×

Gorakhpur News: सीएम के नाम का फर्जी पत्र भेज बुलंदशहर की भाजपा नेता को शपथ के लिए गोरखपुर बुलाया, जानें पूरा मामला?

Gorakhpur News: बुलंदशहर के शेखूपुर रौरा की रहने वाले रीना चौधरी ने बताया कि दिनेश चौधरी-प्रधान सचिव (नारी शक्ति मिशन 2024) की तरफ से भेजे गए पत्र में उन्हें 30 नवम्बर को दिन में एक बजे गोरखपुर मठ कार्यालय पर बुलाया गया था।

Purnima Srivastava
Published on: 3 Dec 2023 3:52 AM GMT (Updated on: 3 Dec 2023 3:55 AM GMT)
Gorakhpur News
X

कैंट थाना क्षेत्र में दर्ज हुआ मुकदमा (Newstrack)

Gorakhpur News: बुलडोजर के दम पर कानून व्यवस्था के राज का दावा करने वाले योगी सरकार में उन्हीं के नाम पर फर्जीवाड़ा हो रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के फर्जी हस्ताक्षर से बुलंदशहर की एक भाजपा नेता को गोरखपुर बुलाया गया। पत्र में दावा था कि महिला को नारी शक्ति विशेष पदाधिकारी के रूप में शपथ दिलाया जाएगा। जिसमें कई मंत्री भी शामिल होंगे। अब मामला खुलने के बाद गोरखपुर पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है। एसएसपी द्वारा पत्र को फर्जी बताने के बाद पत्र भेजने वाले की तलाश की जा रही है।

बुलंदशहर के शेखूपुर रौरा की रहने वाले रीना चौधरी ने बताया कि दिनेश चौधरी-प्रधान सचिव (नारी शक्ति मिशन 2024) की तरफ से भेजे गए पत्र में उन्हें 30 नवम्बर को दिन में एक बजे गोरखपुर मठ कार्यालय पर बुलाया गया था। पत्र में नारी शक्ति विशेष पदाधिकारी के रूप में 30 नवम्बर की शाम 4.30 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा चार केन्द्रीय व सात राज्य कैबिनेट मंत्री की मौजूदगी में शपथग्रहण के कार्यक्रम की जानकारी दी गई थी। गोरखनाथ मंदिर पहुंचने के बाद महिला ने पत्र दिखाया तब पता चला कि यह फर्जी है। महिला ने बीते दिनों जनता दर्शन में मुख्यमंत्री से मिलकर इसकी शिकायत की। सीएम के निर्देश पर पत्र भेजने वाले कथित सचिव दिनेश चौधरी नामक व्यक्ति के खिलाफ कैंट थाने में जालसाजी का केस दर्ज किया गया है। एसएसपी डॉ.गौरव ग्रोवर ने बताया कि महिला की शिकायत पर जालसाजी का केस दर्ज किया गया है। अब तक की जांच में यह पत्र पूरी तरह से फर्जी पाया गया है। पत्र भेजने वाले की तलाश की जा रही है।

17 अक्टूबर को बुलंदशहर गए थे सीएम

रीना ने बताया कि 17 अक्टूबर को मुख्यमंत्री बुलंदशहर दौरे पर गए थे। उस दौरान उनका नाम ब्लाक की तरफ से भारतीय जनता पार्टी में विशेष जिम्मेदारी देने के लिए आया था। मुख्यमंत्री के निर्देश पर ही 30 नवम्बर को इस जिम्मेदारी को ग्रहण करने के लिए बुलाया जा रहा है। पत्र में यह भी लिखा गया है कि विशेष जिम्मेदारी देने के लिए चर्चा 08 नवम्बर 2023 को दिल्ली कार्यालय पर हुई थी। यह पत्र दिल्ली राष्ट्रीय कार्यालय से 09 नवम्बर 2023 को भेजे जाने का भी जिक्र गया गया है।

नारी शक्ति का पदाधिकारी घोषित करने का था दावा

रीना चौधरी को पत्र के जरिए बताया गया कि ब्लाक की सम्मानित महिला शक्ति होने के नाते मुख्यमंत्री द्वारा उन्हें बुलंदशहर में एक विशेष किया जाएगा। इसके लिए उनके पास मजबूत 15 महिलाओं की टीम अनिवार्य है, पार्टी के कार्य से कहीं भी जाने का भारतीय जनता पार्टी की तरफ से गाड़ी आदि का खर्च वहन होगा। मुख्य विकास अधिकारी एवं जिलाधिकारी की रिपोर्ट के अनुसार बुलंदशहर जिले से एक और सभी ब्लाकों पर एक-एक महिला शक्ति को चुना जाना है, उसमें भी उनकी राय अति आवश्यक होगी।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story