Jhansi News: दिनोंदिन बिगड़ते जा रहे हैं झाँसी के हालात

Jhansi News: कहीं डकैती तो कहीं पर हत्या, फाँसी लगाकर लोग अपनी जान गंवाने पर है मजबूर, दबंगों से दुखी दलित युवक ने फाँसी लगाकर दे दी जान

B.K Kushwaha
Published on: 10 March 2023 1:39 PM GMT
Noida Murder Female Lawyer
X

Noida Murder Female Lawyer

Jhansi News: अब झाँसी के हालात दिनों दिन बिगड़ते नजर आ रहे हैं। कहीं डकैती पड़ रही है तो कहीं मर्डर हो रहा हैं। यही नहीं, फाँसी लगाकर लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। इसके अलावा योगी राज में लोग दबंगों से परेशान होकर अपनी जान गंवा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला प्रेमनगर थाना क्षेत्र के हंसारी में हुआ है। दबंगों ने जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया है। इसी से दुखी होकर एक युवक ने फाँसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

प्रेमनगर थाना क्षेत्र के हंसारी स्थित आजाद नगर में उमेश कुमार अहिरवार परिवार समेत रहता है। परिजनों के मुताबिक उमेश की पत्नी अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने गई थी। बच्चों को छोड़कर पत्नी जब घर लौटी तो उसने उमेश को कमरे में फांसी पर लटकते देखा। यह देख उसके होश उड़ गए, उसने शोर मचाया। शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्यों ने उसे फांसी से उतारा। इसके बाद मेडिकल कालेज ले गए। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।

परिजनों ने आरोप लगाते हुए बताया कि उमेश के पास पुस्तैनी जमीन है। जिस पर कुछ लोग जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। कुछ वर्ष पहले उमेश ने उसी जमीन से एक प्लॉट सेना के जवान को बेच दिया। अब वह उस प्लॉट पर मकान बना रहा है तो जमीन पर कब्जा करने वाले उसे रोक रहे। जिस पर सेना के जवान ने उससे अपने रुपए वापस मांगे। इसी कारण वह परेशान रहने लगा और उसने यह कदम उठा लिया। इस मामले की पुलिस ने जांच शुरु कर दी है।

चर्चित मेहर सागर कांड के आरोपी की जेल में बिगडी हालत, हुई मौत

जेल में आजीवान कारावास की सजा काट रहे बरुआसागर के चर्चित मेहर सागर कांड के आरोपी अचानक तबीयत बिगड़ गई। उसे उपचार के लिए मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। जहां उसकी मौत हो गई।

बरुआसागर के चर्चित मेहर सागर कांड के 65 वर्षीय आरोपी मोहनलाल बिरथरे को आजीवन सजा हुई थी। वह जिला कारागार में सजा काट रहा था। बताया जा रहा है कि रात्रि में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। जेल प्रशासन ने आनन-फानन में उसे उपचार के लिए मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। जहां उसकी मौत हो कगई। पुलिस ने शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।

दो बाइकों की टक्कर, घायल युवक ने तोड़ा दम

बहन के घर से वापस अपने घर लौट रहे बाइक सवार पीछे से दूसरी बाइक ने टक्कर मार दी। जिससे वह घायल हो गया। घायलावस्था में उसे मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। जहां उसकी मौत हो गई।

ललितपुरके जखौरा थाना क्षेत्र के रायपुर में रहने वाला बलवीर अपनी बहन के घर बाइक से तालबेहट गया हुआ था। जहां से वह वापस लौटकर अपने घर आ रहा था। इसी दौरान रास्ते में पीछे से आ रही दूसरी बाइक ने उसे टक्कर मार दी। जिससे वह घायल हो गया। परिजनों ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से हालत गम्भीर होने पर उसे मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। मेडिकल कालेज पहुंचने पर उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।

तीन लोगों की अकाल मौत

अलग- अलग स्थानों पर तीन लोगों की अकाल मौत हो गई। सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। महाराष्ट्र के सोमली निवासी जाधव गणेश उत्तम सेना में पदस्थ है। अचानक हृदय गति रुकने से उसकी मौत हो गई। सूचना सदर बाजार पुलिस को दी गई। वहीं, मथुरा निवासी ताहिर की सड़क हादसे में मौत हो गई। इसके अलावा बरुआसागर में रहने वाले रामकुमार की संदिग्ध अवस्था में मौत हुई है। सूचना पर गई पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।

इनका कत्ल, इनके यहां पड़ी डकैती

सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के बौद्ध नगर में रहने वाले मातादीन अहिरवार के पुत्र शीलू की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। इस घटना को लेकर मोहल्ले में तनाव का माहौल बना हुआ है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को पूछताछ हेतु हिरासत में ले लिया है। वहीं, नकाबपोश बदमाशों ने टोड़ीफतेहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ढुरवई में रहने वाले किसान श्रवण कुमार बाजपेयी के यहां डाका डाला है। दंपति को बंधक बनाकर 60 लाख का माल ले गए है। इसकी सूचना पुलिस को दी गई मगर अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। उधर,मोंठ थाना क्षेत्र के ग्राम पावई निवासी जितेंद्र अहिरवार के पुत्र आशीष अहिरवार ने फाँसी लगाकर जान दे दी है।

बेटे को ढाल बनाकर देवर ने भाभी से किया दुष्कर्म, पीड़िता ने पुलिस से लगाई गुहार

कहते है कि देवर और भाभी का रिश्ता मां-बेटे और भाई बहन जैसा होता है। लेकिन इसी रिश्ते को तार-तार कर एक युवक ने बेटे को ढाल बनाकर अपनी भाभी से दुष्कर्म किया। जिसकी शिकायत लेकर पीड़िता पुलिस के पास पहुंची और न्याय की गुहार लगाई।

मऊरानीपुर थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने पुलिस को लिखित शिकायती पत्र देते हुए बताया कि 1 वर्ष पहले उसके पति का देहांत हो गया था। आरोप है कि पति की मौत के बाद उसका देवर उस पर गलत नीयत रखने लगा। जब इसका विरोध किया तो उसे जान से मारने की धमकी दी जाने लगी। इतना ही नहीं उसके बेटे को ढाल बनाकर उसके साथ दुष्कर्म करने लगा। जब पीड़िता ने इसकी सूचना अपने परिजनों को दी तो परिजनों के साथ उसके बेटे और उसे जान से मारने की धमकी दी जाने लगी। पीड़िता ने बताया है कि जब घटना की सूचना उसने अपने ससुराली जनों से दी तो उल्टा उसे ही जान से मारने की धमकी दी गई। वहीं पीड़िता ने बताया कि उसके बड़े बेटे को उक्त लोग अपने कब्जे में किए हुए हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। शिकायती पत्र के माध्यम से उसने न्याय की मांग की है।

आखिर क्यों इन्हीं थानेदारों पर क्यों मेहमान है पुलिस अफसर

टोड़ीफतेहपुर थाना क्षेत्र में पड़ी डकैती को लेकर तमाम तरह के चर्चाएं जोरों पर है। इतनी बड़ी डकैती पड़ने के बाद थानेदार के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की गई है। इससे स्पष्ट है कि कोई बड़ी वारदात भी हो जाए तो अफसर ऐसे ही थानेदारों पर मेहमान रहते हैं। बताते हैं कि जब दिनेश कुमार त्रिपाठी मसीहागंज चौकी प्रभारी थे, तभी इटारसी की पुलिस एक मामले में आकाश तिवारी को गिरफ्तार कर ले गई थी। आकाश तिवारी पर चर्च और मजार में आगजनी वाले आरोपियों को पनाह देने का आरोप था। हालांकि इस मामले में चौकी प्रभारी की जगह इंस्पेक्टर जे पी पाल को हटा दिया था। इसके अलावा मऊरानीपुर क्षेत्र में भी कई बड़ी वारदातें हो चुकी हैं। इसके बावजूद इंस्पेक्टरों पर गाज नहीं गिरी है।

Anant kumar shukla

Anant kumar shukla

Content Writer

अनंत कुमार शुक्ल - मूल रूप से जौनपुर से हूं। लेकिन विगत 20 सालों से लखनऊ में रह रहा हूं। BBAU से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन (MJMC) की पढ़ाई। UNI (यूनिवार्ता) से शुरू हुआ सफर शुरू हुआ। राजनीति, शिक्षा, हेल्थ व समसामयिक घटनाओं से संबंधित ख़बरों में बेहद रुचि। लखनऊ में न्यूज़ एजेंसी, टीवी और पोर्टल में रिपोर्टिंग और डेस्क अनुभव है। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म पर काम किया। रिपोर्टिंग और नई चीजों को जानना और उजागर करने का शौक।

Next Story