×

विवादों से परे: विदेशी जोड़े ने ताज के साये में रचाई हिंदू रीति-रिवाजों से शादी

By
Published on: 28 Oct 2017 8:23 AM GMT
विवादों से परे: विदेशी जोड़े ने ताज के साये में रचाई हिंदू रीति-रिवाजों से शादी
X

आगरा: एक तरफ विश्व प्रसिद्ध मोहब्बत की निशानी ताजमहल पर प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायक बयानों का बवंडर खड़ा करने के बाद सीएम योगी को अचानक ही आगरा का दौरा कर ताज का दीदार करना पड़ा। वहीं भारतीय संस्कृति से प्रभावित जर्मनी से अपनी शादी की सालगिरह मनाने के लिए आगरा आए दंपत्ति ने ताज के साये में पुनः हिंदू रीति-रिवाज से शादी की। उनके मुताबिक ताजमहल दुनिया में इकलौती इमारत है, जो प्रेम की प्रतीक और मोहब्बत का दूसरा नाम है।

यह भी पढ़ें: ताजमहल विवाद पर बोले योगी के मंत्री- दाल में तड़का लगा रहे हमारे नेता

प्यार कभी बूढ़ा नहीं होता। तभी तो उम्र ढल जाए, फिर भी मोहब्बत दिलों को जवां रखती है। जब दो प्यार करने वाले मोहब्बत की सबसे खूबसूरत निशानी के साये में आ जाएं, तो 60 की उम्र पार करने वालों के लिए एक बार फिर से ये सेलिब्रेशन बनता है। शुक्रवार के जर्मनी के आईटी विशेषज्ञ कार्स्टेन और उनकी शिक्षिका पत्नी क्रिस्टीन अपने जवानी के दिनों को याद करने की इच्छा की कि वो ताजमहल के सामने शादी करें। इसी को पूरा करने के लिए प्रेम के प्रतीक ताजमहल में अपनी शादी की 40 वीं सालगिरह मनाने आए।

लेकिन, शुक्रवार को पर्यटकों के लिए ताजमहल बंद होने के कारण वे मोहब्बत की इस निशानी का दीदार नहीं कर सके। फिर भी अपने होटल की छत से दुनिया के सातवें अजूबे को देखकर इस कदर खो गए कि उन्होंने सालगिरह को यादगार बनाने के लिए ताजमहल के सामने फिर से हिंदू रीति-रिवाज से शादी रचा ली। और तो और उन्होंने यह शादी भारतीय संस्कृति के मुताबिक रचाई। भारतीय परिधानों में सजे-संवरे अपने मित्रों के सामने जर्मन पर्यटकों ने शादी रचाने के बाद एक दूसरे को ताज की प्रतिकृति भेंट की।

जर्मनी के बर्लिन निवासी कार्स्टेन और क्रिस्टीन 60 वर्ष की उम्र पार कर चुके हैं। फिर भी जब उन्होंने ताजमहल के सामने एक होटल की छत पर एक-दूसरे को फूलों की माला पहनाई और भारतीय संस्कृति के मुताबिक शादी की रस्में कीं। तो वाकई उनकी शादी की सालगिरह यादगार हो गई। इस मौके पर जर्मन दंपत्ति ने अपने मित्रों को खास-तौर पर बुलाया था। वे भी भारतीय परिधानों में शादी समारोह में शामिल होने आए। जर्मनी के ही इतिहासविद् कॉस्टेंटिन ने पर्यटकों की शादी का इंतजाम किया। क्रिस्टीन और कार्स्टेन भारतीय संस्कृति से प्रभावित हैं। वह तय कर चुके थे कि ताजमहल के सामने अपने प्यार को यादगार बनाएंगे।

जहां सीएम योगी ने विवादों को थामने के लिए ताज का दौरा किया, वहीं विदेशी युगल का विवाह करना दिखाता है कि चाहे कितने भी विवाद ताज के साथ जोड़े जाए, आज भी ताज के दीवानों की कमी नहीं है। ताज हमेशा की तरह विदेशियों की नजर में नंबर 1 है।

Next Story