Hapur News: दो राजनीतिक पार्टियों में तकरार, जिम बने या मार्केट, नगरपालिका के इस कारनामे की चर्चा

Hapur News: भाजपा के ओपेन जिम बनाने के प्रस्ताव के पास होने के बाद बसपा की चेयरपर्सन ने उसी स्थान पर दुकान बनाने का प्रस्ताव पास करा लिया।

Avnish Pal
Report Avnish Pal
Published on: 23 July 2024 6:25 AM GMT (Updated on: 23 July 2024 8:25 AM GMT)
Hapur News
X

Hapur News (Pic: Newstrack)

Hapur News: शहर के अटल पार्क में निर्माण को लेकर भाजपा और बसपा आमने-सामने आ गए हैं। पार्क में एक ही स्थान पर दोनों अपने-अपने तरीके से विकास कराना चाहते हैं। भाजपा यहां पर ओपन जिम बनाने का प्रस्ताव 2021 में बोर्ड बैठक पास करा चुकी है। जिसका टेंडर भी जारी हो चुका है, अब बसपा की चेयरपर्सन ने उसी स्थान पर दुकान बनाने का प्रस्ताव पास करा लिया। अब भाजपा इसके लिए किसी भी स्तर तक विरोध करने की बात कह रही है। बोर्ड बैठक में जिस स्थान का प्रस्ताव स्वीकृत कर टेंडर जारी हो गया हो, वह निरस्त भी नहीं हो सकता है। यह स्थिति तब है, जबकि पालिका में तत्कालीन अधिकारियों पर ही बोर्ड बैठक के प्रस्ताव पास कराने का जिम्मा था। वहीं भाजपा की ओर से इसका लिखित में विरोध भी किया गया था।

पालिका ने दोबारा किया टेंडर

गढ़ रोड पर सिद्धार्थ पैलेस होटल के बराबर में नगर पालिका की कीमती जमीन है। इसकी कीमत करीब सवा सौ करोड़ रुपये है। इस जमीन पर कई भू-माफियाओं की दृष्टि लगी थी। ऐसे में 2021 में तत्कालीन चेयरमैन प्रफुल्ल सारस्वत व जिलाधिकारी मेघा रुपम ने सर्वसम्मति से इसको अटल गौरव पार्क के रूप में स्वीकृत कर दिया था। इस पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेई की प्रतिमा लगाने के साथ ही चार टेंडर स्वीकृत किए गए थे। इनमें एक टेंडर मुख्य द्वार के दाईं ओर ओपन जिम बनाने का था। बोर्ड बैठक ने इसको सर्वसम्मति से स्वीकृत कर दिया था। उसके बाद इसका टेंडर जारी कर दिया गया। पालिका के पास उस समय बजट कम होने के चलते निर्माण आरंभ नहीं हो सका था।

राजनीतिक पार्टी में इस टेंडर से मची खलबली

उसके बाद पालिका की सरकार बदली। भाजपा के प्रफुल्ल सारस्वत के स्थान पर बसपा की पुष्पा देवी चेयरपर्सन बनीं। पालिका का ज्यादातर कार्य उनके पति श्रीपाल सिंह देखते हैं। अब 20 जुलाई को हुई बोर्ड बैठक में अटल गौरव पार्क में जिस स्थान पर जिम का टेंडर हो चुका है, वहीं पर बाजार बनाने का प्रस्ताव पास करा लिया गया। इसका दिलचस्प पहलू यह है कि बाजार बनाने का प्रस्ताव पास होते समय भाजपा के विधायक विजयपाल आढ़ती और भाजपा के सभी 13 सभासद मौजूद थे। किसी ने इसके विरोध में आवाज नहीं उठाई। अब प्रस्ताव सार्वजनिक होने पर भाजपा में खलबली मची और इसका विरोध शुरू हुआ है।

नियमानुसार नहीं चल रही पालिका

भाजपा नेता व तत्कालीन चेयरमैन प्रफुल्ल सारस्वत ने बताया कि बोर्ड बैठक में कोई प्रस्ताव पहले रखा जाता है। फिर एक्पर्ट टीम उसका आंकलन व सर्वे करके रिपोर्ट प्रस्तुत करती है। अगली बोर्ड मीटिंग में उसको रखा जाता है। उसके बाद टेंडर की प्रक्रिया आरंभ करने से पहले एक बार फिर प्रस्ताव बोर्ड के सामने लाया जाता है। यदि टेंडर जारी नहीं किया जाता, तो भी बोर्ड को पहले पुराने प्रस्ताव को निरस्त कराना होता है। उसके बाद अगली बोर्ड मीटिंग में इसको रखा जा सकता है। पालिका के कुछ अधिकारियों की मनमानी से बोर्ड बैठक ही मजाक बनकर रह गई है। टेंडर हो जाने के बाद अब प्रस्ताव को रद्द करने का अधिकार बोर्ड के पास भी नहीं है।

जिला अध्यक्ष ने लगाए यह आरोप

भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश तोमर नें कहा की अटल गौरव पार्क में भाजपा कोटे से तत्कालीन चेयरमैन प्रफुल्ल सारस्वत यहां पर ओपन जिम का प्रस्ताव पास करा चुके हैं। बसपा चेयरपर्सन की यह जमीन को हथियाने का षड़यंत्र है। हम इसको कतई पास नहीं होने देंगे। इसके लिए किसी भी हद तक जाकर विरोध करेंगे।

क्या बोले नगरपालिका अध्यक्ष के पति

चेयरपर्सन पुष्पादेवी के पति श्रीपाल सिंह ने बताया कि हमको शहर का विकास करना है। हमारा उद्देश्य टकराव करना नहीं है। बाजार बनने से पालिका का आय बढ़ती और पार्क की देखरेख और अच्छे से हो पाती। हमको जानकारी ही नहीं थी कि यहां पर ओपन जिम का टेंडर स्वीकृत हो चुका है। फाइल निकलवाते हैं। पहले टेंडर हो चुका है तो हम अपना प्रस्ताव वापस ले लेंगे।

Sidheshwar Nath Pandey

Sidheshwar Nath Pandey

Content Writer

मेरा नाम सिद्धेश्वर नाथ पांडे है। मैंने इलाहाबाद विश्विद्यालय से मीडिया स्टडीज से स्नातक की पढ़ाई की है। फ्रीलांस राइटिंग में करीब एक साल के अनुभव के साथ अभी मैं NewsTrack में हिंदी कंटेंट राइटर के रूप में काम करता हूं। पत्रकारिता के अलावा किताबें पढ़ना और घूमना मेरी हॉबी हैं।

Next Story