Gorakhpur News: पंडित हरिशंकर तिवारी की प्रतिमा के समर्थन में अखिलेश, योगी के गढ़ में ब्राह्मण वोटरों को साधने की कोशिश

Gorakhpur News: पूर्व मंत्री हरिशंकर तिवारी की प्रतिमा स्थापना के लिए बनाए गए चबूतरे पर प्रशासन द्वारा बुलडोजर चलाए जाने पर राजनीति तेज हो गई है। इस मामले में सपा अध्यक्ष ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा है कि भाजपा का बुलडोजर अब दिवंगतों के मान-सम्मान पर भी चलने लगा है।

Purnima Srivastava
Published on: 1 Aug 2024 12:02 PM GMT
Gorakhpur News
X

Gorakhpur News (Pic: Newstrack)

Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में चिल्लूपार विधानसभा के टांडा गांव में पूर्व मंत्री हरिशंकर तिवारी की प्रतिमा स्थापना के लिए बनाए गए चबूतरे पर प्रशासन द्वारा बुलडोजर चलाए जाने पर राजनीति तेज हो गई है। अब इस मामले में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी कूद पड़े हैं। सपा अध्यक्ष ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा है कि भाजपा का बुलडोजर अब दिवंगतों के मान-सम्मान पर भी चलने लगा है।

अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया को सपा नेता और पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी के समर्थकों द्वारा तेजी से वायरल किया जा रहा है। सपा अध्यक्ष ने एक्स पर लिखा है कि अब तक भाजपा का बुलडोज़र दुकान-मकान पर चलता था, अब दिवंगतों के मान-सम्मान पर भी चलने लगा है। चिल्लूपार के सात बार विधायक रहे उप्र के पूर्व कैबिनेट मंत्री स्व. श्री हरिशंकर तिवारी जी की जयंती पर उनकी प्रतिमा के प्रस्तावित स्थापना स्थल को भाजपा सरकार द्वारा तुड़वा देना, बेहद आपत्तिजनक कृत्य है। प्रतिमा स्थापना स्थल का तत्काल पुनर्निर्माण हो, जिससे जयंती दिवस 5 अगस्त को प्रतिमा की ससम्मान स्थापना हो सके। निंदनीय! अंत में उन्होंने लिखा कि नहीं चाहिए भाजपा।

योगी के गढ़ में ब्राह्मणों को साधने की कवायद

समाजवादी पार्टी लोकसभा चुनाव में पिछड़ों और दलितों के वोट के बल पर चमत्कारी प्रदर्शन करने में कामयाब हुई है। अब 2027 में यूपी में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी सपा इसी बुनियाद को विस्तार देने में जुटी है। पिछले दिनों सिद्धार्थनगर में इटवा से विधायक माता प्रसाद पांडेय को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष घोषित कर सभी को चौंका दिया है। अखिलेश यादव ने एक तीर से कई निशाने साधे हैं। अब पंडित हरिशंकर तिवारी के बहाने सपा ब्राह्मणों की दुखती रग पर हाथ रख रही है।

बता दें कि 16 मई 2023 को उनके निधन व अंतिम संस्कार में सारी दलीय सीमायें टूट गई थी। विपक्ष के साथ साथ सत्ता पक्ष के नेताओं की भी उपस्थिति दर्ज हुई थी। बता दें कि पूर्वांचल उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गढ़ रहा है। पहले जो ब्राह्मण कांग्रेस के पक्ष में वोट डाला करते थे उनका झुकाव मौजूदा हालात में बीजेपी की तरफ है। लेकिन कांग्रेस को साथ लेकर सपा अब इसी ब्राह्मण वोटों को अपनी ओर शिफ्ट करने की जुगत में हैं।

Durgesh Sharma

Durgesh Sharma

Next Story