×

Firozabad News: मैक्स लोडर ने बाइक सवार को रौंदा, मौके पर ही मौत

Firozabad News: गांधी आश्रम में बाइक से नौकरी करने जा रहे दो युवकों को एसपी कोल्ड के सामने तेज रफ्तार आ रही मैक्स लोडर वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

Brajesh Rathore
Published on: 16 Feb 2024 12:42 PM GMT
Firozabad News
X

ग्रामीणों ने किया चक्का जाम source: Newstrack 

Firozabad News: गांधी आश्रम में बाइक से नौकरी करने जा रहे दो युवकों को एसपी कोल्ड के सामने तेज रफ्तार आ रही मैक्स लोडर वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मृत्यु हो गई। जबकि उसके पीछे बैठा उसकी बुआ का लड़का गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की जानकारी मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। सभी परिवारजन आक्रोश में आ गए और ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंच गये और मैनपुरी रोड को जाम कर दिया।

सर से होकर निकल गया लोडर का पहिया

नगला राजाराम निवासी चरन सिंह उर्फ बॉबी (25) पुत्र धनपाल अपनी बुआ के लड़के विवेक (25) पुत्र महेश चंद्र निवासी नगला कलू जसराना के साथ बाइक से शिकोहाबाद गांधी आश्रम आ रहे थे। जब उनकी बाइक मैनपुरी रोड पर एसपी कोल्ड स्टोरेज के सामने पहुंची, तभी शिकोहाबाद से तेज गति से आ रही मैक्स लोडर वाहन कट पर मुड़ते समय बाइक से टकरा गई। जिससे बाइक चला रहा चरन सिंह सड़क पर गिर पड़ा और मैक्स का पहिया उसके सिर से होकर निकल गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक पर पीछे बैठा युवक विवेक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे परिजन उपचार के लिए आगरा ले गए है।

ग्रामीणों ने किया चक्का जाम

इधर युवक की मौत की जानकारी होते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गये। उन्होंने शव को सड़क पर रख कर जाम लगा दिया। अधिकारी रपड़ी में मंत्री के कार्यक्रम में होने के कारण उन्हे घटना स्थल पर पहुंचने में देर हो गयी। तब तक ग्रामीण शव को रख कर जाम लगाये रखे। इसके बाद मौके पर पहुंचे सीओ प्रवीन कुमार तिवारी, प्रभारी निरीक्षक अनिलकुमार सिंह, महिला थानाध्यक्ष सहित अन्य थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गयी। काफी समझाने के बाद परिजनों ने शव को उठाने दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस दौरान ब्लाक प्रमुख अरांव कमलेश राजपूत भी मौके पर पहुंच गये और उन्होंने पुलिस का सहयोग करते हुए शव उठवाने में मदद की।

बेटियों के सिर से उठा पिता का साया

मृतक चरन सिंह की दो बेटियां हैं। एक बेटी तीन वर्ष की है जिसका नाम नित्या है और दूसरी एक साल की उपासना। मृतक की पत्नी दिव्या और मां मीनादेवी का रो-रो कर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने मृतक की बेटियों के लिए आर्थिक सहायता की मांग की है। जिसको लेकर काफी देर तक जाम लगा रहा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने शव को उठाने दिया। मृतक चरन सिंह दो भाईयों में बड़ा है। छोटा भाई देवेंद्र घर के काम में सहयोग करता है। अब सारा दारोमदार उसी के कंधो पर है।

Aakanksha Dixit

Aakanksha Dixit

Content Writer

नमस्कार मेरा नाम आकांक्षा दीक्षित है। मैं हिंदी कंटेंट राइटर हूं। लेखन की इस दुनिया में मैने वर्ष २०२० में कदम रखा था। लेखन के साथ मैं कविताएं भी लिखती हूं।

Next Story