×

Gorakhpur: मायावती सरकार में मंत्री रहे सदल प्रसाद ने थामा कांग्रेस का ‘हाथ’, बांसगांव के चुनाव लड़ने की अटकलें

Gorakhpur: लोकसभा चुनाव को लेकर आचार संहिता कभी भी लागू हो सकती है। ऐसे में सभी दिग्गज सुरक्षित ठिकाना तलाशने में जुट गए हैं।

Purnima Srivastava
Published on: 7 March 2024 12:34 PM GMT
gorakhpur news
X

मायावती सरकार में मंत्री रहे सदल प्रसाद ने थामा कांग्रेस का ‘हाथ’(न्यूजट्रैक)

Gorakhpur News: लोकसभा चुनाव को लेकर आचार संहिता कभी भी लागू हो सकती है। ऐसे में सभी दिग्गज सुरक्षित ठिकाना तलाशने में जुट गए हैं। इसी क्रम में मायावती सरकार में मत्री रहे सदल प्रसाद ने कांग्रेस का हाथ थाम लिया है। माना जा रहा है कि सदल प्रसाद बांसगांव लोकसभा सीट से सपा-कांग्रेस गठबंधन के संयुक्त प्रत्याशी हो सकते हैं। बता दें कि सपा और कांग्रेस के समझौते के बाद बांसगांव सीट कांग्रेस के खेमे में है।

बसपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री सदल प्रसाद छह मार्च को कांग्रेस में शामिल हो गए। नयी दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय मुख्यालय पर राष्ट्रीय महासचिव व उत्तर प्रदेश के प्रभारी अविनाश पांडेय और उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष अजय राय की उपस्थिति में उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। बता दें कि सदल प्रसाद दो दशक से अधिक समय तक बसपा में रहे। वे बांसगांव विधानसभा से पहली बार 2002 में बसपा के टिकट पर विधायक चुने गए थे। वर्ष 2007 में वह बसपा से फिर चुनाव लड़े और जीते। बसपा की सरकार बनी और उन्हें मई 2007 में व्यावसायिक प्राविधिक शिक्षा राज्य मंत्री बनाया गया। इसके बाद चुनावी सफलता उनसे रूठ गई और वे लगातार चुनाव हारते रहे।

वर्ष 2004 में उन्होंने बांसगांव से लोकसभा का चुनाव लड़ा। वे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री महावीर प्रसाद से 6441 मतों से हार गए। वर्ष 2014 और 2019 का लोकसभा चुनाव भी वह बसपा के टिकट पर लड़े लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में उन्हें 228493 (26.02) फीसदी ओर 2019 के चुनाव में 393205 (40.55) फीसदी वोट मिले। दोनों बार वह दूसरे स्थान पर रहे और भाजपा के प्रत्याशी कमलेश पासवान से हारे। 68 वर्षीय सदल प्रसाद के कांग्रेस में शामिल होने के बाद चर्चा है कि उन्हें बांसागंव (सुरक्षित) लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस का उम्मीदवार बनाया जाएगा। गोरखपुर मंडल की तीन लोकसभा सीट-बांसगांव, महराजगंज और देवरिया सपा-कांग्रेस गठबंधन में कांग्रेस के हिस्से में आयी है।

कांग्रेस की राह आसान नहीं

बांसगांव से कांग्रेस के टिकट के लिए सदल प्रसाद के अलावा कई दावेदार हैं। जिसमें कमल किशोर कमांडो, प्रियंका पासवान, अन्नू प्रसाद के नाम की भी चर्चा है। कमल किशोर लगातार हारते रहे हैं। ऐसे में सदल की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story