×

Ghaziabad News: गैस सिलेंडर फटने से ढ़हा मकान, 2 बच्चे समेत 3 की मौत

Ghaziabad Cylinder Blast: हादसे की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंच पुलिस और दमकल विभाग की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है।

Krishna Chaudhary
Published on: 5 Oct 2022 7:07 AM GMT
Ghaziabad Cylinder Blast
X

गैस सिलेंडर फटने से ढ़हा मकान (photo: social media )

Ghaziabad Cylinder Blast: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक बड़ा हादसा हो गया। शहर के लोनी के बबलू गार्डन में बुधवार सुबह एक घर में गैस सिलेंडर फट गया। जिसके बाद पूरा मकान जमींदोज हो गया। मकान में मलबे में दो बच्चे समेत तीन लोगों की दबकर मौत हो गई। मलबे में कई और लोगों के दबे होने की सूचना है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंच पुलिस और दमकल विभाग की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है।

मिली जानकारी के मुताबिक, गाजियबाद के लोनी के बबलू गार्डन का दो मंजिला मकान है। मुनीर अपनी पत्नी, चार बेटों, दो बहू और बच्चों के साथ रहते थे। वह लोनी में ही ऑटो मैकेनिक और कढ़ाई का काम करते हैं। बुधवार सुबह साढ़े 10 बजे के आसपास घर में खाना बनाया जा रहा था, तभी अचानक सिलेंडर फट गया।

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, गैस रिसाव के कारण सिलेंडर में आग लग गई। इसके बाद तेज धमाके के साथ सिलेंडर फट गया। इससे मकान भरभराकर गिर गया और कई लोग महबे के नीचे दब गए। लोनी पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे से 5 लोगों को जख्मी अवस्था में बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान इनमें से तीन लोगों की मौत हो गई, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं। वहीं, मलबे में कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका है।

हादसे के समय मुनीर और उनका बेटा घर पर नहीं थे

बताया जा रहा है कि हादसे के समय मुनीर और उनका बेटा घर पर नहीं था। घर में महिलाएं और बच्चे थे। गाजियाबाद के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। जेसीबी की मदद से मलबे को हटाने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर दुख प्रकट किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए हैं।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story