Gorakhpur News: रिटायर्ड डीआईजी की पर्शियन बिल्ली चोरी, घर में दो दिन तक नहीं जला चूल्हा

Gorakhpur News: सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एसआई चंदा कुमारी ने चंद घंटे में ही मामले का खुलासा कर दिया। जांच में नौकरानी ही चोर निकली लेकिन उसने दो दिन तक पुलिस को भी छकाया।

Purnima Srivastava
Published on: 1 Sep 2024 2:38 AM GMT
Gorakhpur News
X

बरामद की गई बिल्ली (Pic: Newstrack)

Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में रहने वाले एक रिटायर्ड डीआईजी की पर्शियन बिल्ली की चोरी चर्चा में है। अधिकारी की बिल्ली पिछले दिनों गायब हो गई। जिसके बाद घर में खाना भी नहीं बना। गम में डूबे परिवार के सदस्यों ने बिल्ली चोरी की घटना की जानकारी कैंट पुलिस को दी। वीआईपी बिल्ली की तलाश में पुलिस की एक टीम बनाई गई। दो दिनों तक रिटायर्ड अधिकारी से लेकर आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगालने के बाद पुलिस ने पर्शियन बिल्ली को बरामद कर लिया। बिल्ली की चोरी करने वाली घर में काम करने वाली नौकरानी थी। वह बिल्ली का सौदा करने की तैयारी में थी।

गोरखपुर के कैंट इलाके के बेतियाहाता में रिटायर डीआईजी का घर है। पिछले दिनों उनके घर से पर्शियन बिल्ली चोरी हो गई। घर में सबकी चहेती बिल्ली के गायब होने से परिवार के लोग दुखी हो गए और दो दिन भोजन भी नहीं बना। रिटायर डीआईजी के परिवार के रत्नेश शाही ने पुलिस को बिल्ली गायब होने की सूचना दी। इस पर कैंट थाना प्रभारी रणधीर मिश्रा ने महिला एसआई चंदा कुमारी की अगुवाई में एक टीम बिल्ली को खोजने के लिए रवाना की।

नौकरानी बोली, बिल्ली की खूबसूरती देख चोरी का बनाया प्लान

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एसआई चंदा कुमारी ने चंद घंटे में ही मामले का खुलासा कर दिया। जांच में नौकरानी ही चोर निकली लेकिन उसने दो दिन तक पुलिस को भी छकाया। वह कुछ भी जानकारी होने से इनकार कर रही थी। सीओ कैंट अंशिका वर्मा ने बताया कि संदेह के आधार पर कड़ाई से पूछताछ करने पर नौकरानी ने पुलिस को बताया कि पर्शियन बिल्ली की खूबसूरती देखकर उसके मन में लालच आ गया था। उसने अपनी बहन के जरिए बिल्ली चोरी कराई थी, ताकि वह पकड़ी न जाए। पुलिस ने बताया कि नौकरानी बिल्ली को बेचने की फिराक में भी थी। उसके घर से बिल्ली बरामद हुई और कैंट प्रभारी ने रत्नेश शाही को सुपुर्द कर दी। परिजनों ने इसके लिए पुलिस का आभार जताया है। हालांकि, नौकरानी के खिलाफ कोई मामला नहीं दर्ज कराया।


दो लाख तक है पर्शियन बिल्ली की कीमत

पर्शियन बिल्ली की खूबसूरती को देख लोग इसे पालना पसंद करते हैं। यह बहुत ज्यादा सुंदर और राजसी नस्ल की होती है। ऐसा माना जाता है कि मादा पर्शियन बिल्ली नर बिल्ली की तुलना में ज्यादा महंगी होती है। इसके बच्चे की कीमत शुरुआती कीमत 1 से 2 लाख रुपए तक हो सकती है, जो रंग के आधार पर 10 रुपए तक महंगी हो सकती है।

अभी तक नहीं मिली नेपाल की पूर्व चुनाव आयुक्त की इनामी बिल्ली

भारत के पूर्व चुनाव आयुक्त एसवाई कुरैशी की पत्नी और नेपाल की चुनाव आयुक्त रहीं इला शर्मा की पालतू बिल्ली करीब 4 साल पहले गोरखपुर रेलवे स्टेशन से गायब हो गई थी। पूर्व चुनाव आयुक्त का मामला होने से गोरखपुर के अफसरों में हड़कंप मच गया था। रेलवे स्टेशन और शहर के विभिन्न इलाकों में बिल्ली का पोस्टर लगाकर उसका पता लगाने में मदद करने वाले को 11 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा भी की गई थी। इला शर्मा करीब एक सप्ताह तक गोरखपुर में रुकी रहीं लेकिन बिल्ली नहीं मिली।

Sidheshwar Nath Pandey

Sidheshwar Nath Pandey

Content Writer

मेरा नाम सिद्धेश्वर नाथ पांडे है। मैंने इलाहाबाद विश्विद्यालय से मीडिया स्टडीज से स्नातक की पढ़ाई की है। फ्रीलांस राइटिंग में करीब एक साल के अनुभव के साथ अभी मैं NewsTrack में हिंदी कंटेंट राइटर के रूप में काम करता हूं। पत्रकारिता के अलावा किताबें पढ़ना और घूमना मेरी हॉबी हैं।

Next Story