×

Dev Deepawali 2022: काशी में भव्य देव दीपावली आज, शाम ढलते ही दीपों से जगमग होगी महादेव की नगरी

Dev Deepawali 2022: देव दीपावली के मौके पर सिर्फ गंगा घाटों पर ही नहीं बल्कि काशी के सभी घाटों,कुंडों और सरोवरों पर लाखों दीप जलाए जाएंगे।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 7 Nov 2022 9:15 AM GMT (Updated on: 7 Nov 2022 9:14 AM GMT)
Dev Deepawali 2022
X

काशी में भव्य देव दीपावली आज (photo: social media )

Dev Deepawali 2022: महादेव की नगरी काशी में आज देव दीपावली का पर्व भव्य तरीके से मनाने की तैयारियां पूरी हो गई हैं। देव दीपावली के मौके पर आज पूरी दुनिया भव्य और दिव्य काशी का नया स्वरूप देखेगी। शाम ढलते ही बाबा विश्वनाथ की नगरी दीपों के प्रकाश से नहा उठेगी। देव दीपावली पर्व को लेकर काशीवासियों में काफी उत्साह दिख रहा है और बाहर से भी काफी संख्या में लोग देव दीपावली के अद्भुत नजारे का आनंद उठाने के लिए काशी पहुंचे हैं।

देव दीपावली के मौके पर सिर्फ गंगा घाटों पर ही नहीं बल्कि काशी के सभी घाटों,कुंडों और सरोवरों पर लाखों दीप जलाए जाएंगे। काशी से जुड़े महान सपूतों को पहला दीप अर्पित करने के साथ देव दीपावली महोत्सव की शुरुआत होगी। देव दीपावली के मौके पर काशी विश्वनाथ धाम की भी 50 टन फूलों से फूलों से भव्य सजावट की गई है। धाम बनने के बाद पहली बार देव दीपावली मनाई जा रही है। दशाश्वमेध घाट पर मां गंगा की प्रतिमा का 108 किलो फूलों से श्रृंगार किया जाएगा। इस मौके पर मां गंगा की भव्य महाआरती का भी कार्यक्रम है।

लेजर शो के साथ जोरदार आतिशबाजी भी

देव दीपावली के पर्व को भव्य बनाने के लिए प्रशासन के साथ ही काशी के लोग भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इस बार काशी में 21 लाख दीप जलाने की तैयारी है। प्रशासन की ओर से 10 लाख दीप जलाने की व्यवस्था की गई है जबकि काशीवासियों की मदद से 11 लाख दीप जलाए जाएंगे। पंचगंगा घाट पर श्रीमठ से ऊपर स्थित हजारा (सहस्र दीप) की साफ सफाई का काम रविवार को पूरा हो गया।

महारानी अहिल्याबाई होल्कर ने यह हजारा अर्पित किया था। इस हजारे का पहला दीप जलाने के बाद ही घाटों पर दीपों की श्रृंखला प्रज्ज्वलित की जाती है। देव दीपावली के मौके पर चेत सिंह घाट पर लेजर शो का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही काशी विश्वनाथ धाम के दूसरी ओर रेती पर भव्य आतिशबाजी का भी कार्यक्रम होगा। इसके साथ ही वरुणा नदी के घाटों, सभी कुंडों और सरोवरों पर भी दीप जलाने की तैयारी है। जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी रविवार को देर रात तक देव दीपावली की तैयारियों को परखते रहे।

काशी के महान सपूतों को अर्पित होगा दीप

काशी में देव दीपावली का आयोजन पहले भी भव्य रूप से होता रहा है मगर इस इस बार इस आयोजन को अलग रूप देने की तैयारी है। केंद्रीय देव दीपावली आयोजन महासमिति से जुड़े लोगों का कहना है कि इस बार काशी से जुड़े महान सपूतों को पहला दीप अर्पित किया जाएगा। अस्सी घाट पर महामना पंडित मदन मोहन मालवीय, तुलसी घाट पर गोस्वामी तुलसीदास, सिंधिया घाट पर तैलंग स्वामी और स्वामी विवेकानंद और हरिश्चंद्र घाट पर डोम राजा के चित्र लगाए जाएंगे। इन महान विभूतियों के सामने देव दीपावली का पहला दीप अर्पित किया जाएगा और इसके बाद ही देव दीपावली महोत्सव की शुरुआत होगी।

इन महापुरुषों के अलावा साहित्यकार भारतेंदु हरिश्चंद्र, जयशंकर प्रसाद व मुंशी प्रेमचंद्र, भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खान, भारत रत्न पंडित रविशंकर, पद्मविभूषण पंडित किशन महाराज, पद्मविभूषण गिरजा देवी व पंडित राजन मिश्रा के चित्र भी लगाए जाएंगे। देव दीपावली के आयोजन के जरिए काशी से जुड़े इन महापुरुषों को याद किया जाएगा।

काशी विश्वनाथ धाम की भव्य सजावट

काशी विश्वनाथ धाम बनने के बाद पहली बार देव दीपावली मनाई जा रही है। इसलिए बाबा विश्वनाथ के धाम में भी भव्य सजावट की गई है गंगाद्वार से लेकर बाबा की चौखट तक 50 टन फूलों का भव्य श्रृंगार किया गया है। विशाखापत्तनम के एक व्यक्ति की ओर से सजावट की व्यवस्था की गई है।

देव दीपावली की पूर्व संध्या पर धाम में श्रद्धालुओं का रेला उमड़ पड़ा। मंगला आरती के साथ शुरू हुआ दर्शन-पूजन देर रात तक चलता रहा। मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार वर्मा का कहना है कि धाम के लोकार्पण के बाद इस साल पहली देव दीपावली है। इस कारण बाबा विश्वनाथ के धाम को भव्य रूप से सजाया गया है।

पर्यटन मंत्री होंगे आयोजन के मुख्य अतिथि

देव दीपावली के भव्य आयोजन में प्रदेश के पर्यटन व संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह मुख्य अतिथि होंगे। वे राजघाट पर होने वाले आयोजन में हिस्सा लेने के बाद क्रूज पर सवार होकर घाटों की दीपों से सजावट निहारेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ देव दीपावली की तैयारियों का जायजा लेने के लिए रविवार को काशी पहुंचे थे। देव दीपावली की तैयारियों की समीक्षा के दौरान उन्होंने पुलिस और प्रशासन को पूरी तरह मुस्तैद रहने का निर्देश दिया।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि देव दीपावली पर्व के दौरान काशी के लोगों और बाहर से आने वालों को किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार काशी की देव दीपावली अद्भुत, भव्य और नव्य होगी। उन्होंने नमो घाट से चेत सिंह घाट तक देव दीपावली की तैयारियों का जायजा लेने के साथ लेजर शो भी देखा।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story