×

Ghosi Bypoll 2023: परिणाम से पहले जुबानी जंग, सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह ने EVM को बताया 'लादेन'! राजभर- सपाई पंडाल छोड़ भागेंगे

Ghosi By-Election 2023: घोसी उपचुनाव के रिजल्ट से पहले सपा कैंडिडेट सुधाकर सिंह ने कहा, 'पाकिस्तान में लादेन छिपा था। उसकी पहरेदारी हो रही थी, बावजूद अमेरिका ने आकाश से आकर उठा लिया था। पाकिस्तान को पता भी नहीं चल पाया।'

aman
Written By aman
Published on: 7 Sep 2023 1:27 PM GMT (Updated on: 7 Sep 2023 1:30 PM GMT)
Ghosi Bypoll 2023
X

बीजेपी के दारा सिंह चौहान और सपा नेता सुधाकर सिंह (Social Media)

UP Bypoll 2023: यूपी के घोसी विधानसभा सीट (Ghosi Assembly Seat) पर उप चुनाव के परिणाम 8 सितंबर को आना है। रिजल्ट से पहले सभी दलों की धड़कने तेज हैं। इस सीट पर मुख्यतः बीजेपी और समाजवादी पार्टी के उम्मीदवारों के बीच टक्कर है। दोनों ही दल अपनी-अपनी जीत के दावे कर रही है। शुक्रवार को मतों की गिनती के बाद ये पता चलेगा कि घोसी विधानसभा क्षेत्र की जनता का अगला विधायक कौन होगा। 2024 लोकसभा चुनाव से पहले इस चुनाव को 'सेमीफाइनल' के रूप में देखा जा रहा है। INDIA और NDA गठबंधन का भी लिटमस टेस्ट है।

घोसी विधानसभा सीट पर बीजेपी और समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों को मिलाकर कुल 10 कैंडिडेट मैदान में हैं। लेकिन, मुख्य मुकाबला भाजपा के दारा सिंह चौहान (Dara Singh Chauhan) और सपा के सुधाकर सिंह (Sudhakar Singh) के बीच ही माना जा रहा है।

सपा ने 'ओसामा बिन लादेन' से जोड़ा !

समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता स्ट्रांग रूम में रखी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) की रखवाली में जुटे हैं। बावजूद सपा उम्मीदवार सुधाकर सिंह की ओर से निष्पक्ष काउंटिंग (Fair Counting) को लेकर सवाल खड़े किए। सुधाकर सिंह ने मीडिया से बात करते हुए 'निष्पक्ष काउंटिंग' को लेकर सवाल उठाए। आख़िरकार उन्होंने इसे घुमा-फिरा कर 'ओसामा बिन लादेन' से जोड़ दिया। साथ ही, प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार की तुलना अमेरिकी सरकार से कर दी।

सुधाकर सिंह- सही-सलामत वोटों की गिनती हो जाए तो...

सपा कैंडिडेट सुधाकर सिंह ने एक मीडिया से बात करते हुए कहा, 'पाकिस्तान में लादेन छिपा था। उसकी पहरेदारी भी हो रही थी। बावजूद, अमेरिका ने आकाश से आकर उठा लिया था। पाकिस्तान जान भी नहीं पाया।' उन्होंने आगे कहा, 'कुछ भी हो सकता है। सही-सलामत वोटों की गिनती हो जाए तो घोसी की जनता 50 हजार वोटों से चुनाव जीत जाएगी। 50 हजार वोटों के धांधली के संबंध में पूछे गए सवाल पर सुधाकर सिंह ने कहा, 5000 पर एक जीरो ही तो बढ़ाना है, हो जाएगा।' सपा नेता ने ये भी कहा कि, 'अगर लोकतंत्र और प्रजातंत्र का सम्मान करते हैं तो सही-सलामत मतगणना करा दें।'

राजभर बोले- सपाई पंडाल छोड़कर भाग जाएंगे

हाल ही में NDA का हिस्सा बने सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर (Om Prakash Rajbhar) से जब सवाल पूछा गया तो उन्होंने दावा किया, 'एनडीए 100 प्रतिशत चुनाव जीतेगी। हम जीत रहे हैं। 11 बजते-बजते यही सपाई पंडाल छोड़कर भाग जाएंगे। घोसी उपचुनाव का समीकरण राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के पक्ष में आएगा। सपा के साथ कोई दूसरा दल खड़ा नहीं है।'

NDA से टूटकर INDIA में शामिल होंगे दल

इस बीच, बलिया से जनता दल यूनाइटेड (JDU) के प्रदेश उपाध्यक्ष अवलेश सिंह ने दावा किया कि, 'घोसी उप चुनाव का परिणाम आते ही कई पार्टियां राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) से टूटकर INDIA गठबंधन के साथ आने को फिर तैयार है।' अवलेश को पूरा भरोसा है कि, सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह ही जीत हासिल करेंगे।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story