×

Deoria Murder: देवरिया हत्याकांड पर एक्शन जारी, अब तक 16 आरोपी अरेस्ट, दोनों पक्ष ने दर्ज कराया FIR...अब तक की सभी अपडेट्स

Deoria Murder News: देवरिया में हुई 6 लोगों की हत्या मामले में पुलिस ने दोनों ही पक्षों की FIR दर्ज कर ली है। अभी तक 16 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। सरकार और प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।

aman
Report aman
Published on: 4 Oct 2023 1:30 AM GMT (Updated on: 4 Oct 2023 1:39 AM GMT)
Deoria Murder Case
X

देवरिया हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपी (Social Media) 

Deoria Murder News: यूपी देवरिया जिले के रुद्रपुर में हुई 6 लोगों की हत्या से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। एक ही परिवार के 5 लोगों की हत्या से जुड़ी इस वारदात के सिलसिले में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर केस दर्ज कराया गया है। अब तक इस मामले में 16 लोगों की गिरफ़्तारी हो चुकी। है वहीं, प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने अस्पताल पहुंच घायल बच्चे का हालचाल जाना।

गौरतलब है कि, देवरिया के रुद्रपुर थाना (Rudrapur Police Station) क्षेत्र के फतेहपुर गांव के लेहड़ा टोले में पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रेमचंद यादव (Premchand Yadav) की सोमवार को उनके प्रतिद्वंद्वी सत्य प्रकाश दुबे (Sathya Prakash Dubey) और उनके परिवार ने कथित तौर पर हत्या किए जाने के बाद प्रेमचंद समर्थकों ने दुबे और उनके परिवार पर हमला बोल दिया था। इस पलटवार में उनकी पत्नी और 3 बच्चों सहित उनके परिवार के 5 लोगों की हत्या कर दी गयी थी

हत्याकांड में अब तक 16 आरोपी अरेस्ट

इस पूरे मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मुकदमा दर्ज कराया है। अब तक 16 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। स्थानीय पुलिस के अनुसार, पहले मुकदमे के तहत सत्य प्रकाश दुबे की बड़ी बेटी शोभिता द्विवेदी (Shobhita Dwivedi) की ओर से 27 नामजद तथा 50 अज्ञात सहित 77 लोगों के खिलाफ IPC की धारा- 302 (हत्या) और 307 (हत्या का प्रयास) के अलावा अन्य के तहत FIR दर्ज कराई गई है।

दूसरे पक्ष ने भी कराया FIR

वहीं दूसरी तरफ, प्रतिद्वंद्वी प्रेमचंद यादव (Premchand Yadav) के रिश्तेदार अनिरुद्ध यादव की ओर से दर्ज कराई गई FIR में सत्य प्रकाश दुबे, उनकी पत्नी और बच्चों सहित 5 मृतकों को नामजद किया गया है। देवरिया पुलिस ने कहा, इस मामले में IPC की धारा- 302 (हत्या), 147 (दंगा), 148 (सशस्त्र हथियारों के साथ दंगा), 149 (गैरकानूनी सभा) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है.

घायल 8 वर्षीय बच्चे से मिले CM योगी

इस वारदात में सत्य प्रकाश दुबे का 8 साल का बेटा अनमोल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज (Gorakhpur Medical College) रेफर किया गया है। यहां उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल हालत गंभीर बताई जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अस्पताल में उससे मुलाकात कर हालचाल लिया।

प्रेमचंद यादव के घर पर चल सकता है बुलडोजर

जिला प्रशासन के अधिकारी मंगलवार को घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने मृतक प्रेम यादव के घर की नाप-जोख की। अधिकारियों ने प्रेम यादव के जमीनों की भी जांच-पड़ताल की। जानकारी के अनुसार, मृतक प्रेम यादव का घर खलिहान की जमीन पर बना है। ऐसे में माना जा रहा है कि जल्द ही प्रेम यादव के घर पर बुलडोजर की कार्रवाई हो सकती है। जमीन की जांच-पड़ताल तथा घर की नपाई के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

...तो होगी कार्रवाई

पुलिस क्षेत्राधिकारी जिलाजीत सिंह (Jilajit Singh) ने बताया, 'सत्य प्रकाश दुबे और उनके परिवार के 4 सदस्यों का सोमवार शाम रामपुर कारखाना इलाके में पटनवा पुल के पास अंतिम संस्कार किया गया। वहीं, प्रेमचंद यादव की अंत्येष्टि सरयू नदी के पास की गई।' रुद्रपुर के उप जिलाधिकारी योगेश कुमार (Yogesh Kumar) ने बताया कि, ऐसी सूचना मिली है कि प्रेमचंद यादव ने सरकारी जमीन पर अपना घर बनाया है। यदि ये बात सच निकलती है तो उसे तोड़ा जा सकता है।'

क्या कहा DM ने?

देवरिया के जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह (Akhand Pratap Singh, DM) ने कहा, दो पक्ष के बीच विवाद के बाद ये घटना हुई। इस घटना के पीछे की मुख्य वजह गांव के दो परिवारों के बीच लंबे समय से चल रहा भूमि विवाद रहा है। दरअसल, सत्य प्रकाश दुबे के भाई साधु दुबे ने अपनी जमीन प्रेमचंद यादव को बेच दी थी। हालांकि, ये मामला 7 साल पहले सुलझ गया था।'

घटना के बाद विशेष पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) प्रशांत कुमार (Prashant Kumar) और प्रमुख सचिव (गृह) संजय प्रसाद (Sanjay Prasad) ने भी घटनास्थल का दौरा किया था।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story