20 करोड़ से बने आयकर भवन में कर्मचारियों के लिए नहीं है AC-फर्नीचर, गर्मी से हाल बेहाल

Gorakhpur: आयकर कर्मचारी महासंघ के तत्वावधान में सिविल लाइंस स्थित कार्यालय पर संघ के सचिव शैलेन्द्र गुप्ता के नेतृत्व में कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन किया।

Purnima Srivastava
Published on: 10 Jun 2024 12:10 PM GMT
gorakhpur news
X

गोरखपुर में आयकर विभाग के कर्मचारी एसी को लेकर धरने पर बैठे (न्यूजट्रैक)

Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में आयकर विभाग का नया भवन सिविल लाइंस एरिया में 20 करोड़ रुपये की लागत से बना है। इसका लोकार्पण केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने चुनाव के ठीक पहले किया था। लेकिन अब यहां के कर्मचारी आयकर भवन की सुविधाओं को लेकर आक्रोशित हैं। भवन में अधिकारियों के लिए एसी के साथ सभी सुविधाएं हैं। लेकिन कर्मचारियों के लिए एसी है न ही फर्नीचर की व्यवस्था। ऐसे में सोमवार को गर्मी से उबल रहे कर्मचारी धरने पर बैठ गए। बोले, जबतक कार्यालय में एसी और फर्नीचर की सुविधा नहीं मिलेगी तब तक उनका धरना जारी रहेगा।

आयकर कर्मचारी महासंघ के तत्वावधान में सिविल लाइंस स्थित कार्यालय पर संघ के सचिव शैलेन्द्र गुप्ता के नेतृत्व में कर्मचारियों ने मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। शैलेन्द्र गुप्ता ने कहा कि आयकर विभाग का नया भवन 20 करोड़ रुपये की लागत से बना है। अधिकारियों के कमरों में एसी, फर्नीचर के साथ ही कोई सुख सुविधा है। लेकिन कर्मचारियों की कमरों में एसी की कोई व्यवस्था नहीं है। सचिव ने कहा कि आयकर विभाग सरकार को करोड़ों रुपये का राजस्व देता है। अहम विभाग होने के बाद भी कर्मचारियों की सुविधा को लेकर कोई चिंता जिम्मेदारों को नहीं है। कर्मचारी 45 से 47 डिग्री सेंटीग्रेड की गर्मी में काम कर रहे हैं। कई कर्मचारियों की गर्मी से तबीयत भी खराब हो गई है। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि कर्मचारियों के ट्रांसफर को लेकर भी अधिकारी उत्पीड़न कर रहे हैं। अधिकारी मनमानी कर जूनियर और सीनियर कर्मचारियों को आपस में लड़ाना चाहते हैं।

अब लखनऊ में करेंगे प्रदर्शन

कर्मचारियों ने कहा कि अधिकारी मांगों को नहीं मानेंगे तो लखनऊ में उच्चाधिकारियों तक मामले को पहुंचाएंगे। इसके साथ ही नोटिस सर्वर, स्टाप कार ड्राइवर की पदोन्नति, महिला कर्मियों के लिए रेस्ट रुम की व्यवस्था और मनोरंजन कक्ष जैसे महत्वपूर्ण सुविधाएं लम्बित है। मांगे नहीं मानी गईं तो कर्मचारी भूख हड़ताल पर चले जाएंगे। धरना देने वालों में मुख्य रूप से अध्यक्ष अश्वनी कुमार, उपाध्यक्ष रवि गुप्ता, संयुक्त सचिव चमन यादव, कोषाध्यक्ष पंकज कुमार, सहायक जोनल सचिव आशुतोष तिवारी, आयकर निरीक्षक, हिमांशु सहुलिआर, अमित गुप्ता, नीरज श्रीवास्तव, अनिल राय, श्रीकृष्ण शर्मा, विक्रम शुक्ला, कमलावती यादव, अंगद गुप्ता, शुभान्जय, गुन्जा, अंकिता, इशरत आदि उपस्थित रहे।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story