×

सांसद का रिपोर्ट कार्ड : काम किए, काफी करना है बाकी

seema
Published on: 20 March 2019 8:18 AM GMT
सांसद का रिपोर्ट कार्ड : काम किए, काफी करना है बाकी
X
सांसद का रिपोर्ट कार्ड : काम किए, काफी करना है बाकी

सुमित शर्मा

कानपुर को उद्योग नगरी के रूप में जाना जाता है। इस संसदीय सीट का महत्व और भी बढ़ जाता है जब डा. मुरली मनोहर जैसे कद्दावर नेता कानपुर से सांसद हों। डा. मुरली मनोहर जोशी ने 2014 में शहर की जनता से ढेरों वादे किए थे। उन्होंने श्रमिकों से वादा किया था जेके जूट मिल और लाल इमली मिल का पुनरुद्धार किया जाएगा, लेकिन सांसद का कार्यकाल पूरा होते-होते लाल इमली मिल बंदी की कगार पर पहुंच गई और जेके जूट मिल पर तो चर्चा तक शुरू नहीं हुई।

कानपुर का सीओडी पुल बीते 15 साल से बन रहा है। पूर्व केंद्रीय कोयला मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल ने 2004 में इस पुल की नींव रखी थी। 2014 तक इस पुल का निर्माण पूरा नहीं हो सका। 2014 के लोकसभा चुनाव में डा.जोशी ने वादा किया कि भाजपा की सरकार आई तो ५ साल में यह पुल बनकर तैयार हो जाएगा। डा. जोशी के कार्यकाल में इस पुल की एक लेन की ही शुरुआत हो सकी, दूसरी लेन का काम अब भी चल रहा है। 1980 मेगावाट पावर प्लांट का काम भी अधूरा पड़ा है। इसकी शुरुआत भी पूर्व सांसद श्रीप्रकाश जायसवाल के समय में हुई थी। जनता ने अपने सांसद के लापता होने के पोस्टर तक चस्पा कर दिए थे।

गोद लिए गांव का हाल बेहाल

बिठूर इलाके के सिंहपुर कछार गांव को सांसद डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने नवम्बर 2014 में गोद लिया था। हालांकि यह गांव कानपुर देहात से भाजपा सांसद भोले सिंह के संसदीय क्षेत्र में आता है। इस गांव में विकास की बात की जाए तो रिपोर्ट कार्ड खाली ही देखा जा सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि जब से सांसद ने इस गांव को गोद लिया है तबसे उन्हें सिर्फ दो बार देखा गया है। बीते तीन वर्षों से सांसद का आगमन तो दूर, उन्होंने कोई खबर लेना भी मुनासिब नहीं समझा।

कानपुर के सिंहपुर कछार गांव की आबादी करीब सात हजार के आसपास है जिसमें लगभग 3200 वोटर हैं। इस गांव में 90 प्रतिशत वोट भाजपा के खाते में जाता है। फिर भी यहां के लोग अपने सांसद से नाखुश हैं। डा. जोशी ने जब यह गांव गोद लिया तो यहां खूब जश्न मनाया गया। सांसद महोदय भी पूरे लाव लश्कर के साथ यहां आए और ग्रामीणों से बड़े-बड़े वादे किए। ग्रामीण राम सिंह के मुताबिक कहने को तो यह सांसद आदर्श गांव कहलाता है, लेकिन जमीनी हकीकत कोसों दूर है। जलभराव ने सब बर्बाद कर दिया है। फिर भी शहरवासी यह कहते हैं कि डॉ. जोशी का बड़ा नाम है। उन्होंने मैट्रो का शिलान्यास करवाया। स्वच्छता काफी स्तर तक बढ़ा है। शहरवासियों के एक बड़े वर्ग का कहना है कि यह कानपुर का सौभाग्य है कि डॉ. जोशी जैसे राजनीतिक कद वाला नेता यहां के लिए जनप्रतिनिधि चुना गया है। लोगों का यह भी मानना है कि गंगा की सफाई के लिए भी डॉ. जोशी ने काफी काम कराया है।

यह भी पढ़ें : हम डरने वाले नहीं, जनता को मूर्ख समझना बंद करें PM मोदी: प्रियंका गांधी

सांसद के दावे

डा. जोशी ने 22 जनवरी 2019 को 4 साल 8 माह के खर्च का ब्योरा सार्वजानिक किया था। इसके अनुसार सांसद निधि से 27 करोड़ 23 लाख 15 हजार रुपए खर्च किए हैं। सांसद अपने इन कामों को गिनाते हैं :

400 करोड़ रुपए से नया और पूर्ण विकसित एयरपोर्ट मिलने जा रहा है। कानपुर से मुंबई,कोलकत्ता और पुणे के लिए हवाई सेवा शुरू हो चुकी है।

युवाओं को रोजगार से जोडऩे के लिए अथार्टन मिल कैम्पस के पास 112 करोड़ रुपए से टूल रूम का निर्माण कराया जा रहा है।

घाटमपुर पावर प्लांट का काम प्रारंभ हो चुका है।

नमामि गंगे के तहत घाटों का सुन्दरीकरण कराया गया। गंगा बैराज पर तेजी से काम चल रहा है।

विद्युत सुधार के लिए केंद्र सरकार से 460 करोड़ रुपए स्वीकृत कराए गए। नौ सब स्टेशन बनकर तैयार हैं। अंडर ग्राउंड वायरिंग का कार्य जारी है।

जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के उच्चीकरण के लिए 150 करोड़ रुपए केंद्र सरकार से स्वीकृत कराए गए।

लेदर क्लस्टर के विकास और विस्तार के लिए 2600 करोड़ रुपए स्वीकृत हुए हैं।

ईएसआई हास्पिटल पांडूनगर की बिल्डिंग बनाई गई है।

डिफेन्स कारीडोर के रूप में कानपुर को हब रूप में विकसित किया जाएगा।

केंद्रीय सड़क निधि योजना से जीटी रोड क्रॉसिंग 09 नंबर से एनएच 2 हाइवे के सुन्दरीकरण के लिए 3471.97 लाख रुपए।

शहर में एक हजार सोलर लाइट।

शहर को स्मार्ट सिटी की सूची में शामिल किया गया।

वर्षो से लंबित सीओडी पुल की एक लेन शुरू हो चुकी है। झकरकटी पुल का काम शुरू।

कानपुर सेन्ट्रल स्टेशन के सुन्दरीकरण का काम जारी है।

मलिन बस्तियों के विकास लिए डूडा के माध्यम से 5 करोड़ 75 लाख रुपए मंजूर कराए।

जनता की राय

जनता ने डा. मुरली मनोहर जोशी को बड़ी उम्मीदों के साथ जिताया था, लेकिन हमारे सांसद बीते 5 साल जनता के बीच से गायब रहे। विकास के नाम आधे अधूरे काम किए। जनता से जो वादे किए थे वे पूरे नहीं किए। मैं उन्हें 10 में से शून्य नंबर देना ठीक समझूंगा।

- अमित यादव

यदि विकास की बात की जाए तो कानपुर 5 साल पीछे चला गया है। जो विकास कार्य पूर्व के सांसद के समय में शुरू हुए थे वही पूरे नहीं हो पाए हैं। इन्होंने सिर्फ जनता को बेवकूफ बनाया है। मैं इन्हें 10 में से 4 नंबर दूंगा।

- सुनील वर्मा

जब से केंद्र और राज्य में बीजेपी की सरकार आई है विकास को पंख लगे हैं। डा. जोशी के कार्यकाल में शहर में बहुत विकास हुआ है। मंै उन्हें 10 में से 9 नंबर देता हूं।

- बबलू त्रिपाठी

जब से डा. जोशी कानपुर के सांसद बने हैं उनके द्वारा औसत विकास कराया गया है। कुछ मामलों में वह पूरी तरह से असफल साबित हुए हैं। जनता से उनका कम्युनिकेशन नहीं के बराबर रहा है। बीजेपी को इसका नुकसान हो सकता है। मैं उन्हें 10 में से 4 नंबर देता हूं।

- राजेश शर्मा

डा. जोशी ने शहरवासियों से बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन वादों पर खरे नही उतरे। उन्होंने जनता से दूरी बनाकर रखी। जीतने के बाद जनता से सीधा संवाद नहीं किया। मैं उन्हें 10 में से 05 नंबर दूंगा। - अनिकेत गुप्ता

seema

seema

सीमा शर्मा लगभग ०६ वर्षों से डिजाइनिंग वर्क कर रही हैं। प्रिटिंग प्रेस में २ वर्ष का अनुभव। 'निष्पक्ष प्रतिदिनÓ हिन्दी दैनिक में दो साल पेज मेकिंग का कार्य किया। श्रीटाइम्स में साप्ताहिक मैगजीन में डिजाइन के पद पर दो साल तक कार्य किया। इसके अलावा जॉब वर्क का अनुभव है।

Next Story