×

Exclusive: देशभर के रामभक्तों में उल्लास, कई पीढ़ियों बाद स्वप्न हो रहा साकार

करोड़ों भारतीयों और दुनिया के अनेक देशों में बसे हजारों हिंदुओं की आस्था के प्रतीक भगवान श्रीराम के अयोध्या में भव्य मंदिर निर्माण का स्वप्न कई पीढ़ियों के बाद साकार होने जा रहा है।

Newstrack
Published on: 5 Aug 2020 3:15 AM GMT
Exclusive: देशभर के रामभक्तों में उल्लास, कई पीढ़ियों बाद स्वप्न हो रहा साकार
X

झांसी: करोड़ों भारतीयों और दुनिया के अनेक देशों में बसे हजारों हिंदुओं की आस्था के प्रतीक भगवान श्रीराम के अयोध्या में भव्य मंदिर निर्माण का स्वप्न कई पीढ़ियों के बाद साकार होने जा रहा है। यह शुभ घड़ी आज 5 अगस्त (बुधवार) को आ रही है। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राममन्दिर का भूमि पूजन करेंगे। भूमिपूजन के ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने वाले लगभग 200 लोगों की सूची तैयार कर उन्हें न्योता भेज दिया गया है। भूमिपूजन समारोह के लिए पवित्र नगरी अयोध्या को दुल्हन की तरह सजाया गया है। सरयू के घाट रंगीन रोशनी से जगमग हैं। दीपों की रोशनी से दीपोत्सव जैसा माहौल है। चहुंओर भगवान श्रीराम की गूंज है और घरों की छतों पर भगवान श्रीराम और हनुमान जी की ध्वज पताका फहरा रही है। भूमिपूजन के साथ ही भव्य राम मंदिर का निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाएगा।

ये भी पढ़ें:राममंदिर भूमि पूजन: भक्तों का सपना होगा सच, महीनों से चल रहीं तैयारियां

राम जन्मभूमि अयोध्या में रामलला का वनवास अब समाप्त हो गया है

राम जन्मभूमि अयोध्या में रामलला का वनवास अब समाप्त हो गया है। रामलला का भव्य मंदिर निर्माण का कार्य प्रारंभ होने जा रहा है। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दोपहर में शुभ मुहूर्त में भूमिपूजन करेंगे। भूमिपूजन को लेकर पूरे देश में हर्ष एवं उल्लास है। अयोध्या तो राममय हो गई है। जगह-जगह रामचरित मानस पाठ, भजन-कीर्तन एवं यज्ञ आदि धार्मिक अनुष्ठान हो रहे हैं। देश-विदेश की निगाहें अयोध्या पर लगी हैं। देश के विभिन्न नदियों, मंदिरों एवं नगरों का पवित्र जल और मिट्टी अयोध्या पहुंच गई है। झांसी जिले की बेतवा व पहुंज नदी का जल भी विधिवत पूजन-अर्चन के बाद अयोध्या भेजा गया है। रामभक्तों का रोम-रोम पुलकित हो रहा है। उत्सवी वातावरण में अयोध्या अपने अतिथियों का स्वागत करने को आतुर है।

ये खास लोग रहेंगे कार्यक्रम में

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, सरसंघ चालक मोहन भागवत, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विशेष रूप से इस कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। प्रदेश सरकार ने भूमिपूजन समारोह को यादगार बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। अयोध्या में सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रधानमंत्री के आगमन के मद्देनजर भारी संख्या में फोर्स की तैनाती की गई है। सुरक्षाकर्मी चप्पे-चप्पे पर नज़र रख रहे हैं। कोरोना काल के कारण अयोध्या में सेनेटाइजेशन का कार्य भी युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। अयोध्या नगरी में घरों व दुकानों को पीले रंग से रंगा गया है। विभिन्न मार्गों एवं प्रमुख चौराहों पर भी रंगरोगन किया गया है और उन्हें सजाया गया है।

ये भी पढ़ें:राशिफल 5 अगस्त: इन 4 राशियों को होगा आज धन लाभ, जानें बाकी का हाल

मनमोहक चित्र उकेरे गए हैं। भगवान श्रीराम, हनुमानजी के विशाल होर्डिंग-बैनर लगाए गए हैं। प्रसाद हेतु हजारों किग्रा बेसन के लड्डू बनाए जा रहे हैं। अयोध्या में भूमिपूजन को लेकर झांसी सहित पूरे बुंदेलखंड के लोगों में भी हर्षोल्लास का माहौल है। राममंदिर निर्माण के लिए विगत कई दशकों में जो भी आंदोलन चलाए गए थे उनमें झांसी की अग्रणी एवं महत्वपूर्ण भूमिका रही है। लंबी कानूनी लड़ाई के बाद गत वर्ष सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के बाद पूरे देश के साथ जिले के रामभक्तों ने भी प्रसन्नता व्यक्त की थी। अब राममंदिर के निर्माण का श्रीगणेश होने जा रहा है, इससे लोगों में हर्ष व्याप्त है।

बी.के.कुशवाहा

देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Newstrack

Newstrack

Next Story