Eid ul-Fitr 2023: चांद आया नजर, भारत में कल हर्षोल्लास से मनाया जाएगा ईद उल फितर

Eid ul-Fitr 2023: मुस्लिम समुदाय का सबसे बड़ा त्योहार ईद उल फितर 22 अप्रैल को मनाया जाएगा। शिया चांद कमेटी ने इसका ऐलान किया। शुक्रवार की शाम ईद का चांद नजर आया।

Aman Kumar Singh
Published on: 21 April 2023 7:45 PM GMT (Updated on: 21 April 2023 9:41 PM GMT)
Eid ul-Fitr 2023: चांद आया नजर, भारत में कल हर्षोल्लास से मनाया जाएगा ईद उल फितर
X
दूरबीन से चांद देखते शिया चांद कमेटी के सदस्य (Photo: आशुतोष त्रिपाठी)

Eid ul-Fitr 2023 : मुस्लिम समुदाय का सबसे बड़ा त्योहार ईद-उल-फितर (Eid ul-Fitr 2023) शनिवार (22 अप्रैल) को मनाया जाएगा। शिया चांद कमेटी (shia markazi chand committee) ने इस बात का ऐलान किया है। कमेटी ने बताया कि ईद का चांद शुक्रवार को देखा गया है। आपको बता दें, कि ईद-उल-फितर का त्योहार रमजान महीने के आखिरी दिन मनाया जाता है। इस दिन को 'मीठी ईद' के नाम से भी जाना जाता है। इस्लामिक कैलेंडर (Islamic Calendar) के 10वें महीने शव्वाल के पहले दिन ईद-उल-फितर मनाया जाता है।

रमजान (Ramadan 2023) के आखिरी दिन पूरी दुनिया में मुस्लिम समुदाय ईद मनाता है। इस दिन समाज के लोग धर्मार्थ कार्य करते हैं। गरीबों को खाना खिलाना और दान देने जैसे नेक काम किए जाते हैं। ईद के मौके पर बच्चों से बड़ों तक नए कपड़े पहनते हैं। एक-दूसरे को गले भी लगाते हैं। ईद के त्योहार के साथ ही रोजे और इबादत का महीना समाप्त हो जाता है।



अरब देशों में आज मनाई जा रही ईद

ईद उल फितर का चांद आज नजर आ गया है। चांद दिखाई देने के बाद अब देशभर में शनिवार को ईद मनाई जाएगी। गौरतलब है कि, अरब देशों में 20 अप्रैल को ही ईद का चांद दिखाई दिया था। अरब देशों में 21 अप्रैल मतलब आज ही ईद मनाई जा रही है।

भाईचारे का प्रतीक है ईद उल फितर

मुसलमानों का ये त्योहार भाईचारे का प्रतीक है। इस पाक दिन लोग शांति और सुख-समृद्धि के लिए दुआएं मांगते हैं। दुनिया भर में ईद के त्योहार को हर्षोल्लास से मनाया जाता है। यहां ये भी बता दें ईद की तारीख हिजरी कैलेंडर के कारण साल-दर-साल बदलती रहती है। यह कैलेंडर चंद्रमा पर आधारित होता है। जिसमें चांद की घटती-बढ़ती चाल के अनुसार दिनों की गिनती की जाती है।

बड़े सदस्य देते हैं 'ईदी'

ईद-उल-फितर रमजान के रोजा की समाप्ति पर सुबह से शाम तक मनाया जाता है। दुनिया भर के मुसलमान उत्साह के साथ इस त्योहार को मनाते हैं। इस दिन लोग नए कपड़े पहनते हैं। सबसे पहले समुदाय के सभी लोग नमाज पढ़ने मस्जिद जाते हैं। घरों में कई तरह के पकवान आदि बनते हैं। इसमें बिरयानी, कबाब और मीठी सेवई विशेष महत्व के होते हैं। घर से बड़े सदस्यों की ओर से छोटों को उपहार भी दिए जाते हैं। इसे ही ईदी कहा जाता है।

Aman Kumar Singh

Aman Kumar Singh

Next Story