×

Firozabad : 'ग्राहक सेवा केंद्र' ने लगाया चूना, धोखाधड़ी कर बुजुर्ग के खाते से निकाले 1.70 लाख, दी तहरीर

Firozabad News : फिरोजाबाद की एक वृद्ध महिला का आरोप है कि ग्राहक सेवा केंद्र संचालक ने उसके खाते से 1 लाख 70 हजार रुपए तीन साल पहले निकाल लिए थे। अब वह देने से मुकर गया।

Brajesh Rathore
Published on: 27 Aug 2022 3:16 PM GMT
firozabad grahak seva kendra fraud with old age woman 1 70 lakh withdrawn from the account
X

प्रतीकात्मक चित्र 

Firozabad News : फिरोजाबाद थाना शिकोहाबाद में 'ग्राहक सेवा केंद्र' के नाम पर सीधे और अनपढ़ लोगों की सहायता के बजाय चूना लगाने का मामला सामने आया है। दरअसल, बैंक की भीड़-भाड़ से बचने के लिए सरकार की तरफ से ग्राहक सेवा केंद्र खोलने की अनुमति दी गई। लेकिन, सहूलियत मिलना तो दूर ये लोगों को चूना लगा रहे हैं।

उपभोक्ताओं की शिकायत है कि 'ग्राहक सेवा केंद्र' संचालक सीधे-साधे और अनपढ़ लोगों को चूना लगा रहे हैं। जब कोई मजबूत शख्स अड़ जाता है तो उसके रुपए वापस कर दिए जाते हैं, नहीं तो उपभोक्ताओं के लाख गिड़गिड़ाने के बाद भी खाते में रकम वापस नहीं आ रही।

जानें क्या है मामला?

ऐसा ही एक वाकया एक वृद्ध महिला के साथ देखने को मिला। आरोप है कि ग्राहक सेवा केंद्र संचालक ने बुजुर्ग महिला के खाते से 1 लाख 70 हजार रुपए तीन साल पहले निकाल लिए थे। बीते सालों से वो पैसे की बात पर टालमटोल करते रहे। जब आज-कल कर टालने की हद हो गई तो आख़िरकार रुपए लौटाने से इंकार कर दिया गया। अब पीड़िता ने थाने में तहरीर दी है।


फोरलेन में बुजुर्ग की जमीन हुई थी अधिग्रहित

जानकारी के अनुसार, फिरोजाबाद की नौशेहरा निवासी वृद्धा प्रेमवती पत्नी स्व. विद्याराम ने वर्ष 2015 में मैनपुरी चौराहा स्थित ग्राहक सेवा केंद्र पर बैंक ऑफ बड़ौदा (Bank Of Baroda) में खाता खोला था। साल 2019 में फोरलेन के लिए उक्त महिला का खेत अधिग्रहित किया गया था। जिसका मुआवजा 10,88,405 रुपए महिला के खाते में आया। आरोप है कि रुपए आने के बाद से ही केंद्र संचालक ने अशिक्षित महिला से फॉर्म पर अंगूठा लगवाकर चार माह में 1.70 हजार रुपए निकाल लिए। जब इसकी जानकारी महिला को हुई, तो उसने इसका विरोध किया। इसके बाद संचालक उसे टरकाता रहा। अगस्त माह में जब उसने रुपए देने से इंकार कर दिया तो वृद्धा महिला थाना पहुंची और तहरीर दी।

इस पूरे मामले पर प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार का कहना है कि, बुजुर्ग महिला का मामला उनके संज्ञान में नहीं है। मामले की जांच कर उचित कार्यवाही की जायेगी।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story