×

Hamirpur News: मजदूरी करने गई 5 बच्चों की मां को युवक से हुआ प्यार, दर्दनाक हुआ लव स्टोरी का अंत

Hamirpur News: मजदूरी करने कानपुर गई 5 बच्चों की माँ अपनी उम्र से आधी उम्र के युवक से दिल लगा बैठी। खेतों में धान की कटाई के दौरान शुरू हुई मोहब्बत महिला की हत्या के बाद खत्म हुई।

Ravindra Singh
Published on: 23 March 2024 12:42 PM GMT
गिरफ्तार आरोपी।
X

गिरफ्तार आरोपी।(Pic: Newstrack)

Hamirpur News: हमीरपुर जिले में अजब प्रेम की गजब कहानी सामने आई है, जहां मजदूरी के लिए कानपुर जिले गई 5 बच्चों की माँ अपनी उम्र से आधी उम्र के युवक से दिल लगा बैठी। खेतों में धान की कटाई के दौरान शुरू हुई मोहब्बत महिला की हत्या के बाद खत्म हुई। जिले के भरुआ सुमेरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला की करीब चार साल पहले खेतों में धान की कटाई के दौरान पनपे प्रेम का अंत प्रेमिका की हत्या के साथ हुआ है। इस बेमेल प्रेम के इस खौफनाक अंत का किसी को अंदाजा भी नहीं था।

जानिए क्या था मामला

सुमेरपुर थाना क्षेत्र से बीते 4 साल पहले पति के साथ धान की कटाई के लिए गई 45 वर्षीय महिला को अपनी से आधी उम्र के युवक से प्यार हो गया था। जिसकी जानकारी पति को होने पर भी पति की रोक टोक के बाद महिला का प्रेमी सुखबीर से मिलना जुलना नहीं थमा। बीते वर्ष दिसंबर में दिव्यांग आवास योजना की द्वितीय किस्त में मिले रुपये पति की दिव्यांग पेंशन और बकरी बेच कुल एक लाख से अधिक रुपये व जेवरात लेकर घर से सुमेरपुर बाजार जाने के बहाने से निकल गई थी। जिसके बाद पत्नी के घर न पहुंचने पर पति ने मुकदमा दर्ज कराया था। लेकिन मामले में हीला हवाली के चलते करीब तीन माह बाद भी पुलिस के हाथ खाली थे। पति द्वारा महिला के प्रेमी सुखबीर से लगातार बात करने की बात बताने के बाद जब सर्विलांस सेल की मदद से पुलिस सक्रिय हुई, तब सब कुछ खत्म हो चुका था। बीते साल दिसंबर माह में प्रेमी से बात करके घर से भागी महिला जाते समय प्रधानमंत्री आवास की क़िस्त की धनराशि सहित घर की जमा पूंजी का करीब एक लाख रुपये की नगदी और जेवरात साथ ले गई थी। जिसके बाद पुलिस ने पीड़ित पति की तहरीर पर अपहरण का मुकदमा दर्ज किया था, लेकिन आरोप के अनुसार पुलिस की ढीली विवेचना ने खुलासे में तीन महीने का समय लगा दिया और सच सामने आते ही परिजनों के होश उड़ गए। क्योंकि महिला के प्रेमी ने घर से भागने के अगले दिन ही कानपुर जिले के सचेंडी थाना क्षेत्र के श्रीराम ईट भट्ठे के पास के जंगल में महिला की गला रेत कर हत्या कर दी थी और शव को पेट्रोल डालकर जला दिया था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। प्रेमी ने महिला के रुपये औऱ जेवरात छीनने का बाद हत्या कर दी थी। अब पुलिस ने मामले का पर्दाफाश करके सुखबीर को गिरफ्तार कर जेल की सलाखों में पहुंचा दिया है। जैसे ही घटना का खुलासा हुआ गाँव के लोग सन्न रह गए। विवाहिता अपने बच्चों को रोता बिलखता छोड़ गई है। इस तरह अजब प्रेम कहानी का दर्द नाक अंत हुआ है।

पुलिस ने किया खुलासा

पुलिस सोशल मीडिया सेल ने मामले में जानकारी साझा करते हुए बताया कि थाना सुमेरपुर में पति की तहरीर के आधार पर मु0अ0सं0 625/23 धारा 366 भादसं0 बनाम अज्ञात के विरुद्ध थाना स्थानीय पर पंजीकृत किया गया था। जिसमें वादी ने अपनी पत्नी का दिनांक 21.12.2023 को घर से पैसे लेकर चले जाना लिखाया था। दौरान ए विवेचना सर्विलांस सेल व मुखबिर की सूचना के आधार पर ज्ञात हुआ कि सुखबीर यादव पुत्र सुघर यादव उम्र 24 वर्ष नि0 करसुई थाना बिधनू जनपद कानपुर नगर, महिला के बारे में जानता है। सुखबीर यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गयी तो उसने बताया कि मेरे ही कहने पर फोन से वार्तालाप कर महिला मेरे पास 21.12.2023 को आई थी। उसके पास कुछ पैसा भी था। उसने अगले दिन 22.12.2023 को श्रीराम ईंट भट्ठा के सामने नहर के उत्तर दिशा में बनवारी लाल जैन के प्लाट, किसान नगर थाना सचेंड़ी जनपद कानपुर नगर के जंगल में ले जाकर चाकू से उसकी हत्या कर दी थी। स्थानीय पुलिस द्वारा अभियुक्त की निशादेही पर मृतका के शव के सिर का कंकाल, अधजला शॉल, मृतका का मोबाइल व आला कत्ल बरामद किया गया। शव के सिर के कंकाल का पंचायतनामा/ पोस्टमॉर्टम व डीएनए की विधिक कार्यवाही की जा रही है। थाना सुमेरपुर पुलिस द्वारा मु0अ0सं 625/23 धारा 366 भादसं0 में धारा 302 भादसं0 की बढ़ोतरी कर अभियुक्त को न्यायिक अभिरक्षा के बाद जेल भेज दिया गया है।

Sidheshwar Nath Pandey

Sidheshwar Nath Pandey

Content Writer

मेरा नाम सिद्धेश्वर नाथ पांडे है। मैंने इलाहाबाद विश्विद्यालय से मीडिया स्टडीज से स्नातक की पढ़ाई की है। फ्रीलांस राइटिंग में करीब एक साल के अनुभव के साथ अभी मैं NewsTrack में हिंदी कंटेंट राइटर के रूप में काम करता हूं। पत्रकारिता के अलावा किताबें पढ़ना और घूमना मेरी हॉबी हैं।

Next Story