TRENDING TAGS :

Aaj Ka Rashifal

Sonbhadra: बारात में नाच-गाने के दौरान वर-वधु पक्ष में मारपीट, बिहार के युवक की हत्या, शव कुएं से मिला

Sonbhadra: पन्नूगंज थाना क्षेत्र के पचोखर गांव में बिहार के अधौरा थाना क्षेत्र से एक बारात आई। इलाके में सनसनी तब फ़ैल गई जब बारात में आए एक युवक की संदिग्ध हालत में लाश मिली।

Kaushlendra Pandey
Report Kaushlendra PandeyPublished By aman
Published on: 2 May 2022 1:14 PM GMT (Updated on: 2 May 2022 1:59 PM GMT)
19 year-old youth jumps from 6th floor of D Mall dies during treatment
X

 प्रतीकात्मक चित्र (photo : social media )

Sonbhadra Crime News : सोनभद्र जिले के पन्नूगंज थाना क्षेत्र के पचोखर गांव में बिहार के अधौरा थाना क्षेत्र से एक बारात आई। इलाके में सनसनी तब फ़ैल गई जब बारात में आए एक युवक की सोमवार को संदिग्ध हालत में लाश मिली। युवक का शव वहीं पास में मिला जहां बारात ठहरी थी। मृत युवक का शव कुएं में उतराता पाया गया। शुरुआती दौर में पुलिस को शव के शिनाख्त को लेकर परेशानी उठानी पड़ी। मगर, उसकी पहचान बारात में आए युवक के रूप में हुई।

दरअसल, बारात में आर्केस्ट्रा के दौरान मारपीट की जानकारी सामने आ रही है। कहा जाता है मारपीट के बाद से ही उक्त युवक गायब था। मगर, उसकी मौत कैसे हुई, ये अभी भी रहस्य है। इसे लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। मामले में मृतक के रिश्तेदार जवाहिर शाह ने हत्या कर शव कुएं में फेंके जाने का आरोप लगाया है। यही बात उन्होंने पुलिस को दिए तहरीर में कही है। बताया जाता है इस मारपीट में कई और लोग भी घायल हुए। पुलिस ने पांच के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। हालांकि, पुलिस अभी इस मसले पर कुछ भी कहने से बच रही है।

क्या है मामला?

बताते चलें कि बिहार के अधौरा थाना क्षेत्र के सीकरी गांव से बृजराज कनौजिया के लड़के की बारात पन्नूगंज क्षेत्र के पचोखरा गांव में रविवार को आई थी। यह बारात रामजनम के यहां आई हुई थी। बताया जाता है कि देर रात आर्केस्ट्रा में किसी गाने को लेकर वर और वधू पक्ष में विवाद हो गया। कुछ देर में ही मारपीट शुरू हो गई। इसके चलते वहां भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई। लगभग आधा दर्जन बाराती घायल भी हो गए। कुछ देर बाद स्थिति सामान्य हुई। तब कुछ बाराती वापस आए। वहीं, कई बाराती ऐसे भी थे जो पौ फटने से पहले ही वापस लौट गए। इसी बारात में शामिल होने आया सरोज शाह (30 वर्ष) पुत्र स्व. श्रीनाथ भी मारपीट के बाद से ही गायब था।

कुएं में उतराता दिखा शव

शुरुआत में तो लोगों ने इस पर ध्यान नहीं दिया। सुबह होने पर समझा कि वह भी अन्य लोगों के साथ अधौरा के लिए निकल गया होगा। लेकिन, सुबह 10 बजे के करीब किसी की नजर श्रीराम कनौजिया के घर के पीछे कुएं में गई। उसमें एक युवक का शव उतराता दिखा। यह खबर जंगल में आग की तरह फ़ैल गई। थोड़ी ही देर में मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई।

नाच-गाने के दौरान हुई मारपीट

मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकाल कर शिनाख्त की प्रक्रिया पूरी कराई। मामले की जानकारी उसके घर वालों को भी दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के रिश्तेदार जवाहिर शाह ने हत्या कर शव कुएं में फेंके जाने का आरोप लगाया। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में कहा, कि नाच-गाने के दौरान पचोखर गांव के ही कुछ लोगों की तरफ से मारपीट की गई थी। जिसमें अधौरा थाना क्षेत्र के सिकरी निवासी सरोज कुमार, छत्रधारी राम, रामराज बरेठा, संतोष शाह, अजय कुमार घायल हो गए। इसमें सरोज की मौत हो गई।

केस दर्ज, जांच शुरू

आरोप है कि युवक की हत्या करने वालों ने ही उसका शव पास के कुएं में डाल दिया। तहरीर में पचोखर निवासी चंदन त्रिपाठी, सुरेश, बुड़ुक, सत्यप्रकाश, अकबर अली को हत्यारोपी बताया गया है। पन्नूगंज थाना प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि मृतक के परिजन जवाहिर शाह की तहरीर पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।

क्या कहा डीआईजी/एसपी ने?

उधर, डीआईजी/एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह का कहना है कि 'रविवार की रात दोनों पक्षों में नाच-गाने को लेकर विवाद हुआ था। मारपीट में दोनों पक्षों के लोगों का हल्की-फुल्की चोटें आई थीं। सोमवार की सुबह लोगों को पता चला कि एक बाराती गायब है। बाद में उसका शव कुए में मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया डूबने से मृत्यु होने की बात सामने आई है। ऐसा लग रहा है कि मारपीट के दौरान अफरा-तफरी में मृतक कुएं में गिर गया। बारात पक्ष की तहरीर पर प्रकरण में मामला दर्ज कर विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है।'

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story