Lok Sabha Election 2024: भाजपा के पत्ते खोलने के बाद योगी के गढ़ में घेरेबंदी में जुटा विपक्ष

Lok Sabha Election 2024: भाजपा द्वारा टिकट की घोषणा के बाद सदर सांसद रवि किशन शुक्ला ने गोरखनाथ मंदिर पहुंचकर बाबा गोरखनाथ का दर्शन करने के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ से आशीर्वाद लिया।

Purnima Srivastava
Published on: 3 March 2024 3:37 AM GMT (Updated on: 3 March 2024 4:02 AM GMT)
Lok Sabha Election 2024
X

सीएम से मिलने पहुंचे रवि किशन, कमलेश पासवान और विजय दुबे (Newstrack)

Lok Sabha Election 2024: गोरखपुर-बस्ती मंडल की नौ लोकसभा सीटों में से देवरिया को छोड़कर भाजपा ने एक बार फिर पुराने चेहरों पर ही दांव लगाया है। इन नौ सीटों में से गोरखपुर में सपा-कांग्रेस गठबंधन से काजल निषाद और बस्ती में राम प्रसाद चौधरी के नाम की घोषणा को छोड़ दें तो विपक्ष को अभी पत्ते खोलना है। देवरिया, बांसगांव और महराजगंज की लोकसभा सीट कांग्रेस के खाते में है। शेष 4 सीटों पर सपा को भाजपा के मुकाबले के लिए मजबूत प्रत्याशी तलाशना है।

गोरखपुर लोकसभा सीट पर तस्वीर साफ हो गई है। यहां भाजपा के रवि किशन और सपा की काजल निषाद के बीच सीधी टक्कर होगी। बसपा यदि यहां वोट काटने की भूमिका में भी आ सकती है। वहीं बांसगांव लोकसभा सीट कांग्रेस के खाते में हैं। यहां कांग्रेस को मजबूत चेहरा तलाशना है। पूर्व सांसद कमल किशोर कमांडो के साथ जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान प्रबल दावेदार मानी जा रही हैं।


देवरिया सीट पर भाजपा ने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। ऐसे में डॉ.रमापति राम त्रिपाठी के टिकट को लेकर लोग अपने-अपने तरीके से चर्चा कर रहे हैं। यहां शलभ मणि की चर्चा है। हालांकि पिछले दिनों सपा सरकार में मंत्री रहे राधेश्याम सिंह के सुर जिस प्रकार बदले हैं, उसे देखते हुए चर्चाओं का बाजार गर्म है। हालांकि राजनीतिक जानकार मान रहे हैं कि राधेश्याम की भाजपा में एंट्री आसान नहीं है। ऐसे में शलभ मणि त्रिपाठी या फिर किसी नये चेहरे पर भाजपा दांव लगा सकती है। देवरिया जिले की सलेमपुर सीट से पार्टी ने लगातार तीसरी बार रविन्द्र कुशवाहा को टिकट दिया है। दो बार के सांसद रविन्द्र कुशवाहा पूर्व सांसद हरिकेवल प्रसाद के पुत्र हैं। डुमरियागंज में उम्र के बैरियर के चलते जगदम्बिका पाल के टिकट को लेकर संशय था। लेकिन पुराने खिलाड़ी पाल टिकट हासिल करने में कामयाब रहे हैं।

महराजगंज में सातवीं पर जीत के लिए दावेदारी करेंगे पंकज

महराजगंज में पंकज चौधरी सातवीं जीत के लिए चुनावी मैदान में रहेंगे। यहां से सपा-कांग्रेस गठबंधन की तरफ से कांग्रेस को टिकट की घोषणा करनी है। यहां से पार्टी तेजतर्रार प्रवक्ता और पूर्व सांसद स्व.हर्षवर्धन की पुत्री सुप्रिया श्रीनेत को उतार सकती है। वहीं, कुशीनगर से विजय दुबे पर पार्टी ने एक बार फिर भरोसा जताया है। कुशीनगर में पूर्व मंत्री आरपीएन सिंह को राज्यसभा में भेजे जाने के बाद विजय दुबे का टिकट तय माना जा रहा था। यहां सपा किस चेहरे पर दांव लगाएगी तय होना है।

संजय निषाद की संतकबीर नगर में होगी परीक्षा

संतकबीर नगर में निषाद पार्टी के अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद के पुत्र प्रवीण निषाद को पार्टी ने एक बार फिर मैदान में उतारा है। उन्होंने 2018 में गोरखपुर लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में सपा के टिकट पर भाजपा के उपेन्द्र दत्त शुक्ला को हराकर जीत हासिल की थी। इसके बाद 2019 में उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया। संतकबीरनगर सीट पर उन्होंने पूर्व सांसद भीष्म शंकर उर्फ कुशल तिवारी को हराकर जीत हासिल की थी। भीष्म शंकर श्रावस्ती जिले से तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में यहां सपा को नए चेहरे पर दांव लगाना है। वहीं बस्ती सीट से पार्टी ने हरीश द्विवेदी पर एक बार फिर भरोसा जताया है। उन्होंने 2014 और 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में अच्छे वोटों के अंतर से जीत हासिल किया था। बस्ती में सपा की तरफ से राम प्रसाद चौधरी मैदान में हैं।

गोरखनाथ मंदिर पहुंचे सांसद रवि किशन, सीएम से लिया आशीर्वाद

भाजपा द्वारा टिकट की घोषणा के बाद सदर सांसद रवि किशन शुक्ला ने गोरखनाथ मंदिर पहुंचकर बाबा गोरखनाथ का दर्शन करने के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ से आशीर्वाद लिया। सांसद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह के प्रति आभार जताया। सीएम से मिलने वालों में बांसगांव के सांसद कमलेश पासवान, कुशीनगर के सांसद विजय दूबे के अलावा महापौर डॉ.मंगलेश श्रीवास्तव उपस्थित रहे।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story