×

UP Constable Bharti 2024: नकली अंगूठे से पास हो गए, आंखों की पुतली के मिसमैच से पकड़े गए, CBI जांच की मांग

UP Constable Bharti 2024: दिलचस्प यह है कि ठगों ने वर्ष 2017 भर्ती का पुराना पर्चा देकर लाखों रुपये ऐठ लिए। ठगों ने अभ्यर्थियों से कहा कि यही प्रश्न आएंगे, रट लो।

Purnima Srivastava
Published on: 20 Feb 2024 3:45 AM GMT
UP Constable Bharti 2024: नकली अंगूठे से पास हो गए, आंखों की पुतली के मिसमैच से पकड़े गए, CBI जांच की मांग
X

UP Constable Bharti 2024: पुलिस भर्ती तो समाप्त हो गई, लेकिन इसकी शुचिता को लेकर गम्भीर सवाल उठ रहे हैं। गोरखपुर में दो दिनों में 10 से अधिक दलाल और साल्वरों की गिरफ्तारी तस्दीक कर रही है कि इनकी जड़े कितनी गहरी है। लोग सवाल कर रहे हैं तो जो पकड़े गए वे तो गिरफ्तार हो गए, लेकिन जितने पुलिस की नजरों से बच कर खेल कर गए ना जाने कितने होनहारों की जिंदगी बर्बाद करेंगे। पुलिस की जांच बता रही है कि भर्ती में सेंधमारी करने वाले दलालों ने नकली अंगूठा बनवा रखा था। अंगूठे की स्कैनिंग में तो ये बच निकले लेकिन आंखों की पुतली की जांच की नई व्यवस्था में ये फंस गए।

कैंट पुलिस व एसओजी टीम ने पुलिस भर्ती में सेंधमारी करने वाले जिन चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान खोराबार के कोनी निवासी जय पांडेय, लालपुर टीकर निवासी रामा यादव उर्फ रंजीत, अजय कुमार यादव व बनकटा देवरिया निवासी लाल साहब प्रसाद के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी को जेल भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, सिपाही भर्ती पास कराने के लिए जालसाजों ने चार तरीके अपनाए थे लेकिन उनके सभी मंसूबे फेल हो गए। प्रवेश पत्र बदलने और फर्जी तरीके से हस्ताक्षर कर अंदर दाखिल कराने की तैयारी में थे। इसके लिए नकली थंब इंप्रेशन भी बना लिया था, इसके अलावा साल्वर बैठाने की तैयारी में थे। हालांकि, रेटिना स्कैन होने की जानकारी के बाद उनका यह मंसूबा फेल हो गया।

2017 का पर्चा देकर कहा, इसे रट लो, यही प्रश्न आएंगे

दिलचस्प यह है कि ठगों ने वर्ष 2017 भर्ती का पुराना पर्चा देकर लाखों रुपये ऐठ लिए। ठगों ने अभ्यर्थियों से कहा कि यही प्रश्न आएंगे, रट लो। फिर अगले दिन सुबह परीक्षा केंद्र भेज दिया। पेपर में उनमें से कोई प्रश्न नही आया था। जिसके बाद तीनों अभ्यर्थियों, खोराबार सनहा निवासी सन्तोष कुमार, पटपर निवासी आदित्य यादव व भीटी रावत निवासी अनिकेत यादव ने कैंट थाने में अलग-अलग केस दर्ज कराया। एसपी सिटी कृष्ण कुमार विश्नोई व सीओ कैंट अंशिका वर्मा ने बताया कि सहारा स्टेट में जय पांडेय पहले से किराया का कमरा लेकर रहता था। एक व्यक्ति से 9 लाख में सौदा तय किया था। उन्होंने 24 लोगों से सम्पर्क किया लेकिन 3 इनके झांसे में आए। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने हर अभ्यथी से 9 लाख में सौदा तय किया था। 3 लाख परीक्षा के बाद एडवांस देना था।

प्रदर्शन कर सीबीआई जांच की मांग कर रहे

पुलिस भर्ती परीक्षा में पेपर लीक होने और धांधली का आरोप लगाकर अभ्यर्थियों और युवाओं ने प्रदर्शन शुरू कर दिया है। जिले में खजनी और सहजनवां क्षेत्र में प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने उनको समझाबुझाकर शांत कराया। खजनी थाना के समीप तिराहे पर पहुंचकर युवकों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। कस्बे का भ्रमण करके तिराहा पर पहुंचे। सड़क पर बैठकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। घघसरा में पुलिस भर्ती के अभ्यार्थियों ने सोमवार को तहसील पर प्रदर्शन कर एसडीएम ज्ञापन सौंपा। अभ्यर्थी पूरी भर्ती प्रक्रिया में हुई सेंधमारी को लेकर सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story