Gorakhpur News : पीएम नरेन्द्र मोदी को हटाने की साजिश को भाजपा के कर्मयोगियों ने नाकाम किया, बोले केन्द्रीय राज्यमंत्री

Gorakhpur News : केन्द्रीय ग्रामीण विकास राज्य मन्त्री सांसद कमलेश पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को हटाने की खूब साजिश चली, लेकिन भाजपा के कर्मयोगी कार्यकर्ताओं की फौज ने उन सभी साजिशों को नाकाम करते हुए देश में तीसरी बार मोदी सरकार बनाने का कार्य किया।

Purnima Srivastava
Published on: 22 Aug 2024 2:35 PM GMT
Gorakhpur News : पीएम नरेन्द्र मोदी को हटाने की साजिश को भाजपा के कर्मयोगियों ने नाकाम किया, बोले केन्द्रीय राज्यमंत्री
X

Gorakhpur News : भारतीय जनता पार्टी गोरखपुर जिला इकाई की एक दिवसीय सदस्यता अभियान की कार्यशाला का आयोजन एनेक्सी भवन, सर्किट हाउस गोरखपुर में सम्पन्न हुआ। कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए केन्द्रीय ग्रामीण विकास राज्य मन्त्री सांसद कमलेश पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को हटाने की खूब साजिश चली, लेकिन भाजपा के कर्मयोगी कार्यकर्ताओं की फौज ने उन सभी साजिशों को नाकाम करते हुए देश में तीसरी बार मोदी सरकार बनाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि हमें पार्टी विचारधारा के लोगों को सदस्य बनाना है, ताकि भाजपा का परचम दुनिया में लहराए।

कार्यशाला को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित करते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानन्द राय ने कहा कि हम सौभाग्यशाली हैं कि जिस पार्टी से हम जुड़े हैं वह पार्टी राष्ट्र सर्वोपरि का भाव रखती है। मातृभूमि की सेवा, देश को समृद्धशाली बनाने का भाव संगठन के मूल में है। भाजपा मैं और मेरा नहीं, बल्कि हम और हमारा के भाव से अपने सामाजिक उत्तरदायित्व को निभाने वाली पार्टी है। आज भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन पायी है तो कारण कार्यकर्ता ही हैं।


भाजपा संगठन की प्राथमिक इकाई बूथ है। देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था का पालन करने वाला एक मात्र दल भाजपा ही है। भाजपा संगठन में बूथ, मंडल, जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय इकाई का गठन लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत होता है। जबकि कांग्रेस, सपा और इसके साथी अन्य दल परिवार वादी और व्यक्तिवादी हैं। इन दलों में लोकतांत्रिक व्यवस्था से कोई लेना देना नहीं है। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने पार्टी पदाधिकारियों से सदस्यता अभियान में गोरखपुर जिले को प्रदेश में अव्वल बनाने का आह्वान किया। कार्यशाला की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि व दीप प्रज्ज्वलन कर वन्दे मातरम गीत के उद्बोधन के साथ की गयी।

सदस्यता अभियान संगठन का महापर्व

कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह ने कहा कि सदस्यता अभियान संगठन का महापर्व है। इसमें प्रत्येक कार्यकर्ता और सभी जनप्रतिनिधियों को अपनी भागीदारी प्रस्तुत कर पूरे उत्साह के साथ लगकर अभियान को सफल बनाना है। उन्होंने कहा कि 2014 में जब डिजिटल सदस्यता शुरू हुई तो आप सभी कार्यकर्ताओं ने सर्वाधिक सदस्य बनाकर पार्टी को विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनाया। उन्ही कार्यकर्ताओं की बदौलत हम 2014 से लगातार विजयश्री प्राप्त कर रहे हैं। जिलाध्यक्ष ने बताया कि पार्टी नेतृत्व ने प्रत्येक बूथ कम से कम दो सौ सदस्य बनाने का दिया है। इसे हर हाल में हासिल करने का हौसला हम सभी को रखना है।


ये रहे मौजूद

कार्यशाला को कैम्पियरगंज विधायक फतेहबहादुर सिंह, पिपराइच विधायक महेन्द्र पाल सिंह, सहजनवा विधायक प्रदीप शुक्ला, चिल्लूपार विधायक राजेश त्रिपाठी, बासगाँव विधायक डॉ विमलेश पासवान ने भी सम्बोधित किया। संचालन जिला महामन्त्री सबल सिंह पालीवाल ने किया। कार्यशाला में भाजपा क्षेत्रीय मन्त्री जनार्दन तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष मार्कण्डेय राय,पूर्व विधायक बेचन राम, पूर्व विधायक सन्त प्रसाद, विभ्राट चन्द कौशिक, गुलाब रध्वज सिंह उर्फ महन्त सिंह, वंशबहादुर सिंह, लालजी गुप्ता, डॉ आरडी सिंह, मनोज कुमार शुक्ला, हरिकेश राम त्रिपाठी, सबल सिंह पालीवाल, डॉ बच्चा पाण्डेय नवीन, के एम मझवार, इंद्रकुमार निगम, सूरज निगम, चंद्रबाला श्रीवास्तव, चंचला शुक्ला, आनन्द शाही, मंजू सिंह, नीरज दुबे, हरिकेश पासवान, के बी सिंह, शहंशाह आलम, उपेंद्र गौड़, विनय कुमार सिंह आदि लोग उपस्थित थे।

Rajnish Verma

Rajnish Verma

Content Writer

वर्तमान में न्यूज ट्रैक के साथ सफर जारी है। बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की। मैने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत इंडिया एलाइव मैगजीन के साथ की। इसके बाद अमृत प्रभात, कैनविज टाइम्स, श्री टाइम्स अखबार में कई साल अपनी सेवाएं दी। इसके बाद न्यूज टाइम्स वेब पोर्टल, पाक्षिक मैगजीन के साथ सफर जारी रहा। विद्या भारती प्रचार विभाग के लिए मीडिया कोआर्डीनेटर के रूप में लगभग तीन साल सेवाएं दीं। पत्रकारिता में लगभग 12 साल का अनुभव है। राजनीति, क्राइम, हेल्थ और समाज से जुड़े मुद्दों पर खास दिलचस्पी है।

Next Story