Fatehpur News: वर्चस्व की लड़ाईः वर्तमान और पूर्व प्रधान पक्ष में हुई फायरिंग, तीन लोगों की मौत

Fatehpur News: अखरी गांव में वर्तमान और पूर्व प्रधान के बीच जमकर फायरिंग हुई। जिसमें प्रधान पक्ष के तीन लोगों की गोली लगने से मौत हो गयी है।

Shishumanjali kharwar
Published on: 8 April 2025 10:39 AM IST (Updated on: 8 April 2025 11:09 AM IST)
fatehpur news
X

fatehpur news

Fatehpur News: जिले के हथगांव थाना क्षेत्र के अखरी गांव में मंगलवार सुबह वर्चस्व की लड़ाई ने खूनी रूप धारण कर दिया। अखरी गांव में वर्तमान और पूर्व प्रधान के बीच जमकर फायरिंग हुई। जिसमें प्रधान पक्ष के तीन लोगों की गोली लगने से मौत हो गयी है। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

जानकारी पाकर पुलिस के आला अधिकारी और फोर्स मौके पर पहुंच गयी है। बताया जा रहा है कि रास्ते से निकलने को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले विवाद शुरू हुआ। फिर थोड़ी ही देर में वहां गोलीबारी होने लगी। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। गांव में सुरक्षा के लिहाज से भारी संख्या में पुलिस बल तैनात की गयी है।

पुलिस छावनी में तब्दील हुआ पूरा गांव

मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह रास्ते से निकलने को लेकर वर्तमान और पूर्व प्रधान पक्ष के लोगों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने खूनी रूप अख्तियार कर लिया। दोनों पक्षों की ओर से जमकर फायरिंग होने लगी। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा गांव दहल गया। मृतक पप्पू सिंह की मां दुलारी देवी वर्तमान में गांव की प्रधान हैं। फायरिंग में वर्तमान प्रधान के परिवार के तीन लोगों पप्पू सिंह, अभय प्रताप सिंह और रिंकू सिंह की गोली लग गयी। जब तक परिवार वाले कुछ समझ पाते।

तब तक तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी होने पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गयी। पूरे गांव को पुलिस ने छावनी में तब्दील कर दिया। पुलिस के आलाधिकारी भी मौके पर पहुंच गये हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुट गयी है। गांव में ट्रिपल मर्डर के बाद भय और आक्रोश का माहौल है। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। जल्द ही हत्यारोपियों को पकड़कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story