Violence in UP: हिंसा पर योगी सरकार का बड़ा एक्शन, 227 प्रदर्शनकारियों को किया गिरफ्तार

UP Latest News: यूपी के कई शहरों में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद प्रदर्शन और हिंसा की तस्वीरें सामने आई। इस मामले में पुलिस ने अब तक 227 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया है।

Bishwajeet Kumar
Written By Bishwajeet Kumar
Published on: 11 Jun 2022 3:43 AM GMT
Violence In UP
X

हिंसा (प्रतीकात्मक तस्वीर, साभार : सोशल मीडिया)

Violence In UP : भारतीय जनता पार्टी (BJP) की पूर्व नेता नूपुर शर्मा (Nupur Sharma) द्वारा पैगंबर मोहम्मद (Prophet Muhammad) पर विवादित टिप्पणी को लेकर बीते दिन शुक्रवार को देशभर के कई शहरों में जुमे की नमाज के बाद हिंसा (Friday Violence over Prophet Row) और प्रदर्शन की तस्वीरें सामने आई हैं। उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में भी सहारनपुर, प्रयागराज, मुरादाबाद तथा हाथरस जैसे शहरों में अचानक प्रदर्शन के कारण हिंसा भड़क उठी। इस हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ यूपी सरकार सख्त रुख अपना रही है। अब तक इन सभी शहरों में हुई हिंसा को लेकर पुलिस ने 227 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया है। जिसमें सबसे अधिक गिरफ्तारियां उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जनपद में हुई हैं।

अब तक 200 से अधिक हुए गिरफ्तार

शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद हुई हिंसा मामले के बारे में जानकारी देते हुए यूपी एडीजी कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने बताया कि इस हिंसा में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी जारी है। प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश देकर उन्हें चिन्हित किया जा रहा है। बता दें इस मामले में अब तक सबसे अधिक गिरफ्तारी प्रयागराज जनपद से हुई है, जहां हिंसा में संलिप्त कुल 68 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसके बाद सहारनपुर जनपद से कुल 45 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। हाथरस से 20, अंबेडकर नगर से 23 मुरादाबाद से 7, फिरोजाबाद से 4, बिजनौर से 3 हिंसा के आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। माना जा रहा है इस मामले में अभी और अधिक गिरफ्तारियां की जा सकती है।

जुमे की नमाज के बाद हुई हिंसा

उत्तर प्रदेश समेत देश के कई राज्यों में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद प्रदर्शन और हिंसा की घटनाएं देखने को मिली। उत्तर प्रदेश में इस प्रदर्शन की शुरुआत सबसे पहले पश्चिमांचल के सहारनपुर जनपद से शुरू हुई। जहां नूपुर शर्मा के बयान के खिलाफ लोग जुमे की नमाज के बाद जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। जब प्रदर्शन और जुलूस में शामिल लोग शहर के नेहरू मार्केट इलाके में पहुंचे तब यहां दुकानों पर पथराव शुरू हो गया। जिसके बाद पूरे मार्केट में भगदड़ मच गई। मामले की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पुलिस ने पहुंचकर किसी तरह हालात को नियंत्रण में लिया। यहां पुलिस ने अब तक 45 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है।

जुमे की नमाज के बाद उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा प्रदर्शन प्रयागराज जनपद में देखने को मिला, जहां प्रदर्शनकारियों ने कई गाड़ियों में जमकर तोड़फोड़ कर उसे आग के हवाले कर दिया। स्थिति को नियंत्रण में करने पहुंचे प्रयागराज के जिलाधिकारी, एसएसपी, आईजी तथा एडीजी समेत कई अन्य लोग घायल भी हो गए। स्थिति नियंत्रण से बाहर होता देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर हालात पर काबू पाया। शुक्रवार को हुई हिंसा मामले को लेकर पुलिस ने प्रयागराज से अब तक कुल 68 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही वीडियो और फोटोस के आधार पर पुलिस कई अन्य प्रदर्शनकारियों की तलाश भी कर रही है।

सहारनपुर तथा प्रयागराज के अलावा उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर, मुरादाबाद, हाथरस जैसे शहरों में भी जुमे की नमाज के बाद हिंसक प्रदर्शन की खबरें सामने आई। जहां हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर जमकर लाठीचार्ज किया। इन सभी शहरों से मिलाकर अब तक कुल 200 से अधिक प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वीडियो और फोटो के आधार पर अन्य प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस द्वारा दबिश किया जा रहा है।

Bishwajeet Kumar

Bishwajeet Kumar

Next Story