TRENDING TAGS :
Ghaziabad नगर निगम का कैंप लगाकर धोखाधड़ी, 500 रुपए की काटी फर्जी रसीद
Ghaziabad News:विभाग की ओर से बताया गया, उक्त स्थान पर लगाया गया कैंप नगर निगम के डूडा कार्यालय द्वारा अधिकृत, अनुमोदित नहीं है। इस कैंप में नगर निगम के किसी कर्मचारी की तैनाती है।
कुछ इस तरह जारी हुई फर्जी रसीद (Social Media)
Ghaziabad News: गाजियाबाद नगर निगम के डूडा विभाग का कैंप लगाकर संजय नगर में लोगों से 500-500 रुपए वसूले गए। इस दौरान निगम में चल रही योजनाओं का लाभ देने का आश्वासन देते हुए लोगों से पैसे भी वसूले गए। शिविर लगाकर दुकान और मकान बनवाने के नाम पर पैसे लिए गए। इसके लिए बाकायदा लोगों को रसीद भी दी गई। हालांकि, ये पूरा मामला फर्जी निकला। स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत नगर निगम से की।
लोगों की ये रही शिकायत
अपनी शिकायत में लोगों ने आरोप लगाया कि, मेरठ निवासी अमित कुमार गाजियाबाद स्थित संजय नगर सेक्टर- 23 में पुलिस चौकी के सामने पानी की टंकी परिसर में कैम्प लगाकर पथ विक्रेता रजिस्ट्रेशन कार्ड बना रहा है। आम लोगों को आश्वस्त कर रहा है कि नगर निगम से उन लोगों को मकान भी दिलाया जाएगा।
क्या कहा DUDA ने?
विभाग की ओर से बताया गया, उक्त स्थान पर लगाया गया कैंप नगर निगम के डूडा कार्यालय (Duda office) द्वारा अधिकृत, अनुमोदित नहीं है। ना ही इस कैंप में डूडा या नगर निगम के किसी कर्मचारी की तैनाती है। यह व्यक्ति फर्जी दस्तावेज के आधार पर पथ विक्रेता रजिस्ट्रेशन कार्ड की फीस 120 से 500 रुपए वसूल रहा है। इस संबंध में नगर निगम के अधिकारियों ने दोषियों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज करवाई है।
आरोपी और साथियों के खिलाफ FIR दर्ज
नगर निगम के परियोजना अधिकारी संजय पथरिया ने बताया कि, 'शिकायत मिलने के बाद नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर आरोपी अमित कुमार और उसके साथियों के विरुद्ध थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोप है कि वह नगर निगम की योजनाओं के लिए लोगों से पैसे वसूल रहा था। इस दौरान उसके द्वारा नगर निगम गाजियाबाद की रसीद भी दी जा रही थी। मामला सामने आने पर कार्यवाही की गई।'