×

Lal Krishna Advani: आडवाणी को भारत रत्न मिलने से गदगद हैं उनके संघर्षों के साथी, ऐसे किया याद

Lal Krishna Advani: भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और राम मंदिर आंदोलन के अगुआ लाल कृष्ण आडवाणी को भारत रत्न दिये जाने की घोषणा से उनके साथ संघर्ष करने वाले काफी गदगद हैं।

Purnima Srivastava
Published on: 3 Feb 2024 9:31 AM GMT
lal krishna advani
X

आडवाणी को भारत रत्न मिलने से गदगद हैं उनके संघर्षों के साथी (न्यूजट्रैक)

Lal Krishna Advani: भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और राम मंदिर आंदोलन के अगुआ लाल कृष्ण आडवाणी को भारत रत्न दिये जाने की घोषणा से गोरखपुर में उनके साथ संघर्ष करने वाले काफी गदगद हैं। लाल कृष्ण आडवाणी का गोरखनाथ मंदिर के करीबी रिश्ता रहा है। वह जब भी गोरखपुर आते थे अपने समर्थकों के घर जरूर जाते थे। उनका भोजन भाजपा के क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष पुष्पदंत जैन के वहां से आता था। वह शहर के प्रतिष्ठित मिठाई कारोबारी मदन जालान के वहां भी आ चुके हैं।

वर्ष 1994 में लाल कृष्ण आडवाणी गोरखपुर आए थे तब उन्होंने समर्थकों के साथ कोषाध्यक्ष पुष्पदंत जैन के वहां ही भोजन किया था। तब उन्हें पुष्पदंत जैन की मॉ श्रीमती सूरज देवी ने शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया था। पुष्पदंत जैन बताते हैं कि राम मंदिर आंदोलन को लेकर आडवाणी जी जैसा समर्पण विरले लोगों में दिखा। भाजपा का संगठन जिस मजबूती से आज खड़ा है, उसे खाद पानी देने वाले आडवाणी ही थे। भारत रत्न जैसा पुरस्कार मिलने से भाजपा का हर छोटा बड़ा कार्यकर्ता अपने को गौरवान्वित महसूस कर रहा है। गोरक्षपीठ से उनका भावनात्मक रिश्ता है। लाल कृष्ण आडवाणी का ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ से काफी आत्मीय रिश्ता था। वह गोरखपुर आते थे तो गोरखनाथ मंदिर दर्शन को जाते। वह काफी देर तक मंदिर आंदोलन को लेकर महंत अवेद्यनाथ से चर्चा करते थे।

आडवाणी के स्वागत में हुए विवाद में सांसद को हो चुकी है सजा

30 साल पहले एक राजनीतिक कार्यक्रम के दौरान हुए बवाल में देवरिया के सांसद डॉ. रमापति राम त्रिपाठी एवं गोरखपुर के भाजपा नेता संतराज यादव को एक-एक साल की सजा के साथ ही जुर्माना लगाया जा चुका है। मामला 16 जुलाई 1994 का है, जब भाजपा के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष लालकृष्ण आडवाणी की रथ यात्रा के दौरान डॉ. रमापति राम त्रिपाठी एवं संतराज यादव की पुलिस से झड़प हो गई थी।

पुलिस वालों ने भाजपा नेताओं पर हाथापाई करने और पिस्टल छीनने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराया था। तत्कालीन दारोगा शिवमंगल सिंह मुताबिक, भाजपा नेताओं ने पुलिस वालों पर थप्पड़ भी चलाया था। देवरिया के सांसद डॉक्टर रमापति राम त्रिपाठी ने बताया कि आडवाणी जी की रथ यात्रा के दौरान सपा के कुछ लोगों ने काला झंडा दिखाया था। जिसका हमारे कार्यकर्ताओं ने विरोध किया था। आज आडवाणी को भारत रत्न मिलना भाजपा कार्यकर्ताओं को सकून दे रहा है।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story