Ram Mandir: नेपाल की पवित्र नदियों के जल से होगा रामलला का जलाभिषेक, गोरखनाथ मंदिर में हुई भव्य आरती

Ram Mandir: 251 किलो के ताम्र कलश में जल लेकर नेपाल के जनकपुर से अयोध्या के लिए रवाना हुई कलश रथ सह शोभायात्रा का गोरखपुर पहुंचने पर जगह-जगह भव्य स्वागत हुआ।

Purnima Srivastava
Published on: 29 Dec 2023 2:25 AM GMT (Updated on: 29 Dec 2023 2:47 AM GMT)
Ram Mandir
X

Ram Mandir (Newstrack)

Ram Mandir: अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाली प्राण प्रतिष्ठा को लेकर देश ही नहीं मित्र राष्ट्र नेपाल में भी जश्न का माहौल है। गुरुवार की देर रात नेपाल की पवित्र नदियों का जल लेकर गोरखपुर पहुंचे श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया गया। शुक्रवार की सुबह गोरखनाथ मंदिर में कलश की भव्य आरती हुई। अब कलश लेकर श्रद्धालु अयोध्या के लिए रवाना होंगे। पवित्र जल से 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में प्रभु श्री राम का जलाभिषेक होगा।

नेपाल की विभिन्न नदियों के जल से अयोध्या में भगवान श्री राम का जलाभिषेक होगा। 251 किलो के ताम्र कलश में जल लेकर नेपाल के जनकपुर से अयोध्या के लिए रवाना हुई कलश रथ सह शोभायात्रा का गोरखपुर पहुंचने पर जगह-जगह भव्य स्वागत हुआ। गोरखनाथ मंदिर में शुक्रवार की सुबह भव्य आरती के साथ आए हुए पदाधिकारी का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। नेपाल से रक्सौल, गोपालगंज, तमकुही राज, फाजिलनगर होते हुए देर रात रथ यात्रा गोरखपुर पहुंची। यह यात्रा गोरखपुर होते हुए अयोध्या जाएगी। कलश यात्रा के साथ नेपाल से पहुंचे श्रद्धालुओं ने बताया कि गाजे-बाजे के बीच नेपाल के शंकराचार्य गेट पार करने के बाद रक्सौल वीरगंज मैत्री पुल से लेकर शहर की सीमा समाप्त होने तक कलश रथ पर जगह-जगह पुष्प वर्षा की गई। आरती के साथ पूजा-अर्चना की गई। कलश रथ पर रखे ताम्र कलश के साथ प्रभु श्री राम की तस्वीर के लोग दर्शन कर रहे थे। राम भक्त जय श्री राम व भारत नेपाल मैत्री जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे। इस दौरान वे नाचते-गाते आगे बढ़ रहे थे।


इन नदियों से एकत्रित किया गया जल

अयोध्या में रामलला के जलाभिषेक के लिए नेपाल की नदियों का जल एकत्रित किया गया है। बागमती, नारायणी, गंगा सागर, दूधमति, काली, गंडकी, कोशी, कमला आदि नदियों का जल भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा के समय पूजन विधि में उपयोग किया जाएगा।


आज मंदिर निर्माण कमेटी को सौंपा जाएगा कलश और जल

29 दिसंबर की शाम को विहिप के माध्यम से मंदिर निर्माण कमेटी को जल सौंपा जाएगा। पवित्र जल से 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में प्रभु श्री राम का जलाभिषेक होगा। इससे पहले गुरुवार रात जिले में पहुंचने पर विहिप के कार्यकर्ताओं ने शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया। जगह-जगह पुष्प वर्षा की गई। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह था।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story