×

Lucknow News: विधान परिषद में विपक्ष का हंगामा, उपमुख्यमंत्री से सपा सदस्यों की हुई नोक-झोक

Lucknow News: उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या व समाजवादी पार्टी के सदस्यों के बीच तीखी नोक-झोक हुई। नेता सदन ने कहा सरकार की सभी भर्तियां पारदर्शी तरीके से हो रही हैं। सपा की सरकार में भर्तियां कैसे होती थीं, यह किसी से छिपा नहीं है।

Network
Newstrack Network
Published on: 28 Feb 2023 3:11 PM GMT (Updated on: 28 Feb 2023 3:12 PM GMT)
Lucknow News
X

File Photo of Deputy CM Keshav Prasad Maurya (Pic: Social Media)

Lucknow News: विधान परिषद में मंगलवार को सरकार की विभिन्न भर्तियों में कथित घोटाले को लेकर नेता सदन और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या व समाजवादी पार्टी के सदस्यों के बीच तीखी नोक-झोक हुई। नेता सदन ने कहा सरकार की सभी भर्तियां पारदर्शी तरीके से हो रही हैं। सपा की सरकार में भर्तियां कैसे होती थीं, यह किसी से छिपा नहीं है। इस पर सपा सदस्य उत्तेजित हो गये और सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए वेल में आकर धरने पर बैठ गये। सभापति कुंवर मानवेन्द्र सिंह ने सदन को व्यवस्थित करने का काफी प्रयास किया लेकिन सपा सदस्य अपनी सीटों पर नहीं लौटे, ऐसे में सभापति ने कार्यवाही को 15 मिनट के स्थगित कर दिया। वहीं सपा सदस्यों ने किसानों की आय दोगुनी होने संबंधी सवाल पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही द्वारा दिये गये जवाब से असंतुष्ट होकर सदन से वाकआउट कर दिया।

सपा ने भर्तियों में लगाया धांधली का आरोप

शून्य काल में समाजवादी पार्टी के लाल बिहारी यादव, स्वामी प्रसाद मौर्य, नरेश चन्द्र उत्तम, डा0 मानसिंह यादव, आशुतोष सिन्हा, मुकुल यादव एवं शहनवाज खान ने शिक्षक, दरोगा, मेडिकल और आयुष विभाग में हुयी भर्तियों में घोटाले का आरोप लगाते हुए इनमें एससी, एसटी और ओबीसी के अभ्यर्थियों के आरक्षण को प्रभावति करने का मामला कार्य स्थगन के रूप में उठाया। नरेश चन्द्र उत्तम और स्वामी प्रसाद मौर्या ने कहा यह सरकार दलितो, पिछड़ों के हितों का सिर्फ ढ़िढोरा पीटती है, धरातल पर कुछ नहीं है। सरकार की भर्तियों में एक ही जाति विशेष के लोगों को प्राथमिकता मिल रही है। जो भी परीक्षा होती है, उसका पर्चा लीक हो जाता है।

लोक सेवा आयोग के इतिहास में एलटी ग्रेड की परीक्षा का एक पेपर भी लीक होकर घर-घर पहुंच गया। भाजपा, सरकार एजेन्सी के साथ मिलकर पेपर लीक करवा रही है। ऐसे में प्रतिभावान छात्र अपने साथ धोखा होने पर आत्महत्या कर रहे हैं। सपा सदस्यों ने भर्तियों में गड़बड़ियों के हाई कोर्ट के रिटायर्ड जज से जांच कराये जाने की मांग की। नेता सदन ने मोर्चा संभालते हुए कहा उनकी सरकार में सभी भर्तियां पारदर्शी तरीके से हो रही हैं और संविधान प्रदत्त हैं। भर्तियों में आरक्षण व्यवस्था का अक्षरशः पालन हो रहा है। गड़बड़ियों को हमेशा के लिए समाप्त किया जायेगा।

नेता सदन ने कहा समाजवादी पार्टी की सरकार में रिश्वत लेकर भर्तियां होती थीं और एक जाति विशेष के ही लोगों की भर्तियां होती थीं। नेता सदन के जवाब से सपा सदस्य उत्तेजित हो गये और नौकरियों में धांधली बन्द करो जैसे नारे लगाते हुए सदन के फर्श पर आ गये और धरने पर बैठ गये। सभापति ने कई बार अपनी सीट पर जाने को कहा मगर वे नहीं माने। ऐसे में सदन अव्यवस्थित होने के कारण सभापति ने कार्यवाही को एक बजे 15 मिनट के लिये स्थगित कर दी।

शून्य प्रहर में ही बसपा सदस्य भीमराव अम्बेडकर ने लखनऊ मेें शुद्ध पेय जल के संकट का मामला उठाया। उनका कहना था कि जलापूर्ति के मूल स्रोत के रूप में गोमती नदी का जल स्तर काफी नीचे जा रहा है। गोमती में नाले बह रहे हैं। यह चिन्ता का विषय है। आम जन को पीने का पर्याप्त पानी मिले इसके लिए गोमती नदी में पर्याप्त पानी की उपलब्धता होना जरूरी है। आज लखनऊ में जो चमक दिख रही है और सरकार जिसका प्रचार कर रही है उसमें अस्सी फीसद बसपा सरकार की देन है। इस पर नगर विकास मंत्री अरविन्द कुमार शर्मा ने कहा गोमती नदी का जल स्तर ठीक है, शहर शुद्ध पेयजल की आपूर्ति हो रही है। कहीं भी पानी का संकट नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने कहा सदन में आज बसपा सदस्य चिंता जता रहे हैं। उन्होंने अपनी सरकार के समय गोमती नदी को ठीक रखने का काम क्यों नहीं किया।

मंत्री एके शर्मा ने शिक्षक दल के ध्रुव कुमार त्रिपाठी द्वारा सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के अध्यापकों की स्थानान्तरण नीति संबंधी कार्य स्थगन प्रस्ताव पर कहा अध्यापकों के एक्चुअल और कम्प्यूटर में फीड किये गये डाटा में जो फर्क है उसका सत्यापन कार्य चल रहा है। सदस्य की चिन्ता जायज है कि आॅनलाइन स्थानान्तरण नीति की व्यवस्था में अध्यापक को अपने तबादले के लिए अधिकारियों के पास कई बार जाना पड़ रहा है। सरकार इस दिशा में कार्य कर रही है कि शिक्षकों को किसी भी प्रकार की दिक्कत ना हो। इसके साथ ही निर्दलीय समूह के राजबहादुर सिंह चन्देल, डा0 आकाश अग्रवाल नेे आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश के ग्राम्य विकास विभाग के मनरेगा योजना मेें सोशल आडिट टीमोें के गठन के लिए बार-बार आयु घटाने-बढ़ाने के शासनादेश से लगभग 40,000 युवाओं के बेरोजगार हो गये है। शून्य काल में उठे इस मुद्दे पर अरविन्द कुमार शर्मा ने कहा सोशल ऑडिट के तहत बनी नीति का पूर्णतयः पालन किया जा रहा है।

इसके पूर्व प्रश्न प्रहर में सपा सदस्य आशुतोष सिन्हा ने सरकार पर किसानों को उनकी आय दोगुनी करने का झूठा वायदा कर धोखा देने का आरोप लगाया। उन्होंने अपने प्रश्न के जरिये 2014 से अब तक ऐसे किसानों की संख्या मांगी जिनकी आय बढ़ी है। उनका कहना था कि केन्द्र सरकार और प्रदेश सरकार के किसानों के आय बढ़ने संबंधी आंकड़े में मात्र तीन रूपये का अंतर है। सपा सदस्य नरेश चन्द्र उत्तम ने कहा किसानों की उपज का खरीद मूल्य तो बताती है लेकिन लागत मूल्य नहीं बताती है। आज किसानों की लागत बढ़ी है लेकिन उस अनुपात में उसको फसल का मूल्य नहीं मिल रहा।

सरकार किसानों के प्रति है गंभीर - कृषि मंत्री

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा सरकार किसानों के प्रति गंभीर है। उनके हित के लिए कार्य कर रही है। वर्ष 2014-15 में धान का जो एमएसपी 1360 रूप्ये प्रति कुन्तल था वह 22-23 में बढ़कर 2040 हो गया। उसी तरह 2014-15 में गेंहूं का एमएसपी 1450 रूपये प्रति कुन्तल था जो 22-23 में 2125 रूप्ये कुन्तल था। इसी प्रकार अन्य फसलों के एमएसपी में भी वृद्धि की गयी है। सरकार सभी फसलों के उत्पादन लागत का डेढ गुना से अधिक एमएसपी भारत सरकार को प्रस्तावित करती है। प्रदेश में आज यूरिया का संकट नहीं है। राज्य में गन्ना किसान खुशहाल है। सरकार ने एक लाख 97 हजार करोड़ का भुगतान छह वर्ष में किया है। कृषि मंत्री के जबाव से असन्तुष्ट सपा के सदस्य नारेबाजी करते हुये सदन से वाक आउट कर गये।

सदन में आज सपा सदस्य मुकुल यादव ने अपनी सुरक्षा का मामला उठाते हुए एक और गनर की मांग की वहीं निर्दलीय समूह डा0 आकाश अग्रवाल ने आगरा जिले के ग्राम चैपाल बमरौली कटारा के एसडीएम द्वारा अपने साथ किये गये अपमानजनक व्यवहार का मामला विशेषाधिकार हनन के रूप में उठाया। उनका कहना था पीठ से लगातार निर्देश मिलने और सरकार के आदेशों के बावजूद अधिकारी बेलगाम हैं और वे सदस्यों का अपमान करने से नहीं चूक रहे। सभापति ने डा0आकाश के प्रकरण में सरकार को सबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया और कहा भविष्य मेें इसकी पुनरावृत्ति न हो। सदन में बजट चर्चा जारी है।

Durgesh Sharma

Durgesh Sharma

Next Story