×

Flood in UP: खतरे के निशान के ऊपर पहुंचीं पूर्वांचल की नदियां, सिंचाई विभाग का अलर्ट जारी

पूर्वांचल की कई प्रमुख नदियां प्रदेश में अलग-अलग क्षेत्रों में खतरे के निशान को पार कर गई है। सिंचाई विभाग ने अलर्ट जारी किया है।

Network
Newstrack NetworkPublished By Shashi kant gautam
Published on: 25 July 2021 4:59 AM GMT (Updated on: 25 July 2021 5:07 AM GMT)
Rivers of Purvanchal above danger mark, alert issued by Irrigation Department
X

खतरे के निशान के ऊपर पूर्वांचल की नदियां, सिंचाई विभाग का अलर्ट जारी: डिजाईन फोटो- सोशल मीडिया   

Flood in UP: मानसून की बारिश की शुरुआत हो चुकी है। उत्तर प्रदेश की कई नदियों में पानी अब काफी ऊपर दिखाई दे रहीं हैं और बाढ़ की स्थिति बन रही है। पड़ोसी देश नेपाल के ऊपरी इलाकों में हो रही भारी बरसात के कारण प्रदेश के पूर्वांचल क्षेत्र की कई नदियां खतरे के निशान को पार कर गई हैं। नदियों के तेजी से बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सिंचाई विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है।

बता दें कि उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित केन्द्रीय नियंत्रण कक्ष को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहकर प्रदेश की सभी प्रमुख नदियों के जलस्तर के उतार-चढ़ाव की जानकारी विभागीय मुख्यालय को हर छह घंटे पर देने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं बंधों की निगरानी बढ़ाने तथा उसकी 24 घंटे पेट्रोलिंग करने के भी निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख बंधों पर लगे सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से भी जलस्तर पर नजर रखने को कहा गया है।

पूर्वांचल के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी भरने लगा

इस सम्बन्ध में केन्द्रीय जल आयोग से प्राप्त सूचना के अनुसार प्रदेश में शारदा, घाघरा, सरयु व राप्ती नदी के जलस्तर में भी तेजी से वृद्धि जारी है। इसके कारण पूर्वांचल के बलरामपुर, बहराइच, गोण्डा, गोरखपुर, कुशीनगर आदि जिलों के निचले इलाके में बाढ़ का पानी भरने लगा है। आयोग से मिली जानकारी के अनुसार गंगा नदी बदायूं में खतरे के निशान से 0.510 मीटर ऊपर बह रही है जबकि घाघरा बाराबंकी में एल्गिन ब्रिज के पास 0.106 मीटर, अयोध्या में 0.050 मीटर तथा बलिया के तुर्तिपार में 0.240 मीटर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गई है।

यूपी में बाढ़: फोटो- सोशल मीडिया

ये नदियां अपने खतरे के निशान से ऊपर

इसी प्रकार से रोहिन नदी महाराजगंज के त्रिमोहिनीघाट पर 0.510 मीटर तथा क्वान नदी गोण्डा के चन्द्रदीपघाट पर 0.450 मीटर खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। शारदा नदी पलिया में 0.700 मीटर खतरे के निशान से ऊपर है और इन सभी नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। केन्द्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश की कई अन्य नदियों के जलस्तर में भी तेजी से वृद्धि हो रही है। गोमती सीतापुर, लखनऊ तथा सुलतानपुर में बढ़ने लगी है जबकि जौनपुर में स्थिर बनी हुई है। गंगा कन्नौज, कानपुर, प्रयागराज, गाजीपुर व बलिया में तेजी से बढ़ रही है जबकि बुलंदशहर, फर्रुखाबाद, रायबरेली व वाराणसी में यह स्थिर है।

बाढ़ की वजह से सुरक्षित स्थान पर जाते हुए लोग: फोटो- सोशल मीडिया


सभी प्रमुख नदियों के जलस्तर पर निगरानी रखी जा रही-डा. महेन्द्र सिंह

उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री डा. महेन्द्र सिंह ने बताया कि नदियों के जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। सभी प्रमुख नदियों के जलस्तर पर निगरानी रखी जा रही है। बंधों पर इमर्जेन्सी लाइट के साथ सीसीटीवी कैमरे से भी नजरत रखी जा रही है। प्रदेश भर से लगातार मिल रही सूचना को एकत्र कर सेन्ट्रल कन्ट्रोल रूम विभागीय मुख्यालय के माध्यम से शासन को सूचनाएं दे रहा है।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story