×

Gorakhpur News: आतंकवादियों की पैरवी करने वालों को राममंदिर बुरा ही लगेगा, रामगोपाल यादव के बयान पर योगी का पलटवार

Gorakhpur News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि तीन चरण में 285 लोकसभा सीटों पर चुनाव संपन्न हो गया है। 10 राज्यों में घूम चुका हूं।

Purnima Srivastava
Published on: 10 May 2024 7:54 AM GMT
Cm yogi
X

CM Yogi (photo: social media )

Gorakhpur News: गोरखपुर से भाजपा प्रत्याशी रवि किशन शुक्ला के नामांकन के बाद शुक्रवार को दिग्विजयनाथ पार्क में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा और कांग्रेस पर जमकर हमला किया। सपा नेता रामगोपाल यादव का नाम लिये बिना योगी बोले, सपा के लोगों को मंदिर बेकार लग रहा है। आतंकवादियों की पैरवी करने वालों को मंदिर तो बेकार ही लगेगा। इसी सपा और कांग्रेस की घुटनाटेक नीति के चलते संकटमोचन मंदिर से लेकर देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर आतंकी हमले हुए। जिससे हजारों लोगों को जान गंवानी पड़ी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि तीन चरण में 285 लोकसभा सीटों पर चुनाव संपन्न हो गया है। 10 राज्यों में घूम चुका हूं। पूरे देश में फिर एक बार मोदी सरकार की गूंज है। जो राम को लाए हैं, वे ही राम राज्य को ला सकते हैं। सभी समस्या का समाधान राम राज्य है। जो राम को लाए हैं यानी जो रामराज्य लाए हैं। योगी ने कहा कि मोदी सरकार में राशन चेहरा देखकर नहीं दिया जा रहा है। सपा-कांग्रेस में चेहरा देखकर लाभ मिलता है। 50 करोड़ जनधन का एकाउंट खुला है। दिल्ली से पैसा आता है तो सीधे लाभ खाते में मिल रहा है। पहले एक जिले में दो-चार मकान आते थे। गोरखपुर में ही एक लाख से अधिक मकान बन गए हैं। आप गिनते गिनते थक जाएंगे विकास के कार्य की गिनती पूरी नहीं कर पाएंगे। योगी ने कहा कि पहले इंसेफेलाइटिस से हर साल हजारों मासूमों की जान जाती थी। अब इंसेफेलाइटिस को पूरी तरह समाप्त कर दिया गया। माफिया और मच्छर भी समाप्त हो गए हैं। सपा, कांग्रेस, बसपा ने हार मान लिया है। योगी ने कहा कि आपके वोट से मोदी ने देश में विकास का चमात्कार कर दिया। यह चुनाव सत्ता प्राप्त करने का नहीं है। विकसित और आत्मनिर्भर भारत के लिए चुनाव हो रहा है। योगी ने मतदान की अपील करते हुए कहा कि रवि किशन सभी के घर नहीं जा सकते हैं। आप सभी को पीएम नरेन्द्र मोदी और मेरी तरफ से रवि किशन बनना होगा। चुनाव प्रचार खत्म होने के चंद घंटे पहले हम रोड शो करेंगे। चुनाव जीतना है। रिकॉर्ड बहुमत से। पिछले बार से अधिक वोट से जिताने की जिम्मेदारी आपकी है। विकास और सुरक्षा की गारंटी मोदी जी और मेरी है। विपक्ष हताश निराश हो जाए इसके लिए अभी से जुट जाएं। इसमें पहले रवि किशन शुक्ला ने नामांकन किया। उनके प्रस्तावक में महापौर डॉ.मंगलेश श्रीवास्तव, पिपराइच विधायक महेन्द्र पाल सिंह, रमाकांत निषाद आदि प्रमुख थे।

मंदिर की लाज रख लीजियेगा: रवि किशन

रवि किशन शुक्ला ने कहा कि सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गोरखपुर को मच्छर और माफिया चले से छुटकारा मिला। गीडा में उद्योग लग रहे हैं। रामगढ़झील में सैलानी आ रहे हैं। क्रूज से लेकर फ्लोटिंग रेस्टोरेंट संचालित हो रहा है। ट्रेन से लेकर हवाई जहाज की सुविधा मिल रही है। हर तरफ विकास दिख रहा है। मंदिर का लाज रख लीजियेगा। अब मोदी-योगी का ऋण चुकाने का समय है। कैम्पियरगंज विधायक फतेह बहादुर सिंह ने कहा कि पूरे प्रदेश में मोदी-योगी की लहर है। भाजपा पूरे प्रदेश की 80 सीटों पर जीतने जा रही है। महापौर डॉ.मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि जिन्हें गोरखपुर में विकास नहीं दिखता उन्हें अपनी आंखों का इलाज कराना चाहिए।



Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story