×

Hapur News: जयंत चौधरी ने लोकसभा चुनाव में सीटों को लेकर दिया बड़ा बयान, गठबंधन पर कही ये बात

Hapur News: राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जन्मस्थली गांव नूरपुर पहुंचे। जहां उन्होंने किसान नेता चौधरी चरण सिंह प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

Avnish Pal
Report Avnish Pal
Published on: 17 Feb 2024 10:29 AM GMT
hapur news
X

हापुड़ पहुंचे रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी (न्यूजट्रैक)

Hapur News: राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जन्मस्थली गांव नूरपुर पहुंचे। जहां उन्होंने किसान नेता चौधरी चरण सिंह प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। वहीं, ग्रामीणों के साथ केंद्र सरकार द्वारा चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न दिए जाने के फैसले पर खुशी जाहिर की। इस दौरान गांव में जयंत चौधरी को देख ग्रामीण काफी प्रसन्न नजर आए। जयंत चौधरी ने गांव वालों से उनका हालचाल जाना। इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों के बीच साग और मक्का की रोटी भी खाई।

क्या बोले जयंत चौधरी?

दरअसल, हापुड़ के गांव नूरपुर में जयंत चौधरी ने किसान नेता की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद मीडिया के सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनावों में राष्ट्रीय लोकदल कितनी सीटों पर चुनाव लड़ने जा रही है। इसका जवाब वह तब देंगे, जब चुनाव की घड़ी आएगी। उन्होंने कहा कि अभी चुनाव घोषित नहीं हुए हैं। रालोद कितनी सीटों पर लड़ेगी, ये सारी बातें समय पर होंगी।

इंडिया गठबंधन के सवाल पर साधा मौन

वहीं इंडिया गठबंधन से अलग होने के सवाल पर रालोद प्रमुख ने कहा कि जब औपचारिक घोषणा हो जाएगी। तब वह इन सवालों का जवाब भी खुलकर देंगे और तब बताएंगे कि आखिर क्या कारण रहे और उनकी आगे की क्या सोच है। किसानों के आंदोलन के सवाल पर रालोद प्रमुख ने कहा कि किसानों की समस्याओं पर सुनवाई होनी चाहिए। रालोद किसानों के साथ है। किसानों के जो मुद्दे और समस्याएं हैं। उनका शीघ्र ही समाधान किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि किसान जितना संघर्ष करता है, जितनी मेहनत किसान करता है। शायद और कोई वर्ग इस देश में नहीं करता है। सरकार को देश के मुख्य धारा में जो बातचीत नीतियां बनती हैं, उनमें किसानों का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। इस दौरान गढ़ विधायक हरेंद्र तेवतिया, राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्पसंख्यक खालिद मसूद, राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी, रालोद युवा जिलाध्यक्ष अशोक त्यागी, आकिल खान, जितेन्द्र कुक्कू, वरिष्ठ नेता प्रो. अब्बास अली, अमित अरोड़ा सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story