Gorakhpur: नाले की अधिक ऊंचाई देख सीएम योगी ने पूछा, बारिश में नाले से निकलेगा पानी? आसपास के मोहल्लों का क्या होगा?

Gorakhpur News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवरिया बाईपास पर बन रहे नाले की अधिक ऊंचाई को देखकर गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने इसके लिए पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई और नाले को नए सिरे से दुरुस्त करने का आदेश दिया।

Purnima Srivastava
Published on: 6 Jan 2024 2:19 PM GMT (Updated on: 6 Jan 2024 2:20 PM GMT)
Gorakhpur News
X

Gorakhpur News (Pic:Newstrack)

Gorakhpur News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर में हर तरफ विकास कार्य हो रहे हैं। अभी तक सीएम योगी बंद कमरे में विकास कार्यों की समीक्षा करते थे। लेकिन शनिवार को वह खुद विकास कार्यों का निरीक्षण करने पहुंच गए। देवरिया बाईपास पर उन्होंने पीडब्ल्यूडी द्वारा कराये जा रहे नाला निर्माण को देखा। जहां मानक से कहीं ऊंचा नाला बन रहा था। वहीं बरगदवा-भगवानपुर फ्लाईओवर के निरीक्षण में कार्य के सुस्त रफ्तार पर उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाई।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवरिया बाईपास पर बन रहे नाले की अधिक ऊंचाई को देखकर गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने इसके लिए पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई और नाले को नए सिरे से दुरुस्त करने का आदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नाले के बेतरतीब होने से यदि आसपास के मोहल्लों में जलभराव की नौबत आई तो खैर नहीं। सीएम योगी के कड़े तेवर ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के होश गुम हो गए। शनिवार शाम आरपीएम एकेडमी का शुभारंभ कर वापस लौटते हुए सीएम योगी अचानक देवरिया बाईपास पर बन रहे नाले का निरीक्षण करने पहुंच गए।

दरअसल, चिड़ियाघर के सामने उनका काफिला रुका और मुख्यमंत्री तुरंत नाले का पास पहुंच गए। उन्होंने नाले को झुककर भी देखा। अधिक ऊंचाई देखकर आसपास की कॉलोनियों में बरसात के दौरान जलभराव की आशंका के दृष्टिगत उनकी भृकुटि तन गई। उन्होंने कार्यदायी संस्था पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों की इंजीनियरिंग पर सवाल खड़े करते हुए सख्त लहजे में पूछा कि जब नाला इतनी ऊंचाई पर होगा तो आसपास के मोहल्लों का क्या होगा। मुख्यमंत्री के सवाल पर अधिकारियों को कोई जवाब नहीं सूझ रहा था। उन्होंने दो टूक चेतावनी दी कि नाला दुरुस्त करें। नाला लोगों की सहूलियत के लिए बन रहा है इसलिए ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए जिससे आमजन को कोई दिक्कत नहीं होने पाए।

बरगदवा-भगवानपुर फ्लाई ओवर के सुस्त रफ्तार पर हुए नाराज

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासनिक अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया है कि बरगदवा-भगवानपुर फ्लाईओवर के निर्माण कार्य को खिचड़ी मेले के बाद तीव्रतम किया जाए। रेलवे क्रॉसिंग पर पुल का निर्माण चारो लेन के सितंबर 2024 तक पूरा कर लिया जाए। सीएम योगी शनिवार दोपहर बरगदवा-भगवानपुर फ्लाईओवर के निर्माण कार्य की प्रगति का मौके पर जायजा ले रहे थे। इस दौरान उन्होंने फ्लाई ओवर के मैप का अवलोकन भी किया।

उन्होंने निर्माण कार्य मे तेजी लाने के लिए पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से कहा कि जल्द से जल्द मार्ग में पड़ने वाले विद्युत पोलों को हटवाने की व्यवस्था कर ली जाए। खिचड़ी मेले के बाद यहां कार्य युद्ध स्तर पर नजर आना चाहिए। मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान रेलवे की तरफ से बताया गया कि फ्लाई ओवर के मार्ग में आने वाले रेलवे क्रासिंग पर सितंबर 2024 तक दो लेन का पुल तैयार हो जाएगा। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अवधि तक कार्य मे तेजी लाकर चार लेन पुल तैयार करने के प्रयास होने चाहिए।

Durgesh Sharma

Durgesh Sharma

Next Story