Gorakhpur News: माफिया सुधीर सिंह की प्रशासन ने कुर्क की 100 करोड़ की संपत्ति, माफिया ने घोषित की थी 2.9 करोड़ की संपत्ति

Gorakhpur News: डीएम के निर्देश पर रविवार को बड़ी संख्या में पुलिस सहजनवा पहुंची। डीएम की संस्तुति मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम सभी संपत्तियों को जब्त कर कुर्की कर रही है।

Purnima Srivastava
Published on: 22 Oct 2023 2:33 PM GMT
Gorakhpur News
X

Gorakhpur News (Pic:Newstrack)

Gorakhpur News: माफिया सुधीर सिंह की 100 करोड़ रुपये की संपत्ति रविवार को जिला प्रशासन की टीम ने कुर्क कर लिया। अभी करीब 300 करोड़ की संपत्ति और कुर्क की जानी है। पिछले साल सुधीर सिंह ने बसपा के टिकट पर सहजनवा विधानसभा से चुनाव लड़ा था। तब उसने चुनाव आयोग को दिये हलफनामे में 2.9 करोड़ की संपत्ति घोषित की थी। अंडरग्राउंड क्राइम की जड़े तलाशने में जुटी पुलिस को माफिया सुधीर सिंह की 400 करोड़ रुपये की बेनामी संपत्ति का पता चला था। जांच में पता चला कि माफिया ने करोड़ों की संपत्ति को हड़पने के लिए दानपत्र का इस्तेमाल किया है। ऐसी 13 जमीनों के दस्तावेज पुलिस के हाथ लगे हैं, जिसका सत्यापन किया गया है।

डीएम के निर्देश पर हुई कार्रवाई

डीएम के निर्देश पर रविवार को बड़ी संख्या में पुलिस सहजनवा पहुंची। डीएम की संस्तुति मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम सभी संपत्तियों को जब्त कर कुर्की कर रही है। पुलिस ने जांच की तो पता चला है कि उसके नाम से 21 संपत्तियां हैं, जिसमें से आठ पैतृक हैं, जबकि 13 संपत्ति दानपत्र पर हैं। दानपत्र की संपत्ति की पुलिस ने जांच की। अब सभी संपत्तियों की सूची तैयार कर प्रशासन को रिपोर्ट भेजी गई है।

आरोपी पर दर्ज है दर्जनों केस

डीएम की अनुमति मिलते ही इस पर कार्रवाई कर दी जाएगी। एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है। गैंगस्टर एक्ट के तहत जो भी अपराध से अर्जित संपत्ति की जानकारी होगी, उस पर कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि माफिया सुधीर सिंह पर गोरखपुर के अलावा लखनऊ में भी केस दर्ज हैं। उसके खिलाफ कुल 36 केस दर्ज हैं। शाहपुर में डकैती और लूट, कैंट में हत्या, गुलरिहा में डकैती और हत्या की कोशिश, शाहपुर में गैंगस्टर व आर्म्स एक्ट के केस दर्ज हैं।

बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ चुका है सुधीर

अपराध से राजनीति की दुनिया में कदम रखकर ब्लॉक प्रमुख बना माफिया सुधीर सिंह जमीन का कारोबार करता है। वह बसपा के टिकट पर विधानसभा का चुनाव भी लड़ चुका है। बीते दिनों माफिया को जेल भिजवाने के साथ ही पुलिस ने गैंगस्टर की कार्रवाई की थी। इसके तहत उसकी 14 करोड़ की संपत्ति को जब्त कर लिया था। पुलिस ने सितंबर 2022 में दो बार में माफिया के शाहपुर इलाके में आवास समेत अन्य जगहों में स्थित संपत्ति को जब्त किया था।

Durgesh Sharma

Durgesh Sharma

Next Story