TRENDING TAGS :
Gonda News:मिशन शक्ति अभियान हुआ आयोजित, बालिकाओं को ‘गुड टच-बैड टच’ की दी गई जानकारी
Gonda News: मिशन शक्ति अभियान के तहत जनपद के समस्त थानों में नियुक्त महिला बीट अधिकारियों द्वारा गांवों में चौपाल लगाकर महिलाओं और बालिकाओं की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।
Mission Shakti Abhiyan in Gonda (Photo: Social Media)
Gonda News: पुलिस अधीक्षक गोण्डा के नेतृत्व में मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत जनपद के समस्त थानों में नियुक्त महिला बीट अधिकारियों द्वारा गांवों में चौपाल लगाकर महिलाओं और बालिकाओं की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन प्रदान करना है, ताकि वे समाज में सशक्त बन सकें।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देश पर और अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी मनोज कुमार रावत तथा अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय के मार्गदर्शन में पूरे जिले में महिला बीट अधिकारियों और एंटीरोमियो टीम ने गांवों में जाकर महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं, हेल्पलाइन नंबरों, और नारी सुरक्षा के बारे में जागरूक किया। इसके अलावा, चौपालों में महिलाओं के द्वारा उठाए गए सवालों का समाधान किया गया। महिलाएं अब पुलिस चौकी बार-बार नहीं जाएं, इसके लिए शक्ति दीदी द्वारा गांव-गांव जाकर समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।
इसके साथ ही रैलियां आयोजित कर महिलाओं को नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन जैसे अधिकारों के बारे में जागरूक किया जा रहा है। इस अभियान के दौरान महिलाओं और बच्चों को "गुड टच-बैड टच" के बारे में बताया गया। बच्चों को यह जानकारी दी गई कि वे किसी अनजान व्यक्ति के बहकावे में न आएं और न ही उन्हें किसी तरह की खाने-पीने की चीजें लें। इसके साथ ही उन्हें चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
महिलाओं, बालिकाओं और बच्चों के खिलाफ बढ़ते अपराधों, जैसे छेड़छाड़, शोषण, एसिड अटैक और सोशल मीडिया के माध्यम से उत्पीड़न, की रोकथाम के लिए सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों 1090, 181, 102, 108, 1076, 1098, 1930 के बारे में भी जानकारी दी गई। इस अभियान के जरिए पुलिस ने यह सुनिश्चित किया है कि महिलाओं और बच्चों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार पुलिस थाने की दौड़ न लगानी पड़े और उनकी समस्याओं का निस्तारण गांव में ही हो सके।