TRENDING TAGS :
Gorakhpur News: सीएम योगी के ‘घर’ में ब्राह्मण जिलाध्यक्ष और कायस्थ महानगर अध्यक्ष पर भरोसा, जानें जातीय समीकरण
Gorakhpur News: योगी के गढ़ में ब्राह्मण और कायस्थ बिरादरी के अध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष की घोषणा के राजनीतिक निहीतार्थ तलाशे जा रहे हैं।
Gorakhpur News (Image From Social Media)
Gorakhpur News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जिले में भाजपा ने जिलाध्यक्ष के रूप में जनार्दन तिवारी और महानगर अध्यक्ष के रूप में देवेश श्रीवास्तव के नाम पर मुहर लगाई है। रविवार को अगल-अलग कार्यक्रमों दोनों के नाम की घोषणा की गई। योगी के गढ़ में ब्राह्मण और कायस्थ बिरादरी के अध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष की घोषणा के राजनीतिक निहीतार्थ तलाशे जा रहे हैं।
गोरखपुर में भटहट क्षेत्र के बरगदही खास गांव के रहने वाले जनार्दन तिवारी ब्राह्मण बिरादरी के हैं। वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बेहद करीबी बताए जा रहे हैं। योगी 2019 में जिलाध्यक्ष से हटाए जाने के बाद जनार्दन को प्रदेश संगठन में देखना चाहते थे। लेकिन उन्हें क्षेत्रीय संगठन में मंत्री की जिम्मेदारी दी गई। ब्राह्मण बिरादरी के दखल की बात करें तो सांसद रवि किशन शुक्ला के साथ ही सहजनवां विधायक प्रदीप शुक्ला से लेकर चिल्लूपार विधायक राजेश तिवारी ब्राह्मण बिरादरी के हैं। भाजपा के नये जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी पूर्व में भाजपा के दो बार लगातार जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं। वर्ष 2012-16 और 2016 से 2019 तक जिलाध्यक्ष रहे। सपा खेमे में पूर्व कैबिनेट मंत्री पंडित हरिशंकर तिवारी के पुत्र और पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी और पूर्व सांसद भीष्म शंकर तिवारी का पूर्वांचल में खासा असर है। ऐसे में ब्राह्मण बिरादरी पर दांव लगाना अहम माना जा रहा है। पूर्व जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह सैंथवार बिरादरी के थे। गोरखपुर से ही एमएलसी और प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ.धर्मेन्द्र सिंह और पिपराइच विधायक महेन्द्र पाल सिंह भी सैंथवार बिरादरी के हैं।
कायस्थों के गढ़ में देवेश पर भरोसा
भाजपा ने कायस्थ बिरादरी के देवेश श्रीवास्तव को महानगर अध्यक्ष बनाकर भाजपा ने कायस्थों को खुश करने की कोशिश की है। गोरखपुर शहर के साथ ही ग्रामीण विधानसभा में कायस्थ बिरादरी की संख्या डेढ़ लाख से अधिक बताई जाती है। शहर के कल्याणपुर मोहल्ले में रहने वाले देवेश श्रीवास्तव के पिता उमेश श्रीवास्तव भी महानगर अध्यक्ष रह चुके हैं। वर्तमान में महापौर डॉ.मंगलेश श्रीवास्तव भी कायस्थ बिरादरी के हैं। इसके पहले राहुल श्रीवास्तव 2016 से लेकर 2019 तक महानगर अध्यक्ष रह चुके हैं। कायस्थ बाहुल्य गोरखपुर विधानसभा से संघ से जुड़े अवधेश श्रीवास्तव के साथ ही कांग्रेस के सुनील शास्त्री तक यहां से विधायक रह चुके हैं।