×

UP News: भगवान राम को नकारने वाले भी वोट की चाह में कर रहे हैं राम राम: डा दिनेश शर्मा

UP News: कांग्रेस को आडे हाथ लेते हुए उन्होंने कहा कि उस पार्टी ने तो राम को ही काल्पनिक बता दिया था। राम सेतु के अस्तित्व को भी नकार दिया था।

Network
Newstrack Network
Published on: 25 Jan 2024 3:13 PM GMT
Dr. Dinesh Sharma statement regarding Lord Ram
X

Dr. Dinesh Sharma statement regarding Lord Ram

UP News: लखनऊ /लखीमपुरखीरी। राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा ने कहा कि भगवान राम को नकारने वाले अब वोट की चाह में राम राम कर रहे हैं। आप और कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि राम मंदिर स्थल पर धर्मशाला अथवा कुछ और बनाने की बात करने वाले केजरीवाल भी अब मंदिर जाने की सलाह दे रहे हैं। उन्हें भी अब राम याद आ रहे हैं। कांग्रेस पार्टी के नेता भी अब सरयू स्नान कर रहे है क्योंकि उन्हें अब वोट चाहिए। उनका कहना था कि अंग्रेजों ने देश पर राज करने के लिए लोगों को बांटा था और कांग्रेस ने अंग्रेजो का अनुसरण किया।

कांग्रेस को आडे हाथ लेते हुए उन्होंने कहा कि उस पार्टी ने तो राम को ही काल्पनिक बता दिया था। राम सेतु के अस्तित्व को भी नकार दिया था। राम को नकारने की कांग्रेसी कोशिश का सिख संगठनों ने भी विरोध किया था। इसके बाद देश की कमान प्रधानमंत्री मोदी के हाथ में आई और वे ऐसे पीएम हैं, जो परिवार की नहीं बल्कि देश की चिन्ता करते हैं। जो जनता के सपनों को पूरा करने के लिए ही जी रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास और सबके लिए प्रयास हुआ है। लोगों की बेहतरी के लिए बिना भेदभाव के काम हुआ है।


आज राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के समय में देश के सभी पंथ व सम्प्रदायो के प्रतिनिधि वहाँ पर उपस्थित थे। यही मोदी राज है कि जो देश का है वह हमारा है और जो देश का नहीं है वह किसी का नहीं है। 100 फीट ऊंचे और 70 किलो वजन के विशाल ध्वज के शौर्य बंधन एवं विशाल ध्वजारोहण लोकार्पण कार्यक्रम में डॉ शर्मा ने कहा कि 26 जनवरी का दिन आजादी के नायकों को याद करने का दिन है।इस दिन हम दे दी हमे आजादी बिना खडग बिना ढाल कहने वाले साबरमती के संत को याद करते हैं। तो तुम मुझे खून दो मैं तुम्हे आजादी दूंगा कहने वाले नेताजी सुभाष चन्द्र बोस को भी याद करते हैं। इस दिन भगत सिंह अशफाकउल्ला खां चन्द्रशेखर आजाद सहित आजादी के तमाम परवानों को याद करते हैं।

सांसद ने कहा कि सैनिक कभी भूतपूर्व नहीं बल्कि अभूतपूर्व होता है। खेत में अनाज पैदा करने वाला , बच्चों को अच्छी शिक्षा देने वाला तथा लोगों का उपचार करने वाला भी सैनिक ही है। किसी भी क्षेत्र में विशिष्टता के साथ देश की सेवा करने वाला सैनिक से कम नहीं है परन्तु देश की सीमा पर हथियार लेकर रक्षा करने वाला सैनिक वंदनीय है।


उन्होंने कहा कि आजादी की लडाई में बापू के अहिंसक आन्दोलन के साथ ही अंग्रेजों को उन्ही की भाषा में जवाब देने वाले आजादी के नायकों को भी बराबर का योगदान रहा है। नेता जी ने तो कहा था कि देश को आजाद कराना कठिन नहीं है बल्कि यह सुनिश्चित करना होगा कि आजादी के बाद अंग्रेजी मानसिकता यहां पर नहीं रहने पाए। देश को आजादी तो मिली पर नेता जी की भावना पूरी नहीं हुई । देश में कांग्रेस का लम्बे समय शासन रहा और कश्मीर में खून खराबे के बाद आधा कश्मीर चला गया। चीन के आक्रमण में भी भारत की जमीन चली गई। आतंकी भारत में आकर तमाम वारदातों को अंजाम देने के बाद दामाद की तरह बिरयानी खाकर वापस चले जाते थे। आज अगर आतंकी देश की जमीन पर आता है तो फिर वह वापस नहीं जा पाता है। सैनिक तब भी मुकाबला करते थे और आज भी कर रहे हैं। आज मोदी युग में कश्मीर में तिरंगा शान से लहरा रहा है।

पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि देश में आने वाले आक्रान्ताओं ने देश को लूटा पर वे धर्म , संस्कृति और संस्कार को नहीं नष्ट कर पाए। वे जब धर्म को नष्ट करने को आगे बढे तो गुरु गोविन्द सिंह ने अपने चारो बेटों को शहीद करा दिया पर धर्म पर आंच नहीं आने दी थी।


रूस व यूक्रेन युद्ध की स्थितियों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि तब वहां पर फंसे देश के लोगों को प्रधानमंत्री मोदी की पहल पर सुरक्षित निकाल लिया गया। भारत का झंडा लगे वाहनों को वहां के सैनिक सलामी तक दे रहे थे । इन पर सवार होकर पाकिस्तान तक के लोगों ने भी अपनी जान बचाई थी। यह दुनिया में भारत के बढते प्रभाव का असर था।

मोदी राज में आए बदलाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मोदी जी देश की कार्य संस्कृति में परिवर्तन लेकर आए हैं कि अब नौजवान नौकरी मांगने वाला नहीं बल्कि नौकरी देने वाला बने। इसके लिए स्टार्ट अप और कौशल विकास की तमाम योजनाएं चालू की गई। पूर्व में बडे बडे देशों में भारत की गरीब और दीन हीन छवि पेश की जाती थी। आज उसी देश के युवाओं की क्षमता को देखकर अमेरिका जैसे देश भी दातों तले उंगली दबाने को मजबूर है। आज भारत राफेल ले रहा है पर अपने यहां पर ही बनवाएगा। बुलेट ट्रेन भी भारत में ही बनेगी।


उत्तर प्रदेश में 6 साल में हुई तरक्की का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व में जिस प्रदेश में मात्र 2 हवाई अड्डे थे वहां आज 20 हवाई अड्डे और 17 एक्सप्रेस वे है। प्रदेश में 6 स्थानों पर मेट्रो चल रही है। अवैध कट्टों के लिए बदनाम यूपी में अब आधुनिक मिसाइल बनने जा रही है। यूपी में एशिया का सबसे बडा हवाई अड्डा बन रहा है। अब उत्तर प्रदेश बदल गया है। चीन से भाग कर मोबाइल बनाने वाली कम्पनियों ने यूपी में निवेश कर दिया है। आज देश में सबसे अधिक मोबाइल यूपी में बन रहा है। कभी अपहरण अवैध हथियार और अपराध के साम्राज्य के लिए पहचाना जाने वाला यूपी अब हर मामले में सर्वोत्तम प्रदेश बन रहा है। विपक्ष की सरकारों के समय में उत्तर प्रदेश में माफियाओं की खुलेआम सवारी निकला करती थी। दहशत फैलाना उनका काम था पर अब प्रदेश में कानून का राज है और माफिया भी अपराध से तौबा कर रहा है।


इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, विधायक, अमन गिरि, विधायक विनोद शंकर अवस्थी, विधायक शशांक वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू, पूर्व जिलाध्यक्ष शरद बाजपेई, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति महेश्वरी, वरिष्ठ भाजपा नेता सुरजन लाल वर्मा, पूर्व पार्षद, गिरीश शुक्ला, सुधाकर बाजपाई, अवधेश मिश्रा, संचालक विश्वनाथ सिंह, धर्मेंद्र गिरि मोंटी, अजय गिरि, जनार्दन गिरि, पूर्व युवा मोर्चा अध्यक्ष प्रवीण मिश्रा, सत्रोहन मिश्रा, राजेश मिश्रा डॉक्टर एवं गिरीश दत्त शुक्ला आदि उपस्थित रहे।

Admin 2

Admin 2

Next Story