Gorakhpur: विरासत गलियारे को UP कैबिनेट ने मंजूर किये 555 करोड़, 1000 दुकानों के वजूद पर संकट

Gorakhpur: राप्ती नदी पर फोरलेन का दो ओवरब्रिज के साथ ही धर्मशाला बाजार से लेकर पांडेयहाता तक करीब 3.5 किमी लंबे विरासत गलियारे को भी मंजूरी दे दी गई।

Purnima Srivastava
Published on: 6 March 2024 11:30 AM GMT
gorakhpur news
X

विरासत गलियारे को यूपी कैबिनेट ने मंजूर किये 555 करोड़ (न्यूजट्रैक)

Gorakhpur News: यूपी कैबिनेट की मंगलवार को हुई बैठक में गोरखपुर को लेकर कई बड़े निर्णय हुए। राप्ती नदी पर फोरलेन का दो ओवरब्रिज के साथ ही धर्मशाला बाजार से लेकर पांडेयहाता तक करीब 3.5 किमी लंबे विरासत गलियारे को भी मंजूरी दे दी गई। कैबिनेट से इसके लिए पीडब्ल्यूडी द्वारा तैयार डीपीआर को भी मंजूरी देते हुए 555 करोड़ रुपये की वित्तीय मंजूरी भी दे दी। इस निर्णय को लेकर भले ही बड़ी आबादी विकास से जोड़कर देख रही है, लेकिन 1000 से अधिक दुकानों से जुड़े 5000 परिवारों के सामने संकट खड़ा हो गया है।

वर्षों पुराने एवं ऐतिहासिक बाजारों को बचाने के लिए सघन आबादी वाले क्षेत्र की सड़कों को चौड़ा करने का कठिन निर्णय लिया गया है। सड़कों को चौड़ा किया जाएगा। इसके तहत धर्मशाला से आर्यनगर, बक्शीपुर, रेती चौक, घंटाघर होते हुए पांडेयहाता तक विरासत (हेरिटेज) गलियारा बनाया जाएगा। सबसे पहले अतिक्रमण चिह्नित किया जाएगा और उसे खाली कराया जाएगा। जिनके भवन व जमीन इस चौड़ीकरण के कारण प्रभावित होंगे, उन्हें क्षतिपूर्ति दी जाएगी।

अधिकारियों का कहना है कि सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण इस क्षेत्र में जाना आसान नहीं रह गया है। शहर के बाहरी क्षेत्रों में तेजी से हो रहे विकास के चलते लोग उधर ही रहना पसंद करते हैं। दोनों मार्गों को चौड़ा करने के बाद इन बाजारों की रौनक बढ़ जाएगी। चैंबर ऑफ कामर्स के अध्यक्ष संजय सिंघानिया का कहना है कि मुख्यमंत्री को दिये गए पत्र में आश्वासन मिला था कि किसी की दुकान नहीं टूटेगी। सिर्फ अतिक्रमण हटेगा और नालियों को चौड़ा कर उसपर स्लैब आदि रखा जाएगा। पूरी उम्मीद है कि मुख्यमंत्री व्यापारियों के साथ अन्याय नहीं होने देंगे।

ऐसा होगा विरासत गलियारा

लगभग साढे तीन किलोमीटर लंबे विरासत गलियारा में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की प्रतिमा लगाने के साथ नाथ पंथ व गोरखपुर के इतिहास की जानकारी दी जाएगी। इस मार्ग पर जगह-जगह लोगों को बैठने की व्यवस्था की जाएगी। बिजली के तार अंडरग्राउंड कर दिए जाएंगे। इसी मार्ग से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भगवान नरसिंह की शोभायात्रा भी निकलती है। गलियारा के आसपास कई पर्यटक स्थल हैं, जिन्हें विकसित किया जाएगा। विरासत गलियारा के तहत घंटाघर के स्वरूप में पूरी तरह बदलाव किया जाएगा। यहां की घड़ियों को भी सही किया जाएगा और सबसे ऊपर तिरंगा लहराएगा। फसाड लाइट से शाम होते ही घंटाघर जगमग होगा। इसके साथ ही शहीद बंधु सिंह पार्क का भी सुंदरीकरण होगा।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story