×

एक घंटे में बेघर हो गए दर्जनों लोग, 5 झोपड़ियां राख, चीखें सुन कांपे लोग

By
Published on: 14 Jun 2017 6:25 AM GMT
एक घंटे में बेघर हो गए दर्जनों लोग, 5 झोपड़ियां राख, चीखें सुन कांपे लोग
X
पुर्तगाल: जंगलों में लगी भीषण आग, 43 की मौत, कई घायल, PM मोदी ने जताया दुःख

बरेली: इज्जतनगर के मुंशी नगर में आधी रात को अचानक झोपड़ियों में आग धधक उठी। जब आग की लपटें झोपड़ियों के अंदर पहुंची। तो लोग निकल कर भागे, तब तक दो झोपड़ी मालिक समेत पांच लोग झुलस गए। नाजुक हालत में उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के आधे घंटे बाद फायर ब्रिगेड और पुलिस टीमें वहां पहुंची, देर रात आग पर काबू पा लिया गया।

पीलीभीत बाईपास पर फीनिक्स मॉल के सामने मुंशी नगर बीडीए कॉलोनी में सड़क किनारे पांच झोपड़ियां बनी हुई हैं। रात करीब 12:30 बजे झोपड़ियों में किसी तरह से आग लग गई। इससे वहां खलबली मच गई। बीडीए कॉलोनी के रहने वाले प्रीतम, राममूर्ती, शराफत, शनि और चंद्रपाल की झोपड़ी जलकर राख हो गई। आग से दो सिलेंडर भी फट गए। सारा गृहस्थी का सामान, हजारों रुपए, बिस्तर अनाज सब जल गया।

हादसे में राममूर्ती और प्रीतम गंभीर रुप से झुलस गए। इसके अलावा मुन्नी रियासत, सादाब समेत कई अन्य लोग भी झुलसे हैं। आग की लपटें उठने पर आस पास खलबली मच गई, आनन-फानन में इसकी सूचना 100 नम्बर पुलिस को दी गई।

पड़ोसी ने लगाई बस्ती में आग: लोगों का आरोप है कि उनके पड़ोसी ने ही आग लगाई है। वह आए दिन पुलिस में शिकायत करता है। मुकदमे दर्ज कराता है, पिछले दिनों उसने छेड़खानी का झूठा मुकदमा दर्ज करवा दिया। लोगों का आरोप है कि वह हम लोगों को यहां से भगाना चाहता है। इस वजह से उसने ही आग लगाई है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

चीखों से कांप उठी कॉलोनी, घर में नहीं बचा दाना: बीडीए कॉलोनी की बस्ती आग लगने के बाद पीड़ित लोगों की चीखों से कांप उठी। गंभीर रुप से झुलसे लोग चीखते हुए अपनों को बचाने के लिए इधर-उधर भाग रहे थे। आग से झुलसे कराहते लोग चीत्कार करने लगे। लोगों का कहना था कि उनकी जिंदगी भर की कमाई जल गई। अब उनके घर में अन्न का एक दाना नहीं बचा है।

Next Story