Gorakhpur News: किरायेदारों से कूड़ा कलेक्शन कर हर महीने एक करोड़ की कमाई करेगा नगर निगम, यूजर चार्ज पर बंटे हैं पार्षद

Gorakhpur News: गोरखपुर नगर निगम आम लोगों पर कर का बोझ लगाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहा है। अब भवन मालिकों के साथ ही किरायेदारों से भी कूड़ा कलेक्शन के लिए यूजर चार्ज वसूलने की तैयारी है।

Purnima Srivastava
Published on: 9 Oct 2024 2:12 AM GMT
Gorakhpur News ( Pic- Newstrack)
X

Gorakhpur News ( Pic- Newstrack)

Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश का गोरखपुर नगर निगम आम लोगों पर कर का बोझ लगाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहा है। अब भवन मालिकों के साथ ही किरायेदारों से भी कूड़ा कलेक्शन के लिए यूजर चार्ज वसूलने की तैयारी है। किरायेदारों के यूजर चार्ज से हर महीने एक करोड़ रुपये कमाई हो सकती है। हालांकि नगर निगम के सख्ताहाल संसाधनों को देखते हुए खुद भाजपा के पार्षद ही सवाल खड़े कर रहे हैं।

नगर निगम क्षेत्र में करीब 1.75 लाख भवन के साथ ही 50 हजार से अधिक कमर्शियल प्रतिष्ठान है। अभी नगर निगम 60 फीसदी से भी डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन नहीं कर पा रहा है। इसकी वजह है कि 3000 से 4000 आवास के बीच कूड़ा उठाने के लिए तीन से चार गाड़ियां ही हैं। कई वार्डों में तो अभी कूड़ा कलेक्शन शुरू ही नहीं हो सका है। आजाद चौक के भाजपा पार्षद धर्मेन्द्र सिंह ने नगर निगम बोर्ड की बैठक में सोमवार को किरायेदारों से यूजर चार्ज वसूलने का मुद्दा उठाया था। पार्षद के प्रस्ताव पर नगर निगम अमल करने की तैयारी में है। यूजर चार्ज वसूली की जद में एक लाख से अधिक लोग आ सकते हैं। हालांकि नगर निगम खुद स्वीकारता है कि उसकी कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों की पहुंच 70 फीसदी घरों तक ही है। ऐसे में यूजर चार्ज बमुश्किल 60 फीसदी आवासीय मकानों से वसूला जा रहा है। कई वार्ड में किरायेदारों से भी 100 रुपये यूजर चार्ज की वसूली हो रही है।

किरायेदारों के लिए होगा सर्वे

नगर आयुक्त ने सभी 80 वार्डों में किरायेदारों के सर्वे के लिए तैयारी शुरू कर दी है। बिछिया पार्षद राजेश कुमार का कहना है कि किरायेदारों से पहले सभी कमर्शियल प्रतिष्ठानों से यूजर चार्ज वसूला जाना सुनिश्चित होना चाहिए। भवन मालिक के साथ किरायेदारों से यूजर चार्ज वसूलने का विरोध नहीं है, लेकिन इसके लिए नगर निगम को संसाधन भी बढ़ाने की जरूरत है। कूड़ा समय से उठे तो नागरिक यूजर चार्ज के रूप में 100 रुपये देने को तैयार दिखते हैं। नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल का कहना है कि पार्षद के प्रस्ताव पर किरायेदार और मैरिज हाल संचालकों से यूजर चार्ज वसूलने के लिए सर्वे कराया जाएगा। अधिक से अधिक लोग यूजर चार्ज देंगे तभी नगर निगम संसाधन बढ़ाने में सक्षम होगा और शहर साफ सुथरा दिखेगा।

Shalini Rai

Shalini Rai

Next Story