TRENDING TAGS :
Etah News: जनपद एटा को महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना में प्रदेश में प्रथम स्थान
Etah News: यह पहली बार है जब पिछले 17 वर्षों में जनपद एटा को श्रमिक परिवारों को अधिकतम रोजगार उपलब्ध कराने में प्रदेश में पहला स्थान मिला है।
Etah News: एटा, 11 फरवरी 2025: जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह के कुशल मार्गदर्शन एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. नागेंद्र नारायण मिश्र के नेतृत्व में जनपद एटा ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत जनवरी 2025 माह के लिए सीएम डैशबोर्ड संकेतांक पर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय से 10 फरवरी 2025 को जारी रैंकिंग में एटा जनपद को यह उपलब्धि प्राप्त हुई।
यह पहली बार है जब पिछले 17 वर्षों में जनपद एटा को श्रमिक परिवारों को अधिकतम रोजगार उपलब्ध कराने में प्रदेश में पहला स्थान मिला है। यह उपलब्धि प्रशासन द्वारा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और श्रमिकों को समय पर रोजगार प्रदान करने के परिणामस्वरूप संभव हुई है।
समाज कल्याण एवं विकास कार्यों में अहम योगदान
वर्तमान वित्तीय वर्ष में मनरेगा के तहत विभिन्न जन-कल्याणकारी कार्यों को पूरा किया गया है। जनपद में छोटे बच्चों की देखभाल के लिए 90 आंगनबाड़ी केंद्र भवनों का निर्माण किया गया है। ग्रामीण परिवारों को सुगमता से राशन उपलब्ध कराने हेतु 70 खाद्यान्न भंडारण संरचनाओं का निर्माण किया गया है। इसके अतिरिक्त, जिले के 195 प्राथमिक विद्यालयों एवं 17 माध्यमिक विद्यालयों में बाउंड्री वॉल का निर्माण कर उन्हें अराजक तत्वों से मुक्त कराया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को बेहतर करने हेतु 395 इंटरलॉकिंग सड़कों एवं नालियों का निर्माण पूरा किया गया है।
पर्यावरण संरक्षण और जल संसाधन विकास में उल्लेखनीय कार्य
जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए अब तक 128 अमृत सरोवरों का निर्माण किया जा चुका है, जबकि वर्तमान में 17 अमृत सरोवर निर्माणाधीन हैं। वहीं, जनपद को हरा-भरा बनाए रखने के लिए वर्तमान वित्तीय वर्ष में लगभग 13 लाख पौधे लगाए गए हैं। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. नागेंद्र नारायण मिश्र ने सभी संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं श्रमिकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह जनपद के सतत विकास और श्रमिकों की आर्थिक मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।