×

सपा प्रत्याशी Kajal Nishad को पड़ा दिल का दौरा, हालत गंभीर, मेदांता में इलाज जारी

Kajal Nishad News: काजल निषाद की तबीयत शुक्रवार की शाम को खराब हुई थी। जनसंपर्क के दौरान वह बेहोश हो गई थीं। इसके बाद उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

Purnima Srivastava
Published on: 8 April 2024 1:54 AM GMT (Updated on: 8 April 2024 2:50 AM GMT)
Samajwadi Party Candidate Kajal Nishad
X

Samajwadi Party Candidate Kajal Nishad (Newstrack)

Kajal Nishad News: उत्तर प्रदेश की गोरखपुर लोकसभा सीट मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही फिल्म स्टार से सांसद बने रवि किशन शुक्ला के चलते हॉट सीट बनी हुई है। भाजपा के रवि किशन शुक्ला के मुकाबले समाजवादी पार्टी ने भी अभिनेत्री काजल निषाद को मैदान में उतारा है। काजल को जिस दिन टिकट मिला था तब उनके पैर की हड्डी टूट गई है। इसके बाद भी वह प्रचार कर रही थीं। इसी बीच डिहाइड्रेशन के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान रविवार को हार्ट अटैक आ गया। जिसके बाद उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है।

काजल निषाद की तबीयत शुक्रवार की शाम को खराब हुई थी। जनसंपर्क के दौरान वह बेहोश हो गई थीं। इसके बाद उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस दौरान डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें डिहाइड्रेशन हुआ है। इलाज से सेहत में सुधार हो रहा था। रविवार को उनकी तबीयत फिर बिगड़ने लगी। उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत चिकित्सकों से की। इसके बाद ईसीजी जांच कराई गई। रिपोर्ट में दिल की धड़कन सामान्य नहीं थी। इलाज कर रहे डॉक्टरों की टीम में शामिल डॉ. यासिर अफजाल ने बताया कि रिपोर्ट से साफ हुआ कि काजल निषाद को दिल का दौरा पड़ा है। इसे मायो कार्डियक इंफेक्शन (एमआई) कहते हैं। ऐसे में एहतियातन हॉस्पिटल के सीनियर डॉक्टरों ने काजल निषाद को लखनऊ के मेदांता हॉस्पिटल रेफर किया।


विधायक से लेकर मेयर का चुनाव लड़ चुकी हैं काजल

काजल निषाद ने राजनैतिक करियर की शुरुआत कांग्रेस के साथ की थी। कांग्रेस की टिकट से 2012 में गोरखपुर ग्रामीण से चुनाव लड़ा था। जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। सपा ने उन्हें महापौर का टिकट भी दिया। जहां वह भाजपा के डॉ.मंगलेश श्रीवास्तव से हार गईं थीं। जिसके बाद उन्होंने चुनाव में धांधली का आरोप लगाया था। वह कैम्पियरगंज सीट पर भाजपा के फतेह बहादुर सिंह के खिलाफ भी 2022 का चुनाव लड़ चुकी हैं। जहां उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story