Gorakhpur News: किन्नर बन घर में नेग मांगने पहुंचीं, फिल्मी स्टाइल में लूट कर भाग रहीं महिलाएं ऐसे पकड़ी गईं

Gorakhpur News: कार चालक ने चौकी प्रभारी को कुचलने का प्रयास कर भागने की कोशिश की लेकिन पुलिसवालों ने कार को घेरकर महिलाओं को दबोच लिया।

Purnima Srivastava
Published on: 8 July 2024 2:04 AM GMT
Gorakhpur News
X

किन्नर बनकर महिलाएं करती थी घर में लूटपाट (फोटो: सोशल मीडिया )

Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में हुई घटना सभी को सचेत करने वाली है। जिले के कैम्पियरगंज थाना क्षेत्र के अमरहवा गांव में रिटायरकर्मी के घर शादी का नेग लेने किन्नर बनकर कार से पहुंची पांच महिलाओं ने घर में घुसकर जमकर लूटपाट की। लूटेरी महिलाएं नाक-कान और गले का जेवर लूट कर भागने लगीं। लूट की शिकार महिलाओं के शोर मचाने पर कुछ लोगों ने पीछा करना शुरू किया तो महिलाओं ने चौकी इंचार्ज समेत आम लोगों को कार से कुचलने की कोशिश की।

कार को पकड़ने के लिए कैम्पियरगंज पुलिस ने पीपीगंज पुलिस को सूचना दी। पीपीगंज पुलिस ने मुख्य मार्ग पर प्रभा हाल तिराहे पर कार को रुकने का इशारा किया। इस पर कार चालक ने चौकी प्रभारी को कुचलने का प्रयास कर भागने की कोशिश की लेकिन पुलिसवालों ने कार को घेरकर महिलाओं को दबोच लिया। हालांकि चालक पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। घटना को अंजाम दे भाग रहे कार चालक ने भरवल मोड़ पर बाइक सवार को टक्कर मार दी। जिससे बाइक पर सवार भोला और अरुण घायल हो गए। पीपीगंज में भी दो बाइक सवारों को हल्की चोट आई है। खैर, पुलिस ने महिलाओं को थाने पर ले जाकर सीओ कैम्पियगंज, थानाध्यक्ष कैम्पिरगंज और पीपीगंज पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है।

वाशरूम जाने के बहाने की एंट्री, करने लगीं लूटपाट

कैम्पियरगंज थाना क्षेत्र के अमरहा निवासी सूर्य प्रताप यादव के घर रविवार की दोपहर में कार सवार महिलाएं पहुंचीं। उस वक्त घर पर सिर्फ दो महिलाएं थीं। उन्होंने खुद को किन्नर बताते हुए घर में हुई शादी का नेग मांगा। महिलाओं ने कहा कि उनके घर कोई शादी नहीं हुई है। इसके बाद किन्नर के रूप में आईं महिलाओं ने कहा कि लगता है, उन्हें गलत सूचना मिली है। इस बीच उन्होंने वॉशरूम जाने के लिए पूछा और अंदर जाकर घर में मौजूद दोनों महिलाओं के गले से मंगलसूत्र, कान की बाली तथा सोने की दो चेन जबरन खींच लिया और कार से भागने लगीं। लूटपाट की शिकार महिलाओं ने शोर मचाया तो गांव के अन्य लोगों को इसकी जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को फोन करने के साथ ही लोगों ने रास्ते में पड़ने वाले हरनाथपुर गांव निवासी अजय कुमार यादव को इसकी जानकारी दी। अजय यादव ने कार सवार महिलाओं का पीछा करना शुरू कर दिया।

आजमगढ़ और मऊ की हैं महिलाएं, पहले भी कर चुकी हैं लूट

कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के अमरहां गांव के रामप्रसाद यादव की तहरीर पर कैम्पियरगंज पुलिस ने पांचों महिलाओं के खिलाफ धारा 319 (2) 333 के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया। वहीं चालक की तलाश जारी है। पकड़ी गई महिलाओं ने पूछताछ में अपना नाम पता खुशबू पत्नी मुनमुन निवासी मुबारकपुर आजमगढ़, हुसुन पत्नी चिल्लर सदिमाबाद गाजीपुर, सादन पत्नी मनोज, संतरा उर्फ शरजहां पत्नी गुड्डू, अफसाना पत्नी विनोद चिरैयाकोट मऊ बताया। वहीं फरार गाड़ी चालक की पहचान खुशबू के पति मुनमुन उर्फ दिलशाद के रूप में हुई है। पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि इन्हीं महिलाओं ने 26 जून की रात में कैम्पियरगंज थाना क्षेत्र के बजहा गांव निवासी मुक्तिनाथ के घर घुसकर दो मोबाइल लूट लिया था और फरार हो गई थीं। घटना सीसीटीवी कैमरा में कैद हो गई थी।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story