Gorakhpur News: नींद में महिलाओं पर धारदार हथियार से हमला, घटना के पीछे कहीं साइको किलर तो नहीं!

Gorakhpur News: घर के बरामदे में सोई ममता पर रात में बदमाश ने हमला किया था। इलाज के दौरान ममता की मौत हो गई थी।

Purnima Srivastava
Published on: 27 Aug 2024 2:16 AM GMT
Gorakhpur News
X

नींद में महिलाओं पर धारदार हथियार से हमला   (photo: social media )

Gorakhpur News: पिछले दिनों बरेली में महिलाओं की हत्या और प्राणघातक हमले के पीछे साइको किलर की भूमिका सामने आई थी। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में भी ऐसी ही घटनाओं से महिलाओं में दहशत है। गोरखपुर के चौरीचौरा क्षेत्र में चंद दिनों के अंतराल पर दो महिलाओं पर हमले के बाद पुलिस भी सक्रिय हो गई है। फोरेंसिक टीम के एक्सपर्ट घटना की तह में जाने में जुटे हैं। दो मामलों में एक में महिला की मौत हो चुकी है।

झंगहा थानाक्षेत्र के राजधानी गांव के हाथखाल टोले पर 45 वर्षीया रंभा देवी को रविवार की रात अज्ञात बदमाश ने धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। रंभा देवी घर से बाहर बरामदे में सो रही थीं। सुबह जब परिवारीजनों को खबर हुई तब उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। राजधानी गांव से करीब पांच किमी दूर झंगहा के ही उपधवलिया गांव में 11 अगस्त की रात इसी तरह की घटना ममता नामक महिला के साथ हुई थी। घर के बरामदे में सोई ममता के पर रात में बदमाश ने हमला किया था। इलाज के दौरान ममता की मौत हो गई थी। ममता अपने मायके में आई थी। उसका पति भी बाहर कमाने गया था।

कहीं साइको किलर तो नहीं

चौरीचौरा क्षेत्र में 15 दिन के भीतर झंगहा इलाके में हुई इस तरह की दो घटनाओं से इलाके के लोग दहशत में हैं। तरह-तरह की चर्चा शुरू हो गई है। इसी में एक चर्चा साइको किलर की भी है। दोनों घटनाओं में घर के बाहर सो रही महिलाओं को निशाना बनाया गया है। हालांकि पुलिस इस तरह की आशंका को खारिज करते हुए जल्द ही आरोपित को पकड़ने का दावा कर रही है। पुलिस का कहना है कि घायल महिला जल्द ही बयान देने के लायक हो जाएगी। जिसके बाद स्थिति साफ होगी।

छेड़खानी की, विरोध पर पीटने लगे

सहजनवां क्षेत्र में बाइक सवार तीन मनबढ़ों ने पहले अकेली जा रही महिला से छेड़खानी की। महिला ने विरोध दर्ज किया तो उसे हेलमेट से पीटने लगे। सरेराह हंगामे के बीच भारी भीड़ जुट गई। बाद में मनबढ़ बाइक लेकर भाग खड़े हुए। एसपी नार्थ जितेन्द्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जा रही है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story