महीने बाद बुधवार को एक दिन में 97 पॉजिटिव केस मिले हैं। इसके बाद प्रशासन ने नई कोरोना गाइडलाइन जारी कर दी। इसमें स्कूल, दफ्तर, अस्पताल, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट और पब्लिक प्लेस पर मास्क को अनिवार्य कर दिया गया है।

यूपी में 24 घंटे में 446 नए मरीज-

यूपी में बुधवार को 24 घंटे में 446 नए मरीज सामने आए। वहीं, 149 ठीक हुए हैं। इसके साथ ही एक्टिव केस की संख्या 1791 पहुंच गई। पॉजिटिविटी रेट 1.63 प्रतिशत है। सबसे ज्यादा मरीज लखनऊ में हैं। सितंबर-2022 के बाद राजधानी में 97 केस सामने आए हैं।

प्रदेश में बढ़ते कोरोना के चलते सीएम योगी ने लोक भवन में सीनियर अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने मंगलवार को कोरोना को लेकर हुई मॉक ड्रिल की समीक्षा की। अफसरों को किसी भी हालात से निपटने के लिए तैयारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

टॉप-5 राज्यों में 61 प्रतिशत से ज्यादा नए मामले, केरल सबसे आगे-

देश में मंगलवार को 7,830 नए कोरोना मरीज मिले। इनमें से 4,800 मामले केवल 5 राज्यों में मिले थे। ये कुल आंकड़ों का 61.3 प्रतिशत है।

केरल- यहां 1886 नए मामले मिले, 1,120 लोग ठीक हुए, जबकि 4 लोगों की मौत हो गई। यहां 14,506 एक्टिव केस हैं। यहां बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों के लिए मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया गया है।
दिल्ली- यहां बीते दिन 980 नए मामले सामने आए और 2 लोगों की मौत हुई, जबकि 440 लोग ठीक हुए। एक्टिव मामले 2,876 हो गए हैं। यहां पॉजिटिविटी रेट 25.98 प्रतिशत है।

महाराष्ट्र- मंगलवार को यहां 919 नए केस मिले, 208 लोग ठीक हुए और 1 व्यक्ति की मौत हुई। सोमवार को यहां 328 नए केस मिले थे। यहां पॉजिटिविटी रेट 7.16 प्रतिशत है और 4875 एक्टिव मामले हैं।
हरियाणा- यहां मंगलवार को 595 नए केस सामने आए और 373 लोग ठीक हुए, जबकि 1 व्यक्ति की मौत हो गई। फिलहाल राज्य में 2149 एक्टिव केस हैं। यहां पॉजिटिविटी रेट 7.95 प्रतिशत हो गया है। यहां भी मास्क अनिवार्य कर दिया गया है।
हिमाचल प्रदेश- यहां बीते दिन 420 नए केस मिले और 317 लोग ठीक हुए। फिलहाल राज्य में 1863 एक्टिव केस हैं। यहां पॉजिटिविटी रेट 6.88 प्रतिशत है।

बाकी राज्यों का हाल...

यूपी में 24 घंटे में 446 नए सवंमित-

यूपी में लगातार कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। 24 घंटे में 446 नए संक्रमित मरीज सामने आए हैं। इसी के साथ एक्टिव केस की संख्या 1791 तक पहुंच गई हैं। सबसे ज्यादा लखनऊ में 97 नए मरीज मिले हैं। इसके बाद गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद में सर्वाधिक संक्रमित हैं।

बिहार में 24 घंटे में 52 पॉजिटिव केस-

बिहार के 24 जिलों में कोरोना फैल चुका है। पहली बार कोरोना का आंकड़ा 50 के पार कर चुका है। मंगलवार को बिहार में कोरोना के 52 नए संक्रमित मिले है। इसमें 29 मरीज पटना के हैं। एक्टिव मरीजों का आंकड़ा भी 200 के पार पहुंच चुका है।

छत्तीसगढ़ में 264 नए मरीज-

छत्तीसगढ़ में बीते 24 घंटे के भीतर इस साल संक्रमण का सबसे बड़ा आंकड़ा सामने आया है। प्रदेश भर में 264 मरीज मिले हैं और एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 727 हो गई है और औसत पॉजिटिविटी दर 6.35 प्रतिशत पहुंच गई है।

पंजाब में 2 की मौत, 187 नए पॉजिटिव केस-

पंजाब में कोरोना के चलते लुधियाना और होशियारपुर के रहने वाले दो लोगों की मौत हो गई। वहीं पिछले 24 घंटे में 187 नए पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इन्हीं मामलों के साथ राज्य में एक्टिव मामलों का आंकड़ा भी उछाल के साथ 786 पर जा पहुंचा है।

झारखंड में 24 घंटे में 29 नये मामले-

झारखंड में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 99 तक पहुंच गई है। झारखंड में बढ़ते संक्रमण के मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने भी अलर्ट जारी किया है और सतर्क रहने की अपील की है। देशभर के कई राज्यों में एक बार फिर संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। देश में कोरोना के मामले भले ही अभी बढ़ रहे हैं, लेकिन कहा जा रहा है कि दस से बारह दिन बाद कोरोना के मामले घटने लगेंगे।

Ashish Pandey

Ashish Pandey

Next Story