Gorakhpur News: योगी के गढ़ में हुए उपचुनाव में भाजपा को मिली करारी हार, पंडित हरिशंकर तिवारी की प्रतिमा के विवाद के बीच हुई थी वोटिंग

Gorakhpur News: चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र के गोला तहसील के जिला पंचायत वार्ड नंबर 43 में हुए उपचुनाव में सपा समर्थित प्रत्याशी ने भाजपा समर्थित प्रत्याशी को करारी शिकस्त दी है।

Purnima Srivastava
Published on: 9 Aug 2024 1:49 PM GMT (Updated on: 9 Aug 2024 1:53 PM GMT)
In Yogi
X

गोरखपुर में गोला क्षेत्र में जिला पंचायत चुनाव में जीते सपा समर्थित संजय पासवान: Photo- Newstrack

Gorakhpur News: प्रदेश में दस विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव की तैयारियों में युद्धस्तर पर जुटी भाजपा को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ में ही बड़ा झटका लगा है। चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र के गोला तहसील के जिला पंचायत वार्ड नंबर 43 में हुए उपचुनाव में सपा समर्थित प्रत्याशी ने भाजपा समर्थित प्रत्याशी को करारी शिकस्त दी है। यह चुनाव पूर्व मंत्री पंडित हरिशंकर तिवारी की उनके गांव में लगाई जा रही प्रतिमा को लेकर उठे विवाद के बीच हुआ था। इस परिणाम से चिल्लूपार से भाजपा विधायक राजेश तिवारी की साख पर भी सवाल उठ रहा है।

गोला ब्लाक के जिला पंचायत के वार्ड नंबर 43 में हुए उप चुनाव में सपा समर्थित प्रत्याशी संजय पासवान 1559 मत से विजयी हुए। दूसरे स्थान पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी धर्मवीर भारती रहे। गोला विकास खंड स्थित जिला पंचायत वार्ड नंबर 43 के सदस्य जय प्रकाश भारती के निधन के बाद यह पद खाली हो गया था। जिसके लिए बीते मंगलवार को उप चुनाव को लेकर वोटिंग हुई थी। चुनाव में चार प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे।

8 अगस्त को विकास खंड गोला के सभागार में एसडीएम गोला राजू कुमार और बीडीओ दिवाकर सिंह की व्यवस्था में मतगणना हुई। एआरओ नीरज ने बताया कि मतगणना के लिए 10 काउंटर बनाए गए थे। 10 राउंड की मतगणना में सपा समर्थित प्रत्याशी संजय पासवान शुरू से ही बढ़त पर रहे। उनको कुल 5753 मत, भाजपा समर्थित प्रत्याशी धर्मवीर भारती 4194 मत, बसपा समर्थित प्रत्याशी अखीस कुमार को 3257, निर्दल सविता को 127 मत मिले। कुल मत 13686 पड़े थे, जिसमें 366 मत अवैध पाए गए।

केन्द्रीय मंत्री से लेकर दो विधायकों की प्रतिष्ठा थी दांव पर

गोला क्षेत्र बांसगांव लोकसभा सीट में आता हैं। यहां से जीते भाजपा सांसद कमलेश पासवान मोदी सरकार में केन्द्रीय ग्रामीण राज्यमंत्री बने हैं। वे कुछ दिन पहले क्षेत्र में भ्रमण भी किये थे। इतना ही नहीं चिल्लूपार से भाजपा विधायक राजेश तिवारी और भाजपा एमएलसी सीपी चंद भी इसे क्षेत्र से आते हैं। चुनाव प्रचार के बीच पूर्व मंत्री पंडित हरिशंकर तिवारी की प्रतिमा स्थापना को लेकर विवाद उठा था। इसका भी असर वोटरों में साफ दिखा था।

सपा जिलाध्यक्ष बृजेश गौतम का कहना है कि 2024 में लोकसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस गठबंधन के पक्ष में जो माहौल बना है, वह 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में भी दिखेगा। थाने से लेकर तहसील में भ्रष्टाचार चरम पर है। आम जनता भाजपा सरकार में कराह रही है।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story