×

Sonbhadra: बारिश ने जिला मुख्यालय पर बनाई नारकीय स्थिति, सड़कों पर जमा हुई गंदगी, घरों में घुसा पानी

Sonbhadra News Today: नगर पालिका राबर्ट्सगंज में दो दिन की बारिश ने स्थिति नारकीय बना दी है। गंदगी व जलजमाव के चलते कुछ गलियों से आवागमन ठप हो गया है।

Kaushlendra Pandey
Published on: 26 Aug 2022 2:36 PM GMT
Sonbhadra News In Hindi
X

बारिश के बाद फैली गंदगी।  

Click the Play button to listen to article

Sonbhadra News: नगर पालिका राबर्ट्सगंज (Municipality Robertsganj) में महज दो दिन की बारिश ने स्थिति नारकीय बना दी है। जल निकासी व्यवस्था ध्वस्त रहने के कारण जहां कई जगह जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई है। वहीं नई बस्ती में लोगों के घरों में गंदा पानी घुसने लगा है। सिविल लाइंस रोड से सटे औकर बढ़ौली चौक से चंद कदम की दूरी पर स्थित नगर के पाॅश कॉलोनी का दर्जा रखने वाले विकास नगर मंडी महाल (Vikas Nagar Mandi Mahal) में सड़क पर कीचड और गलियों में पानी के बहाव के साथ जमा हुई गंदगी ने स्थिति नारकीय बनाकर रख दी है। गंदगी और जलजमाव के चलते कुछ गलियों से आवागमन भी ठप हो गया है। इससे नाराज लोगों ने शुक्रवार को दोपहर बाद प्रदर्शन कर नाराजगी जताई और जगह-जगह जमा पानी के निकासी और सड़कों पर पसरी गंदगी के सफाई की मांग की।

दो दिन पूर्व हुई बारिश का पानी नई बस्ती के कई घरों में घुसा: स्थानीय लोग

नई बस्ती निवासी राम निरंजन और फूल सिंह का कहना था कि दो दिन पूर्व हुई बारिश का पानी नई बस्ती के कई घरों में घुस गया है। कहा कि बाईपास सड़क की ऊंचाई बढ़ने के कारण हर साल ऐसी स्थिति उत्पन्न हो रही है, लेकिन नगरपालिका प्रशासन अब तक इसका हल नहीं ढूंढ़ पाया है। मुन्नी देवी और रानी का कहना था कि घरों में पानी जाने से घरेलू सामान बर्बाद होता है। वहीं रहना, खाना, पीना सब मुश्किल हो जा रहा है। कमलेश देवी और चंद्रकली देवी का कहना था कि नगरपालिका के चुनाव में अध्यक्ष पद के उम्मीदवार इस समस्या से निजात दिलाने का वादा करते हैं। चुनाव बीतते ही, इसे भूल जाते है।


गुहार लगाने के बाद भी नहीं हुआ हल: शहरवासी

शहरवासियों का आरोप था कि उन्होंने मौजूदा अध्यक्ष सहित अन्य से गुहार भी लगाई लेकिन हल नहीं निकला। पूर्वांचल नव निर्माण मंच के उपाध्यक्ष गिरीश पांडेय का कहना था कि सिर्फ नई बस्ती ही नहीं, पूरे नगर की स्थिति नारकीय बनी हुई है। ऐसा कोई मोहल्ला नहीं, जहां जल जमाव और गंदे पानी के साथ सड़क पर जमा हुई गंदगी से लोग जूझने के लिए विवश हैं। बताया कि नगर की पाॅश कालोनी का दर्जा रखने वाले विकास नगर के वीरेश्वर महादेव मंदिर के पीछे वाले हिस्से में जगह-जगह बनी जल जमाव की स्थिति ने जहां संक्रामक रोगों का खतरा बढ़ा दिया है।

जलजमाव वाले हिस्से में लगा गदंगी का ढेर

वहीं जलजमाव वाले हिस्से में बहकर जाते गंदे पानी के साथ, सड़क पर गंदगी के ढेर लग गए हैं। इससे जहां बीमारी का खतरा बढ़ गया है। वहीं, इस सड़क से सटे रहने वाले लोगों को आवागमन के लिए दूसरे तरफ की गली का सहारा लेना पड़ रहा है। नालियां टूटी और गंदगी से पटी पड़ी हैं, इस पर भी ध्यान नहीं दिया जा रहा। सरोजा देवी, श्रीनाथ देव पांडेय, सुमित कुमार, रानी, तारा देवी, विकास आदि का कहना था कि मामले को लेकर अधिशासी अधिकारी को भी अवगत कराया गया है। बावजूद हल नहीं निकल पा रहा है। कहा कि स्थिति पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया तो नगर के लोग सड़क पर उतरकर प्रदर्शन का रास्ता अपनाने के लिए बाध्य होंगे।

Deepak Kumar

Deepak Kumar

Next Story