TRENDING TAGS :
Gorakhpur News: गोरखपुर में पूर्व मुख्यमंत्री वीर बहादुर सिंह की बहू साधना सिंह होंगी जिपं अध्यक्ष प्रत्याशी
Gorakhpur News: गोरखपुर जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए पूर्व मुख्यमंत्री वीर बहादुर सिंह की बहू साधना सिंह को प्रत्याशी घोषित किया है।
पूर्व मुख्यमंत्री वीर बहादुर सिंह की फाइल फोटो साथ में साधना सिंह
Gorakhpur News: भाजपा ने गोरखपुर जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए पूर्व मुख्यमंत्री वीर बहादुर सिंह की बहू साधना सिंह को प्रत्याशी घोषित किया है। जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह को पार्टी प्रत्याशी घोषित किया है। प्रत्याशी की औचारिक घोषणा के साथ ही पार्टी की चुनावी तैयारियों में तेजी आई है। उनकी सीधी टक्कर सपा के उम्मीदवार आलोक गुप्ता से होगी।
पूर्व मुख्यमंत्री वीर बहादुर सिंह की बहू और विधायक फतेह बहादुर सिंह की पत्नी साधना सिंह वर्ष 2010 के चुनाव में जिला पंचायत अध्यक्ष बनी थीं। इस बार वार्ड नंबर 19 से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीतने के साथ ही उन्होंने अध्यक्ष पद के लिए पार्टी टिकट की दावेदारी पेश की थी।
हालांकि, पार्टी के चार जिला पंचायत सदस्यों ने भी टिकट के लिए अपना दावा प्रस्तुत किया था। इनमें साधना सिंह की दावेदारी को मजबूत माना जा रहा था। पार्टी के भीतर आैर बाहर भी साधना सिंह का प्रत्याशी बनना तय माना जा रहा था। पार्टी की तरफ से साधना सिंह को प्रत्याशी बनाने का संकेत देने के साथ ही बाकी दावेदारों को पार्टी की जीत सुनिश्चित करने को कहा जा चुका था।
अध्यक्ष की कुर्सी के लिए भाजपा को 16 मतों की दरकार
गोरखपुर में जिला पंचायत सदस्य की 68 सीटें हैं। चुनाव में भाजपा को 19 सीटों पर विजय मिली है। जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव जीतने के लिए 35 मत चाहिए। ऐसे में भाजपा को 16 मतों की जरूरत पड़ेगी। चुनावी नतीजों ने पार्टी रणनीतिकारों की भाग-दौड़ तेज कर दी है।
हालांकि, पार्टी नेताओं के मुताबिक अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी की एकतरफा जीत होगी। पार्टी के चार बागी और समान विचारधारा वाले कई निर्दल जिला पंचायत सदस्य भी भाजपा के साथ हैं। उधर, सपा की तरफ से भी जीत को लेकर दावे हैं।
महिलाओं के हाथों में रही है अध्यक्ष पद की कमान
गोरखपुर जिला पंचायत के गठन के साथ ही इसकी कमान महिलाओं के हाथों में रही है। शोभा साहनी पहली जिला पंचायत अध्यक्ष बनीं। इसके बाद सुभावती पासवान, चिंता यादव, साधना सिंह और गीतांजलि यादव जिला पंचायत अध्यक्ष बनीं। साधना सिंह अगर चुनाव जीतती हैं तो वे दो बार जिला पंचायत अध्यक्ष बनने का रिकार्ड बनाएंगी। इस बार अध्यक्ष की सीट सामान्य है।