TRENDING TAGS :
Hapur news: श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में डुबकी, फाल्गुन मास पूर्णिमा पर उमड़ा सैलाब
Hapur news: अधिकांश श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाने के बाद गंगा किनारे बैठे पंडितों से भगवान सत्य नारायण की कथा सुनकर उन्हें दक्षिणा दी।
Hapur Falgun Purnima 2023 Devotees bathe
Hapur news: फाल्गुन पूर्णिमा पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने तीर्थ नगरी गढ़मुक्तेश्वर के बृजघाट गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। मंदिरों में विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान गंगा घाटों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए अधिकांश श्रद्धालु सोमवार की देर रात को ब्रजघाट और लठीरा के कच्चे घाट पर गंगा किनारे एकत्र हो गए। जहां चार बजते ही ब्रह्मकाल के शुभ मुहूर्त में हर हर गंगे के जयकारों के बीच मोक्ष दायिनी में डुबकी लगाने का क्रम प्रारंभ हो गया, जो मंगलवार को निरंतर चलता रहा। लाखों श्रद्धालुओं ने यहां गंगा में स्नान कर पुण्य की प्राप्ति की। अधिकांश श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाने के बाद गंगा किनारे बैठे पंडितों से भगवान सत्य नारायण की कथा सुनकर उन्हें दक्षिणा दी।
आस्था के साथ दिखे होली के रंग
ब्रजघाट के वेदांत मंदिर, हनुमान मंदिर, अवंतिका देवी सिद्धपीठ, गंगा मंदिर, श्रीकृष्ण और शीतल आश्रम में ईष्ट देवों के समक्ष माथा टेककर मनौती मांगने वालों का दिनभर तांता लगा रहा। मंदिरों के बाहर भक्तों की लंबी कतार लगी दिखाई दी। महानगरों से आए धनाढ्यों ने गरीब-निराश्रितों को भोजन-वस्त्र का दान किया। यहां आए श्रद्धालु आपस में होली खेलते भी नज़र आए किसी भी जगह ऊंच-नीच, जात-पात का भेदभाव नज़र नहीं आया। होली के दिनों में धार्मिक मान्यता के तरह-तरह के रंग यहां दिखाई देते रहे। दिनभर आस्था का संगम गंगा किनारे देखने को मिलता रहा। फाल्गुन पूर्णिमा पर यहां उमड़ रही भीड़ को देखते हुए ब्रजघाट पर पुलिस ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हुए थे। सादे कपड़ों में भी पुलिस बल घाटों पर तैनात किया गया था। संदिग्ध लोगों और वाहनों पर पुलिस निगाह रखे हुई थी। इसके अलावा जल पुलिस गंगा में डुबकी लगाने के दौरान लोगों पर नज़र बनाए रखे थी कि कहीं कोई हादसा न होने पाए।