×

Gorakhpur: 'कोई भी ताकत परास्त नहीं कर सकेगी बीजेपी को', चुनाव से पहले CM योगी की हुंकार

Gaon Chalo Campaign: गोरखपुर में सीएम योगी ने गांव चलो अभियान में वनटांगिया के रजही गांव पहुंच शासन की योजनाओं में लाभांवित लाभार्थियों से संवाद किया। पार्टी कार्यकर्ताओं से भी मिले और चर्चा की।

Purnima Srivastava
Published on: 14 Feb 2024 3:28 PM GMT (Updated on: 14 Feb 2024 4:36 PM GMT)
Gaon Chalo Campaign
X

वनटांगिया गांव रजही में ग्रामीणों से संवाद करते सीएम योगी (Social Media) 

CM Yogi in Gorakhpur: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'गांव चलो अभियान' के अंतर्गत बुधवार (14 फ़रवरी) को वनटांगिया गांव रजही में ग्रामीणों से संवाद करने से पूर्व भाजपा बूथ समिति के पदाधिकारी व पन्ना प्रमुखों के साथ बैठक की। उनसे उनके द्वारा किए जा रहे सांगठनिक कार्यों, मतदाता सूची की अधिकतम स्थिति और शासन की योजनाओं के बारे में बूथ स्तर पर जारी प्रयासों की जानकारी ली। मेरा बूथ, सबसे मजबूत के मंत्र को दोहराते हुए उनमें जोश का संचार किया। कहा कि हर पात्र को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराकर बूथ को इतना सशक्त बनाना है कि कोई भी ताकत भाजपा को परास्त न कर सके।

पार्टी पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं से किया संवाद

रजही गांव में भ्रमण से पूर्व सीएम योगी ने पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया। इसमें बूथ समिति के पदाधिकारी व पन्ना प्रमुख प्रमुख रूप से शामिल रहे। मुख्यमंत्री ने परिचय प्राप्त करने के बाद यह जानकारी ली कि मतदाता सूची, व्हाट्सएप समूह बनाने, नमो एप पर डाउनलोड करने के संबंध में मिले दायित्व कहां तक आगे बढ़े हैं। साथ ही यह पूछा कि किसके बूथ पर कितने लोगों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिला है।


'मेरा बूथ, सबसे मजबूत' मंत्र

सीएम योगी ने कहा कि, 'पीएम मोदी की मंशा के अनुरूप हर बूथ पर योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए संतृप्तिकरण के शत-प्रतिशत लक्ष्य को प्राप्त करना है। उन्होंने उत्साह को और बढ़ाते हुए कहा कि जो पार्टी जनता के बीच में रहकर जनता का कार्य करेगी, उसी पार्टी के लोग बार-बार जनप्रतिनिधि बनकर जाएंगे। सीएम योगी ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को मेरा बूथ, सबसे मजबूत के मंत्र को हमेशा ध्यान में रखना होगा। इस मंत्र के अनुसार काम करने से चुनाव आपके पक्ष में आएगा और भाजपा हर बूथ जीतेगी। कोई भी ताकत आपको हर नहीं पाएगी।'


विकसित भारत के संकल्प से जुड़ें

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि, 'हम सबका एक ही संकल्प है, प्रधानमंत्री की मंशा के अनुरूप विकसित भारत के संकल्प से जुड़ना और इस संकल्प को पूर्ण करना। गांव चलो अभियान भी इसी संकल्प का हिस्सा है। इसमें शासन की योजना का लाभ प्राप्त कर चुके लोगों की सफल कहानी सुनी जाएगी। साथ ही उन लोगों को योजनाओं के लाभ से जोड़ने का काम आगे बढ़ाया जाएगा जो किन्हीं कारणों से अभी तक वंचित हैं।


सांसद सहित ये रहे मौजूद

इस अवसर पर सांसद रवि किशन शुक्ल, जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक विपिन सिंह, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय आदि, जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख वंदना सिंह, रणविजय सिंह आदि भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story