×

मिर्जापुर: नाली में मिला पूर्व PM राजीव गांधी की प्रतिमा का सिर, राजबब्बर बोले- अपमानजनक घटना

aman
By aman
Published on: 4 Jun 2017 12:24 PM GMT
मिर्जापुर: नाली में मिला पूर्व PM राजीव गांधी की प्रतिमा का सिर, राजबब्बर बोले- अपमानजनक घटना
X
मिर्जापुर: नाली में मिला पूर्व PM राजीव गांधी की प्रतिमा का सिर, राजबब्बर बोले- अपमानजनक घटना

लखनऊ: मिर्जापुर में रेलवे स्टेशन के पास स्थित आवास विकास कॉलोनी के पार्क में लगी पूर्व पीएम राजीव गांधी की प्रतिमा को कुछ शरारती तत्वों ने तोड़ दिया। राजीव गांधी की प्रतिमा का टूटा हुआ सिर नाली में पड़ा मिला। हंगामे के बाद पुलिस ने इसे नाले से निकलवाया। बता दें, यह पार्क कोतवाली क्षेत्र में ही स्थित है।

इस घटना के बाद यूपी कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद राजबब्बर ने कहा, कि 'इस शर्मनाक घटना से कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का खून खौल गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ स्वयं शनिवार को मिर्जापुर में उपस्थित थे। ये घटना उसी दिन की है।' राजबब्बर ने कहा कि राजीव गांधी ने युवाओं को वोट का अधिकार दिया, महिलाओं को आरक्षण का अधिकार दिया। उस व्यक्ति का अपमान देश का अपमान है। कांग्रेस पार्टी इस घटना का विरोध करेगी।'

अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज

इस पूरे मामले में मिर्जापुर के एसपी आशीष तिवारी ने बताया, कि 'अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।' उन्होंने बताया कि 'सुबह में पार्क में बहुत सारे लोग घूमने के लिए आते हैं। पार्क में लगे ट्यूबवेल पर दिन की शिफ्ट के कर्मचारी के आने के बाद लोगों को घटना की जानकारी मिली।'

भगवाधारियों से जनता में भय है

सूत्र बता रहे हैं, कि राजबब्बर खुद सोमवार को मिर्जापुर जाएंगे। इसी दिन कांग्रेस पार्टी पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन करेगी। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की जाएगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, कि 'बीजेपी की जीत का नशा सड़कों पर नजर आता है। भगवाधारियों से जनता में भय है।'

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story